App

पाकिस्तानी ड्रोन नेटवर्क का पर्दाफाश: पंजाब के रास्ते राजस्थान में सप्लाई हो रहा 3 करोड़ का 'चिट्टा' जब्त!

Hanumangarh News: हनुमानगढ़ में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी रांझू खां को गिरफ्तार किया. पुलिस ने विदेशी पिस्टल, तीन कारतूस और 80 हजार रुपए भी बरामद किए हैं. नशे की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई गई है.

पाकिस्तानी ड्रोन नेटवर्क का पर्दाफाश: पंजाब के रास्ते राजस्थान में सप्लाई हो रहा 3 करोड़ का 'चिट्टा' जब्त!
Image Credit: आरोपी रांझू खां गिरफ्तार.

Hanumangarh News: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कार सवार एक आरोपी को 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ रुपए है. आरोपी के कब्जे से चाइना मेड .30 बोर पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं.

कार रोककर तलाशी ली तो हुआ बड़ा खुलासा
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रांझू खां उर्फ रांझा पुत्र कादर खां, उम्र 30 वर्ष, निवासी उदयपुर गोदारान, थाना राजियासर, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है.

पुलिस टीम गश्त कर रही थी. इसी दौरान कार नंबर एचआर 26 एफएल 4749 को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलो 546 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, विदेशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और 80 हजार रुपए नकद बरामद हुए. पुलिस ने नशे की खेप, हथियार और नकदी को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब पहुंचने की बात
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क के संपर्क में था. पुलिस के अनुसार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से पंजाब पहुंचने वाले चिट्टे को आरोपी प्राप्त करता था. इसके बाद पंजाब के रास्ते राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में इसकी सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की सप्लाई की पूरी कड़ी की जांच कर रही है. साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशे की खेप कहां से लाई गई थी और राजस्थान में इसे किन इलाकों तक पहुंचाया जाना था.

आरोपी के खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों सहित कुल सात प्रकरण दर्ज बताए गए हैं. पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2014 से 2026 तक के मामले शामिल हैं. इनमें एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण शामिल हैं.

एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ मामला
बरामदगी के संबंध में हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में प्रकरण संख्या 636/2026 दर्ज किया गया है. मामले में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 3/25(1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. मामले का अग्रिम अनुसंधान पीलीबंगा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रायसिंह सुथार को सौंपा गया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस की कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य आईपीएस के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और वांछित नशा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है. यह कार्रवाई एएसपी अरविंद, डीएसपी सिटी मीनाक्षी और हनुमानगढ़ जंक्शन थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक रामचंद्र कसवां के निकटतम सुपरविजन में एसआई गजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में की गई.

पुलिस टीम में एसआई गजेंद्र शर्मा, एएसआई कालूराम, हेड कांस्टेबल योगेंद्र, कांस्टेबल जीतराम तथा कांस्टेबल पालाराम शामिल रहे. पुलिस के अनुसार कांस्टेबल जीतराम की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही. अब पुलिस नशे की खेप के स्रोत, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और राजस्थान में इसकी आगे की सप्लाई से जुड़ी कड़ियों का पता लगाने में जुटी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More