बीकानेर में डोटासरा-जूली ने BJP को घेरा: चुनाव आयोग पर सवाल, विश्वेंद्र सिंह पर भी खुलकर बोले
Rajasthan Politics: बीकाने में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम में PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली शामिल हुए. इस दौरान डोटासरा ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए, जबकि जूली ने कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाया.
Rajasthan Politics: राजस्थान के बीकानेर में आज कांग्रेस के दो बड़े नेताओं का जमावड़ा रहा. PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सांसद स्वर्गीय रामेश्वर डूडी की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए. श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में दोनों नेताओं ने राजस्थान की सियासत से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. पंचायत चुनाव से लेकर विश्वेंद्र सिंह प्रकरण, चुनाव आयोग और हालिया निकाय चुनावों तक... दोनों नेताओं के बयानों से सियासी मुद्दे गरमाते नजर आए.
डोटासरा ने सरकार पर खड़े किए सवाल
पंचायत चुनाव से पहले डोटासरा ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में सरकार के कामकाज को लेकर किसान, युवा और आम आदमी में नाराजगी है. डोटासरा ने नकली बीज, बेरोजगारी, बिजली-पानी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए, उनका आरोप था कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई योजनाओं और बनाए गए जिलों-संभागों को बीजेपी सरकार ने 'गुड़ गोबर' कर दिया.
पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह को लेकर बोले डोटासरा
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव में सभी को साथ लेकर मैदान में उतरेगी और पंचायत राज संस्थाओं में कांग्रेस का झंडा फहराने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी. इसके बाद सबसे बड़ा सवाल पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह को लेकर रहा. डोटासरा ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आई बातों के बाद कांग्रेस के जिला नेतृत्व से रिपोर्ट मांगी गई थी और मामला अनुशासन समिति को भेजा गया. समिति ने विश्वेंद्र सिंह को नोटिस देकर जवाब मांगा था. डोटासरा के मुताबिक, जो तथ्य सामने आएंगे, उनके गुण-दोष के आधार पर निर्णय होगा. गोविंद सिंह डोटासरा ने विश्वेंद्र सिंह को वरिष्ठ और सम्माननीय नेता बताते हुए कहा कि उनका व्यक्तिगत झगड़ा नहीं है और उन्होंने विश्वेंद्र सिंह के साथ मंत्री के तौर पर काम किया है.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखी टिप्पणी
चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी डोटासरा ने तीखी टिप्पणी की. डोटासरा ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों का जिक्र करते हुए चुनाव आयोग पर निशाना साधा और बेहद तीखी भाषा का इस्तेमाल किया. डोटासरा ने कहा कि आयुक्त चोर है, क्या कहलवाना है मुझसे, क्या कर लेंगे, मेरे मामाओं को भेज चुके, वापस चले गए... दुबारा आ जाओ, क्या फर्क पड़ता है.
कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद करने का आरोप
वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. जूली ने कहा कि सरकार को जनता ने मौका दिया है और उसे अच्छे कर्म करने चाहिए. उन्होंने कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाते हुए गरीब बच्चों की शिक्षा और महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूलों का मुद्दा उठाया. जूली ने हालिया निकाय चुनावों की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. कांग्रेस पहले ही राज्य निर्वाचन आयोग के सामने पुलिस-प्रशासन के कथित दबाव, नामांकन और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर शिकायतें रख चुकी है.
कांग्रेस समर्थित पार्षदों पर दबाव बनाने के प्रयास हुए- जूली
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि निकाय चुनावों के दौरान कांग्रेस समर्थित पार्षदों पर दबाव बनाने और चुनाव के बाद भी उन्हें प्रभावित करने के प्रयास हुए. उन्होंने पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के कथित इस्तेमाल के आरोप लगाए. कांग्रेस ने निकाय चुनावों में सामने आई शिकायतों और पार्टी के भीतर अनुशासन से जुड़े मामलों की जांच के लिए समितियां भी गठित की हैं. बीकानेर समेत प्रदेश के अलग-अलग निकायों में क्रॉस-वोटिंग और बगावत के मामलों की जांच का मुद्दा भी पार्टी के भीतर उठा है.