App

पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, रात में सोते समय साले ने डाला तेजाब, गंभीर रूप से झुलसा

अलवर के खेड़ली निवासी युवक पर मथुरा में उसके साले ने तेजाब डालने का आरोप है. युवक पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था. जमीन बेचकर मकान खरीदने की शर्त मानने से इनकार करने पर विवाद हुआ. हमले में युवक का एक हाथ गंभीर रूप से झुलस गया.

पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, रात में सोते समय साले ने डाला तेजाब, गंभीर रूप से झुलसा
Image Credit: Alwar News

उत्तर प्रदेश के मथुरा में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे अलवर के एक युवक पर तेजाब से हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि रात में जब युवक सो रहा था, तभी उसके साले ने उसके हाथ पर तेजाब डाल दिया. इस हमले में युवक का एक हाथ बुरी तरह झुलस गया. घायल को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय रेफर कर दिया गया. पीड़ित का आरोप है कि पत्नी को साथ ले जाने और जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद के चलते उस पर हमला किया गया.

तीन साल से पीहर में रह रही थी पत्नी

जानकारी के अनुसार, अलवर जिले के खेड़ली क्षेत्र के सोंकर गांव निवासी 32 वर्षीय प्रमोद जाटव की पत्नी पिछले करीब तीन साल से उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित मिठ्ठन नगर में अपने पीहर में रह रही है. प्रमोद अपनी पत्नी को वापस लेने के लिए ससुराल पहुंचा था. इसी दौरान पत्नी को साथ भेजने को लेकर ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद हो गया.

जमीन बेचकर मथुरा में मकान खरीदने की रखी शर्त

पीड़ित प्रमोद के मुताबिक, ससुराल पक्ष की ओर से उसके सामने शर्त रखी गई कि वह अपनी जमीन बेचकर मथुरा में मकान खरीदे. ऐसा करने पर ही उसकी पत्नी को उसके साथ भेजा जाएगा. प्रमोद ने जमीन बेचने से इनकार कर दिया. इसके बाद ससुराल पक्ष ने पत्नी को उसके साथ भेजने से मना कर दिया.

 

रात में सोते समय हाथ पर डाला तेजाब

प्रमोद का आरोप है कि जमीन बेचने से इनकार करने के बाद विवाद बढ़ गया. रात में जब वह सो रहा था, तभी उसके साले ध्रुव सिंह ने उसके हाथ पर तेजाब डाल दिया. तेजाब गिरने से उसका हाथ गंभीर रूप से झुलस गया. अचानक हुए इस हमले से युवक घायल हो गया.

जानलेवा हमले का लगाया आरोप, अस्पताल में उपचार जारी

पीड़ित प्रमोद का कहना है कि उस पर जानलेवा हमला किया गया, लेकिन वह किसी तरह बच गया. हमले के बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है.

प्रमोद ने इस मामले में संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है. फिलहाल इस घटना में तेजाब से हमला करने के आरोप पीड़ित की ओर से लगाए गए हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More