डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव: वोटिंग खत्म होते ही बाड़ेबंदी, बसों में बैठाकर जिले से बाहर भेजे गए प्रत्याशी
Dungarpur News: डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव में मतदान खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी. कांग्रेस के 38 और भाजपा के 40 प्रत्याशियों को बसों से जिले से बाहर भेजा गया. मतगणना 14 सितंबर को होगी.
Dungarpur News: डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव में मतदान खत्म होते ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में भेज दिया. दोनों दलों के प्रत्याशी बसों से जिले से बाहर रवाना हुए. जानकारी के अनुसार कांग्रेस के 38 प्रत्याशियों को उदयपुर और भाजपा के प्रत्याशियों को माउंट आबू के पास किसी रिसॉर्ट में ठहराए जाने की सूचना है.
मतदान खत्म होते ही प्रत्याशी हुए रवाना
बुधवार शाम 6 बजे मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ईवीएम मशीनों को सील कर रवाना किया गया. इसके तुरंत बाद दोनों पार्टियों के प्रत्याशी भी अपने-अपने बैग लेकर तय स्थानों पर पहुंचने लगे. दोनों दलों ने प्रत्याशियों को पहले ही मतदान के बाद बाड़ेबंदी में जाने के लिए तैयार रहने के निर्देश दे दिए थे. इसके चलते कई प्रत्याशियों ने एक दिन पहले ही कपड़े और जरूरी सामान बैग में पैक कर लिया था.
कांग्रेस के प्रत्याशी पार्टी के चुनाव कार्यालय के पास एकत्र हुए. वहीं भाजपा के सभी प्रत्याशी देर रात तिज़वड़ स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे. इसके बाद दोनों दलों के प्रत्याशियों को बसों में बैठाकर डूंगरपुर से बाहर ले जाया गया.
कांग्रेस के 38 और भाजपा के 40 प्रत्याशी बाड़ेबंदी में
डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के 38 प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में रखा गया है. वहीं भाजपा के कुल 40 प्रत्याशी बाड़ेबंदी में हैं. इनमें दो निर्विरोध चुने गए प्रत्याशी भी शामिल हैं. मतदान के बाद प्रत्याशियों को अलग-अलग स्थानों पर रखने की व्यवस्था की गई है.
सूचना के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशियों को उदयपुर के एक रिसॉर्ट में ठहराया गया है. दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशियों को माउंट आबू के आसपास किसी रिसॉर्ट में रखने की जानकारी सामने आई है.
प्रत्याशियों ने सोशल मीडिया पर जताया आभार
बाड़ेबंदी के लिए रवाना होने से पहले कई प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्ड के लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट भी साझा की. इसके बाद सभी प्रत्याशी बसों के जरिए जिले से बाहर चले गए.
14 सितंबर को होगी मतगणना
डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को होगी. इसके बाद सभापति के चुनाव 21 सितंबर को और उपसभापति के चुनाव 22 सितंबर को कराए जाएंगे. ऐसे में मतदान के बाद दोनों प्रमुख दलों ने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाड़ेबंदी शुरू कर दी है.