)
Jaipur SBI Loan Fraud: राजस्थान की राजधानी जयपुर में फर्जी नौकरी और वेतन से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर बैंक से लाखों रुपए का लोन लेने का मामला सामने आया है. सांगानेर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नगर निगम रोड शाखा से तीन अलग-अलग लोगों पर कुल 34 लाख 50 हजार रुपए का लोन लेने का आरोप है. बैंक प्रबंधन की शिकायत पर कोर्ट में पेश इस्तगासों के आधार पर मालपुरा गेट थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग FIR दर्ज की हैं. खास बात यह है कि इसी बैंक शाखा में पहले भी फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोन लेने के मामले सामने आ चुके हैं.
फर्जी सैलरी स्लिप दिखाकर तीन लोगों ने लिया लाखों का लोन
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, SBI के तत्कालीन शाखा प्रबंधक नवनीत निगम की ओर से कोर्ट में पेश इस्तगासों में तीन लोगों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन लेने के आरोप लगाए गए हैं. पहला मामला कोमल डाबोड़िया से जुड़ा है. आरोप है कि कोमल ने फर्जी वेतन प्राप्ति विवरण, सैलरी स्लिप और नियुक्ति संबंधी दस्तावेज पेश कर बैंक से 10 लाख 50 हजार रुपए का लोन लिया.
इस मामले में मालपुरा गेट थाने में FIR संख्या 474/2026 दर्ज हुई है. दूसरा मामला अजय वाल्मीकि का है. अजय पर भी इसी तरह के दस्तावेजों के आधार पर 11 लाख 50 हजार रुपए का लोन लेने का आरोप है. पुलिस ने FIR संख्या 475/2026 दर्ज की है. वहीं, तीसरे मामले में धर्मराज मीणा पर फर्जी वेतन विवरण और नियुक्ति दस्तावेजों के जरिए 12 लाख 50 हजार रुपए का लोन लेने का आरोप है. इस संबंध में FIR संख्या 476/2026 दर्ज की गई है.
34.50 लाख के लोन का मामला, BNS की इन धाराओं में केस
तीनों मामलों में कुल 34 लाख 50 हजार रुपए के लोन का मामला सामने आया है. बैंक प्रबंधन की ओर से पेश इस्तगासों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 339 और 340(2) के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं.
पहले भी इसी शाखा में सामने आ चुके हैं मामले
यह पहली बार नहीं है जब SBI की इस शाखा से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन लेने का मामला सामने आया हो. इससे पहले जेडीए कॉलोनी पालड़ी मीणा निवासी रोहिताश सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ भी FIR दर्ज हो चुकी है. आरोप है कि इन लोगों ने लोन के लिए आवेदन किया था. बैंक ने दस्तावेज सही मानकर लोन स्वीकृत कर दिया, लेकिन औचक निरीक्षण में दस्तावेज जाली पाए गए. इसके बाद तत्कालीन शाखा प्रबंधक नवनीत निगम ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
फर्जी दस्तावेज कहां बने, क्या कोई और भी शामिल?
अब पुलिस के सामने यह पता लगाने का सवाल है कि फर्जी वेतन पर्चियां, सैलरी स्टेटमेंट और नियुक्ति संबंधी दस्तावेज कहां तैयार किए गए थे. इसके अलावा जांच में यह भी देखा जाएगा कि इन मामलों में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही. पुलिस लोन प्रक्रिया और दस्तावेजों की सत्यता से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी. एक ही बैंक शाखा में बार-बार ऐसे मामले सामने आने से दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल तीनों नए मामलों में आरोपों की जांच की जानी है.