)
Jaipur News: राजस्थान कांग्रेस में निकाय चुनाव की गड़बड़ियों और अनुशासनहीनता को लेकर पार्टी के भीतर मंथन जारी है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि इन मामलों की जांच के लिए गठित समितियां अपने स्तर पर सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं. समितियों की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा. वहीं, पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह के मामले में भी उन्होंने रिपोर्ट से पहले कुछ कहने से इनकार किया.
निकाय चुनाव की गड़बड़ियों की जांच कर रही समितियां
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि निकाय चुनाव में सामने आई गड़बड़ियों और अनुशासनहीनता से जुड़े सभी मुद्दे संबंधित समितियों के सामने रखे जा रहे हैं. समितियां हर पहलू पर विचार कर रही हैं. उनके मंथन के बाद प्रमुख बिंदु सामने आएंगे और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
निकाय चुनाव में गड़बड़ियों को लेकर डोटासरा ने भाजपा पर भी निशाना साधा. उन्होंने भाजपा को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, "भाजपा पार्टी पार्षद चोर पार्टी है." यह बयान उन्होंने निकाय चुनाव से जुड़े विवाद के संदर्भ में दिया.
विश्वेंद्र सिंह के मामले में रिपोर्ट का इंतजार
पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह की ओर से कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए जाने के बाद उनके मामले को लेकर भी चर्चा तेज है. इस पर डोटासरा ने कहा कि विश्वेंद्र सिंह से उनका सीधे तौर पर कोई संवाद नहीं हुआ है. अनुशासन समिति ने उनसे संवाद किया है और समिति अपने स्तर पर इस मामले को देख रही है.
डोटासरा के मुताबिक, पार्टी में किसी व्यक्ति को शामिल करने या बाहर करने का फैसला अनुशासन समिति की सिफारिश के आधार पर होता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वेंद्र सिंह के मामले में समिति की रिपोर्ट आने से पहले कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.
गौरतलब है कि विश्वेंद्र सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस की स्थिति पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि राजस्थान में पार्टी राम भरोसे हो गई है. साथ ही, उन्होंने प्रदेश नेतृत्व को अहम और वहम की राजनीति से बाहर निकलने की नसीहत देते हुए जनाधार खत्म होने की चेतावनी दी थी.
पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारी तेज
राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. डोटासरा ने बताया कि पंचायत चुनाव प्रचार समिति की शुरुआती सूची जारी कर दी गई है. आगे इसमें और नाम जोड़े जाने के संकेत हैं.
उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता जल्द ही प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर जमीनी स्तर पर प्रचार करेंगे. क्षेत्र की जरूरत के हिसाब से नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी. पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रभारियों की सूची भी जारी की जानी है. हर जिले में प्रभारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
दिल्ली के प्रदर्शन पर भी बोले डोटासरा
दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन को लेकर डोटासरा ने कहा कि यह देश का सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है. उनके अनुसार, राजस्थान से भी बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं. जरूरत पड़ने पर वह खुद भी वहां जाएंगे. फिलहाल, कांग्रेस में निकाय चुनाव की जांच, विश्वेंद्र सिंह के मामले और पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर गतिविधियां जारी हैं. समितियों की रिपोर्ट और पार्टी के आगामी फैसलों पर अब सबकी नजर रहेगी.
प्रदेश कांग्रेस वॉर रूम में जांच समिति की बैठक के दौरान हंगामा
प्रदेश कांग्रेस वॉर रूम में जांच समिति के संयोजक सीपी जोशी से मिलने के लिए पाली के पार्षद पहुंचे. पार्षद सीपी जोशी से बातचीत करना चाहते थे. बैठक के बाद जब सीपी जोशी बाहर निकले, तो पार्षदों ने उनसे बात करने का आग्रह किया. इस पर सीपी जोशी ने उनसे कहा कि आप प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस के पदाधिकारियों से बात कीजिए. इसके बाद पाली से आए पार्षदों ने हंगामा करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी. दरअसल, पाली मेयर चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई थी, जिसके चलते पार्षदों पर कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है. आज जांच समिति ने पाली, भीलवाड़ा और भरतपुर के पदाधिकारियों को बुलाकर पूरे मामले पर फीडबैक लिया था.