App

भजनलाल सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर जयपुर में होगा भव्य आयोजन: PM मोदी भी हो सकते हैं शामिल

राजस्थान में भजनलाल सरकार अपनी तीसरी वर्षगांठ की तैयारियों में जुट गई है. इस मौके पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और जयपुर में बड़ी रैली की तैयारी है. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है. इस दौरान सरकार तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखेगी.

भजनलाल सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर जयपुर में होगा भव्य आयोजन: PM मोदी भी हो सकते हैं शामिल
Image Credit: Bhajanlal Sharma Social Media

भजनलाल सरकार तीसरी वर्षगांठ की तैयारियों में जुट गई है. CM भजनलाल शर्मा ने मैराथन बैठक लेकर इस दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने सरकार के कार्यक्रमों में जनता की भागीदारी सुनश्चित करने का आव्हान किया.

तीन साल के कार्यकाल पूरा होने के मौके पर भजनलाल सरकार प्रदेश में कई बड़े आयोजन करेगी. जयपुर में सरकार बड़ी रैली आयोजित करेगी. संभावना है कि इसमें पीएम नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे. आज तैयारियों को लेकर सीएम ने विस्तार से चर्चा की. CM भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने युवा, महिला, किसान और गरीबों के कल्याण की दिशा में अनेकों योजनाओं की शुरुआत की है. पिछले तीन साल में लाखों लोगों का जीवन बदला है. विकास से हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है.

विकास की रफ्तार और बढ़ाने के मकसद से सरकार हर संभव कदम उठा रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित राजस्थान के विजन के अनुरूप कार्य किया जाएगा. राज्य सरकार अपनी तीसरी वर्षगांठ के मौके पर जयपुर में भव्य आयोजन कर जनता के सामने अपनी विकास यात्रा की तस्वीर साझा करेगी.

राजस्थान 30 योजनाओं में अग्रणी राज्य बना हुआ है- CM भजनलाल

CM भजनलाल ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, पर्यावरण, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य सरकार ने गत तीन वर्षों में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं. मुख्यमंत्री विकसित ग्राम शहरी वार्ड अभियान के माध्यम से वर्ष 2047 तक गांव और शहरों के समग्र विकास का ब्लूप्रिंट तैयार किया है. राजस्थान आज देश में 30 योजनाओं में अग्रणी राज्य बना हुआ है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सरकार की तीन साल की सभी उपलब्धियों को दर्शाते हुए विकास की तेज गति और नीतियों को आमजन तक अधिक से अधिक पहुंचाने की रूपरेखा तैयार की जाए.

महाराणा प्रताप, महाराजा सूरजमल, मां अमृता देवी और मीराबाई जैसी विभूतियों के इतिहास से युवाओं को रूबरू कराते हुए प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवीन तकनीकों का समावेश कर युवाओं के लिए रोचक गतिविधियों का आयोजन किया जाए. आगंतुकों को राजस्थान में हो रहे बदलाव और भविष्य की झलक दिखाई जाए.

विभिन्न जिलों में वर्षगांठ से संबंधित गतिविधियों की कार्ययोजना बनाने की तैयारी

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ये भी निर्देश दिए कि सभी विभाग बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय पर सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाया जा सके. विभिन्न जिलों में भी वर्षगांठ से संबंधित गतिविधियों की कार्ययोजना बनाएं. साथ ही आगंतुकों के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं.

उन्होंने मुख्य सचिव को कार्यक्रम की तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए भी निर्देश दिए. जाहिर है सरकार बढे़ हुए मनोबल के साथ चौथे साल में प्रवेश करना चाहती है. सरकार तीसरी वर्षगांठ ऐसे वक्त मनाएगी जब पंचायतों के चुनाव संपन्न हो चुके होंगे और नये जिला प्रमुख और प्रधान शपथ लेकर सरकार के विजन को धरातल पर उतारने का संकल्प पूरा करने की दिशा में काम में जुटते दिखाई देंगे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Babulal Dhayal

Babulal Dhayal

बाबूलाल धायल ज़ी राजस्थान में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं. पिछले 25 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और सीएमओ और मुख्यमंत्री से जुड़े विभागों की खबरें प्रमुखता से कवर करते हैं. पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में उनकी मजबूत पहचान है और वे बीजेपी - कांग्रेस दोनों से जुड़ी खबरों को कवर करते रहे हैं. विधानसभा, सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों और ग्रामीण विषयों पर उनकी पकड़ खास मानी जाती है. बाबूलाल धायल,  राजस्थान पत्रिका, ईटीवी और न्यूज़18 जैसे संस्थानों में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More