App

धौलपुर को 'हब' बनाकर यूपी तक फैला नकली दूध का नेक्सस, 4 हजार लीटर मिलावटी दूध जब्त

Dholpur Fake Milk: धौलपुर में पुलिस ने नकली दूध तैयार करने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. जायद ढाबे के पीछे चल रही फैक्ट्री से करीब 4 हजार लीटर तैयार दूध, 40 कट्टे स्किम्ड मिल्क पाउडर और 100 पीपे पॉम ऑयल बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक यहां पाउडर, पॉम ऑयल और केमिकल के इस्तेमाल से दूध तैयार किया जा रहा था और रोजाना टैंकरों के जरिए इसकी सप्लाई की जा रही थी.

धौलपुर को 'हब' बनाकर यूपी तक फैला नकली दूध का नेक्सस, 4 हजार लीटर मिलावटी दूध जब्त
Image Credit: Dholpur Fake Milk

Fake Milk Nexus: धौलपुर में नकली दूध के कारोबार के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. कोतवाली पुलिस ने जायद ढाबे के पीछे कॉलोनी में चल रही एक फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 4 हजार लीटर तैयार मिलावटी दूध जब्त किया है. पुलिस को मौके से 40 कट्टे स्किम्ड मिल्क पाउडर और 100 पीपे पॉम ऑयल भी मिले हैं. कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे तीन कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि फैक्ट्री का मुख्य संचालक और मकान मालिक भागीरथ गुर्जर मौके से फरार हो गया. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसकी सप्लाई चेन की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक एसपी विकास सांगवान को सूचना मिली थी कि जायद ढाबे के पीछे एक घर में केमिकल के जरिए नकली दूध तैयार कर उसकी सप्लाई की जा रही है. सूचना के आधार पर कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी. घर के अंदर दूध तैयार करने का पूरा सेटअप मिला. यहां दूध बनाने वाली मशीनें, पाउडर घोलने के टैंक और पैकिंग से जुड़े उपकरण भी मौजूद थे.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि फैक्ट्री में स्किम्ड मिल्क पाउडर और पॉम ऑयल को केमिकल के साथ मिलाकर दूध तैयार किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार त्योहारों के सीजन को देखते हुए उत्पादन बढ़ाया गया था. मौके से बड़ी मात्रा में तैयार दूध और कच्चा माल मिलने के बाद अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह दूध कहां-कहां सप्लाई किया जाता था.

पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री से रोजाना टैंकरों के जरिए दूध भेजे जाने की जानकारी सामने आई है. धौलपुर के साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों तक भी इसकी सप्लाई होने की आशंका जताई जा रही है. इसी वजह से पुलिस इस कार्रवाई को सिर्फ एक फैक्ट्री तक सीमित नहीं मान रही और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही है.

कार्रवाई के दौरान मुख्य संचालक भागीरथ गुर्जर पुलिस को देखकर भाग निकला. पुलिस के अनुसार फरार होते समय उसने पुलिस टीम को धमकी भी दी. अब पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के साथ उसकी तलाश कर रही है.

इधर, सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा की मौजूदगी में अलग-अलग जार और टैंकरों में रखे दूध के सैंपल लिए गए. मिल्क पाउडर और पॉम ऑयल के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दूध में किस तरह के केमिकल का इस्तेमाल किया गया था. फिलहाल पुलिस तीन कर्मचारियों से पूछताछ और फरार मुख्य आरोपी की तलाश के जरिए धौलपुर से यूपी तक फैले संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More