)
दीपावली के अगले दिन अमावस्या पर बरमान स्थित नर्मदा घाट पर स्नान के लिए सागर से जा रहे श्रद्धालुओं से भरी अर्टिगा कार एक कंटेनर से टकरा गई. इस भीषण हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि अर्टिगा कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इन सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है. हादसे में मृत और घायल सभी सागर और आस पास गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी घायलों का इलाज देवरी के स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है.
इस घटना के बाद दूसरा एक्सीडेंट भी इसी घटना की वजह से हुआ है. दरअसल, एक्सीडेंट के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई तभी एक्सीडेंट की घटना देखने के लिए रुके बाइक सवार तीन लोगों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. जिससे तीनों लोग घायल हो गये. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद सागर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही देवरी थाने की पुलिस और एसडीएम मुनव्वर खान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. जहां घायल और मृतकों का हालचाल जाना. वहीं SDM मुनव्वर खान ने बताया कि देवरी स्थित स्वास्थ्य केंद्र में जिन घायलों का उपचार किया जा रहा था. उन सभी को भी सागर बीएमसी में रेफर कर दिया गया है.
इससे पहले दीपावली के मौके पर प्रदेश के दो जिलों में भीषण हादसों की घटना सामने आई है. बात करें कटनी जिले की तो बरही कस्बे में दिवाली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्रॉकरी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते 3 मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लया. हादसे में परिवार में दो माह के मासूम समेत 6 की मौत हो गई. रातभर चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह दीवार तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया.
ये भी पढ़ेंः दीपक की रोशनी में बुझ गए चिराग: दिवाली पर 2 भीषण अग्निकांडों से दहल उठा MP, कटनी-सिवनी में मासूम बच्चों समेत 12 जिंदगियां खाक
वहीं दूसरा हादसा सिवनी जिले के छपारा में हुआ, जहां महावीर वार्ड में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि अंदर मौजूद लोगों को भागने का मौका तक नहं मिला. इस हादसे में 4 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत 6 लोगों की जिंदा चलकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घटना के समय मकान में 10 लोग मौजूद थे, जिनमें से 4 लोगों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया.