पिता से सुबह जल्दी उठने की बात कहकर सोए थे संतोष मीणा: सुबह घर के नीचे मिला शव, दिल्ली में थे डिप्टी डायरेक्टर
अलवर के धाबाई जी का बास में दिल्ली के ESIC अस्पताल में तैनात डिप्टी डायरेक्टर संतोष मीणा का शव घर के नीचे मिला. 40 वर्षीय अधिकारी छुट्टी पर घर आए थे. परिजनों ने सीढ़ियों से गिरने की आशंका जताई है. मौत का कारण स्पष्ट नहीं है.
अलवर जिले के अखेपुरा थाना क्षेत्र के धाबाई जी का बास में दिल्ली के ESIC अस्पताल में कार्यरत डिप्टी डायरेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. 40 वर्षीय संतोष मीणा का शव रविवार सुबह उनके घर के नीचे पड़ा मिला. शुरुआती जानकारी में परिजनों ने सीढ़ियों से गिरने की आशंका जताई है. हालांकि, उनकी मौत कैसे हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है.
छुट्टी पर अलवर आए हुए थे संतोष मीणा
जानकारी के अनुसार, धाबाई जी का बास निवासी संतोष मीणा दिल्ली स्थित ESIC अस्पताल में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे. शनिवार और रविवार को छुट्टी होने के कारण वे अलवर स्थित अपने घर आए हुए थे. शनिवार रात को उन्होंने अपने पिता गुलाबचंद से सुबह जल्दी उठने की बात कही थी. इसके बाद वे सोने चले गए.
रविवार सुबह घर के नीचे मिला शव
रविवार सुबह संतोष मीणा का शव उनके घर के नीचे पड़ा मिला. उन्हें इस हालत में देखकर परिवार में हड़कंप मच गया. अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार ने सीढ़ियों से गिरने की आशंका जताई है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संतोष मीणा घर के नीचे किन परिस्थितियों में पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई.
संतोष मीणा अपने पीछे एक बेटा छोड़ गए हैं, जो अभी पढ़ाई कर रहा है. उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद परिजन सदमे में हैं.
मौत की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल संतोष मीणा की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. परिजनों के बयान सामने आए हैं, लेकिन मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. सीढ़ियों से गिरने की आशंका के बीच इस घटना से जुड़े सवालों के जवाब अभी सामने आने बाकी हैं.
अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.