जयपुर में कल मनेगी गोवर्धन पूजा, कहीं 801 व्यंजनों का भोग तो कहीं बनेगा विशाल गोवर्धन पर्वत, गोविंददेवजी को पहनाएंगे सुनहरी जामा पोशाक
जयपुर में गोवर्धन पूजा पर मंदिरों में अन्नकूट की विशेष झांकियां सजेंगी. अक्षरधाम मंदिर में 801 व्यंजनों का भोग लगेगा, वहीं गोविंददेवजी को सुनहरी जामा पोशाक पहनाई जाएगी. गुप्त वृंदावन धाम में यूपी की मिट्टी से विशाल गोवर्धन पर्वत बनेगा.
दीपावली के बाद मंगलवार को जयपुर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की धूम रहेगी. शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान के विशेष श्रृंगार के साथ अन्नकूट की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी. कहीं 801 तरह के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा, तो कहीं उत्तर प्रदेश के गोवर्धन से मंगाई गई मिट्टी से विशाल गोवर्धन पर्वत तैयार होगा. इस बार अन्नकूट की झांकियों में राजस्थान के पारंपरिक बाजरा, मूंग और मोठ के पकवानों के साथ पिज्जा, बर्गर और मोमोज जैसे व्यंजन भी शामिल होंगे.
ज्योतिषाचार्य पुरुषोत्तम गौड़ के अनुसार, गोवर्धन पूजा पर नवीन अन्न से भगवान को भोग लगाने की परंपरा है. इस दिन घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा की जाती है. गाय और बछड़ों का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है.
गोविंददेवजी को पहनाई जाएगी सुनहरी जामा पोशाक जयपुर के आराध्यदेव गोविंददेवजी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव पर ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा. उन्हें प्राचीन सुनहरी जामा पोशाक धारण कराकर विशेष अलंकारों से सजाया जाएगा. दोपहर में अन्नकूट की विशेष झांकी के दर्शन होंगे और भगवान को विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा.
मंदिर के पश्चिम द्वार पर गोवर्धन पूजा के साथ गाय के बछड़े का पूजन भी होगा. श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन कर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे.
मोतीडूंगरी गणेशजी को लगेंगे खास पकवानों के भोग प्रथम पूज्य मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में अन्नकूट उत्सव मनाया जाएगा. गणेशजी को नवीन पोशाक पहनाकर आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा. उन्हें मीठे और नमकीन पकवानों सहित कई तरह के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा.
इस बार भोग में मौसम के बदलाव की झलक भी दिखाई देगी. बाजरा, मूंग और मोठ से तैयार गर्म तासीर वाले व्यंजनों को खास जगह दी जाएगी. मंदिरों में भोग के बाद श्रद्धालुओं के लिए पंगत प्रसादी की व्यवस्था भी होगी.
अक्षरधाम मंदिर में 801 व्यंजनों की झांकी वैशाली नगर के चित्रकूट स्थित स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में अन्नकूट उत्सव का खास आकर्षण 801 व्यंजनों की झांकी होगी. इसमें देश के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक पकवानों के साथ विदेशी व्यंजन भी शामिल होंगे. राजस्थानी, गुजराती, उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय पकवानों के अलावा चाइनीज, मलेशियाई और थाई खानपान सहित 20 देशों के व्यंजनों की झलक दिखाई देगी. इडली-डोसा के साथ पिज्जा, बर्गर और मोमोज का भी भोग लगाया जाएगा.
यूपी की मिट्टी से बनेगा विशाल गोवर्धन पर्वत जगतपुरा महल रोड स्थित गुप्त वृंदावन धाम में गोवर्धन पूजा के लिए विशेष तैयारी की गई है. यहां उत्तर प्रदेश के गोवर्धन से मिट्टी मंगाई गई है. इसी मिट्टी से विशाल गोवर्धन पर्वत का स्वरूप तैयार किया जाएगा. पर्वत पर गाय, ग्वाल-बाल और पेड़-पौधों की आकृतियां बनाई जाएंगी. इससे श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का सजीव दृश्य देखने को मिलेगा.
गोवर्धन पूजा पर कोटा में दिखा पशुपालकों का उत्साह, सदियों पुरानी ‘खेकरा’ परंपरा को निभाया दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा यानी पड़वा पर कोटा के धर्मपुरा इलाके में ग्रामीण संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली. यहां पशुपालकों ने वर्षों पुरानी ‘खेकरा’ खेल परंपरा निभाई. विधिवत पूजा-अर्चना के साथ आयोजन की शुरुआत हुई. इसमें बड़ी संख्या में पशुपालकों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया. वहीं, इस पारंपरिक खेल को देखने के लिए भी लोगों की भीड़ जुटी.
खेल के जरिए परखी पशुओं की ताकत और फुर्ती खेकरा खेल सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए पशुओं की ताकत, फुर्ती और तंदुरुस्ती भी परखी जाती है. इस परंपरा में पाड़े के चमड़े को लकड़ी पर बांधकर मैदान में रखा जाता है. चमड़े की गंध पाकर पशु उसकी तरफ तेजी से दौड़ते हैं और उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश करते हैं. इस दौरान पशुओं की ताकत और फुर्ती देखने को मिलती है. पशुपालक भी पशुओं को नियंत्रित करने के लिए उनके पीछे दौड़ते हैं. हालांकि, इस खेल में कई बार चोटिल होने का खतरा भी रहता है.
पशुधन के प्रति लगाव से जुड़ी है परंपरा पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रवि गुर्जर पोसवाल के अनुसार, पुराने समय में गाय-भैंस ग्रामीण परिवारों की आर्थिक संपत्ति हुआ करती थीं. दूध, दही, घी और खेती के काम में पशुधन की अहम भूमिका थी. ऐसे में पशुओं और उनके बछड़ों की सुरक्षा को विशेष महत्व दिया जाता था. इसी ग्रामीण जीवन से खेकरा खेल की परंपरा विकसित हुई.
बुजुर्गों ने गाया पारंपरिक गोठ आयोजन के दौरान बुजुर्गों ने पारंपरिक गोठ भी गाया. आधुनिकता के दौर में खेकरा खेल का आयोजन ग्रामीण संस्कृति और सामूहिक सहभागिता को जीवित रखने का प्रयास है. यह परंपरा पशुपालकों के अपने पशुधन के प्रति लगाव और ग्रामीण जीवन में पशुओं के महत्व को भी दर्शाती है.