हंसता-खेलता परिवार खत्म: जयपुर से लौट रहे लोगों की डंपर से आमने-सामने की टक्कर, एक ही झटके में 4 की मौत
Didwana News: डीडवाना जिले के नावां में मिठड़ी बायपास पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे डंपर और शिफ्ट कार की भीषण भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई. मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य और कार चालक शामिल हैं.
Didwana News: डीडवाना जिले के नावां क्षेत्र में बुधवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. मिठड़ी बायपास पर सुबह करीब 5 बजे डंपर और शिफ्ट कार के बीच आमने सामने की जोरदार टक्कर हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार दो महिलाओं और दो पुरुषों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची. दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें शव फंस गए थे. पुलिस और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार से शवों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी शवों को नावां उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मोर्चरी में रखवाया गया है.
कार में सवार थे परिवार के तीन सदस्य और चालक
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शिफ्ट कार में लक्ष्मण सिंह, उनकी पत्नी तुलसी, बेटी शीतल और चालक रामाकिशन सवार थे. हादसे में चारों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परिवार जयपुर की ओर से आ रहा था और नावां की तरफ से मिठड़ी गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रहे मुरड़ से भरे डंपर ने कार को टक्कर मार दी.
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थीं मृतका तुलसी
हादसे में जान गंवाने वाली तुलसी स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत बताई जा रही हैं. जानकारी के अनुसार उनकी तैनाती कासेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र पर थी. बताया गया है कि परिवार मिठड़ी के पास पालड़ी गांव में किराए के मकान में रह रहा था.
मुरड़ से भरे डंपर से हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल डंपर में मुरड़ भरी हुई थी. स्थानीय स्तर पर रात के समय डंपरों के जरिए मुरड़ और बजरी के परिवहन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं. क्षेत्र में ऐसे वाहनों के संचालन को लेकर पूर्व में शिकायतें सामने आने की बात भी कही जा रही है. हालांकि, इस हादसे में डंपर की भूमिका और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
दुर्घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर के पीछे क्या वजह रही, इसकी पुलिस स्तर पर पुष्टि की जा रही है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर रास्ता खुलवाया. वहीं डंपर को जब्त कर थाने भिजवा दिया गया है.
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से शोक
एक ही परिवार के तीन सदस्यों और कार चालक की एक साथ मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है. पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है. परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल चारों शव नावां उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.