App

ढाबे पर शराब पार्टी और पुलिस का छापा... रामसिंह निकला 25 हजार का इनामी MD तस्कर प्रकाश आंजना

Bhilwara News: भीलवाड़ा के बिजौलिया में पकड़ी गई 36 किलो 550 ग्राम MD फैक्ट्री के मामले में तीन महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रकाश आंजना को ANTF ने मंदसौर से गिरफ्तार किया है.

ढाबे पर शराब पार्टी और पुलिस का छापा... रामसिंह निकला 25 हजार का इनामी MD तस्कर प्रकाश आंजना
Image Credit: drug smuggler Prakash Anjana arrested

Bhilwara News: मोटी कमाई का लालच, MD फैक्ट्री में एंट्री... फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ तो फरारी और तीन महीने बाद ढाबे पर शराब पार्टी करते हुए गिरफ्तारी. यह कहानी भीलवाड़ा की MD फैक्ट्री के मामले में फरार 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी प्रकाश आंजना की है. ANTF ने आंजना को मंदसौर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के वक्त आरोपी ने अपना नाम बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन टीम की तैयारी के आगे उसकी चाल नहीं चली.

एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ANTF) नशे के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसती जा रही है. ANTF ने ऑपरेशन नाम्नाविलोम के तहत तीन महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी प्रकाश आंजना को मंदसौर से गिरफ्तार किया है. प्रकाश भीलवाड़ा के बिजौलिया में पकड़ी गई MD फैक्ट्री के मामले में वांछित था.

36 किलो से ज्यादा MD बरामद 

मामला 16 जून 2026 का है. भीलवाड़ा पुलिस को सूचना मिली कि बिजौलिया इलाके के चम्पापुर गांव के जंगल में भंवर बंजारा के मकान में अवैध MD फैक्ट्री चल रही है. पुलिस ने दबिश दी तो मौके पर MD बनाने का पूरा सेटअप मिला. भारी मात्रा में केमिकल और उपकरणों के साथ 36 किलो 550 ग्राम गीली और सूखी MD बरामद की गई.

शराब के ठेके से MD फैक्ट्री तक का सफर

पुलिस के अनुसार, प्रकाश आंजना पहले सुखलाल आंजना के शराब ठेकों के संचालन में सहयोग करता था. करीब तीन से पांच साल तक वह सुखलाल के साथ काम करता रहा. पुलिस के मुताबिक शराब के कारोबार में कमाई कम होने के बाद सुखलाल और उसके साथियों ने MD के अवैध कारोबार का रास्ता अपनाया और भीलवाड़ा में फैक्ट्री लगा दी. इसी दौरान प्रकाश को भी मोटी कमाई का लालच देकर नेटवर्क में शामिल किया गया.

फैक्ट्री में प्रकाश का कथित काम कच्चे माल की सप्लाई और फैक्ट्री के सेटअप में सहयोग था. पुलिस के अनुसार मुख्य सरगनाओं के बताए स्थान से कच्चा माल लेकर प्रकाश उसे भीलवाड़ा पहुंचाता था. मोटी कमाई देखकर वह इस काम में लगातार सक्रिय होता गया.

फैक्ट्री पकड़ी गई तो हुआ फरार

इधर 16 जून को जब फैक्ट्री पर पुलिस की दबिश पड़ी, तो पूरा खेल बिगड़ गया. फैक्ट्री पकड़े जाने की खबर अखबारों में आई, तो पुलिस के मुताबिक प्रकाश आंजना घर छोड़कर फरार हो गया. पहले रिश्तेदारों के यहां छिपा फिर दोस्तों के यहां ठिकाने बदले और पुलिस की नजर से बचने के लिए मोबाइल से भी दूरी बना ली. लगातार फरारी के बाद भीलवाड़ा पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया.

शराब की आदत बनी गिरफ्तारी की कड़ी

इधर ANTF ने आरोपी की तलाश जारी रखी. टीम को पता चला कि प्रकाश शराब पीने का आदी है. इसी जानकारी को सुराग बनाकर टीम ने मंदसौर और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाई. तलाश करते-करते टीम को जानकारी मिली कि प्रकाश अपने दोस्तों के साथ एक ढाबे पर शराब पार्टी कर रहा है. जानकारी मिलते ही ANTF टीम ने ढाबे के आसपास निगरानी शुरू कर दी. इसके बाद दूसरी टीम को भी मौके पर बुलाया गया. दोनों टीमों ने मिलकर ढाबे पर दबिश दी. कुछ लोग वहां शराब पार्टी करते मिले.

ANTF टीम ने ढाबे पर पहुंचकर आंजना से पूछताछ की, तो उसने पहले अपना नाम रामसिंह धाकड़ बताया. ANTF टीम के पास प्रकाश की पुरानी तस्वीर थी. फोटो से पहचान की गई. ANTF की टीम पूरी तैयारी के साथ पहुंची थी. सख्ती से पूछताछ हुई तो आखिरकार उसने अपना असली नाम प्रकाश आंजना बताया और इसके साथ ही तीन महीने से फरार 25 हजार के इनामी आरोपी की फरारी का अंत हो गया.

इस पूरे मामले में ANTF इससे पहले सुखलाल, राहुल और भारतसिंह उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर चुकी है. अब प्रकाश आंजना की गिरफ्तारी के साथ इस MD फैक्ट्री प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या चार हो गई है. ANTF के मुताबिक प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है. ANTF का कहना है कि MD फैक्ट्री प्रकरण से जुड़े फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आमजन से भी अपराधियों से संबंधित सूचना ANTF कंट्रोल रूम या व्हाट्सऐप नंबर पर देने की अपील की है और सूचना देने वाले की गोपनीयता बनाए रखने की बात कही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More