घर-घर कचरा गाड़ी फिर भी सड़कों पर गंदगी: अब CCTV खोलेंगे लापरवाही करने वालों की पोल
Dungarpur News: डूंगरपुर नगर परिषद ने खुले में कचरा फेंकने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी की है. पहले चरण में 10 हॉटस्पॉट पर CCTV कैमरों से निगरानी होगी. नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगेगा और नागरिक मोबाइल नंबर 95714 85842 पर फोटो भेजकर शिकायत कर सकेंगे.
Dungarpur News: स्वच्छता के लिए नवाचारों की राह पर चल रही डूंगरपुर नगर परिषद ने अब शहर को गंदा करने वालों पर डिजिटल पहरा लगाने की तैयारी कर ली है. घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की अब खैर नहीं होगी. रात के अंधेरे में कचरा डालकर निकलने वालों की पहचान सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से की जाएगी. इसके आधार पर संबंधित लोगों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा.
डूंगरपुर नगरपरिषद की सभापति सुशीला गुप्ता की पहल पर परिषद ने पहले चरण में शहर के 10 हॉटस्पॉट पर पोर्टेबल और मूवेबल कैमरों से निगरानी शुरू कर दी है. नियम तोड़ने वालों के फोटो सार्वजनिक करने की तैयारी भी की जा रही है.
10 हॉटस्पॉट पर डिजिटल पहरा, नियम तोड़ा तो लगेगा जुर्माना
शहर में खुले में कचरा डालने की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए नगर परिषद ने निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया है. ऐसे स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है, जहां बार-बार कचरा फेंकने की शिकायतें मिलती हैं. इन स्थानों पर कैमरों के जरिए निगरानी कर कचरा डालने वालों की पहचान की जाएगी.
सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वालों से नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा. बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. परिषद का मानना है कि डिजिटल निगरानी से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
घर-घर गाड़ी पहुंचने पर भी सड़कें क्यों हो रही गंदी?
सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि जब हर घर तक कचरा संग्रहण की गाड़ी पहुंच रही है, तो सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने का कोई औचित्य नहीं है. कुछ लोगों की लापरवाही से पूरे शहर की छवि खराब होती है. परिषद का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में बदलाव लाकर शहर को स्वच्छ बनाए रखना भी है.
कचरा फेंकने वालों का फोटो भेजें, सूचना देने वाले का नाम रहेगा गोपनीय
नगर परिषद ने स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल भी की है. यदि कोई व्यक्ति खुले में कचरा फेंकता दिखाई दे, तो आमजन के लिए एक नंबर भी जारी किया है. जिसमें कचरा डालने वाले का फोटो मोबाइल नंबर 95714 85842 पर भेज सकते हैं. परिषद के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा. अभियान में सहयोग करने वाले नागरिकों को सम्मानित करने की भी तैयारी है.
स्वच्छता के प्रदेश ब्रांड एम्बेसडर ने की पहल की सराहना
नगर परिषद की डिजिटल निगरानी पहल को स्वच्छता के प्रदेश ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता ने सराहनीय बताया. उन्होंने कहा कि कैमरों के जरिए निगरानी से खुले में कचरा डालने वालों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. डूंगरपुर पहले भी स्वच्छता के क्षेत्र में कई नवाचार कर अपनी पहचान बना चुका है.उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है. यदि लोग अपनी जिम्मेदारी समझें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने से बचें, तो डूंगरपुर को और स्वच्छ बनाया जा सकता है.
डूंगरपुर नगर परिषद की डिजिटल निगरानी पहल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है. अब देखना होगा कि कैमरों की निगरानी, जुर्माने की कार्रवाई और आमजन की भागीदारी से खुले में कचरा फेंकने की समस्या पर कितना अंकुश लग पाता है. यदि यह पहल प्रभावी साबित होती है, तो डूंगरपुर स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर नई मिसाल कायम कर सकता है.