SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बहन की डोली से पहले उठी 2 भाइयों की अर्थियां: सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत

धौलपुर के सैंपऊ में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर घायल है. तीनों चचेरी बहन के टीका लग्न में शामिल होने जा रहे थे. हादसे से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.

Written By Bhanu Pratap Sharma
Published: Nov 19, 2026, 09:39 IST | Updated: Nov 19, 2026, 09:42 IST
Image Credit: बहन के लग्न में जा रहे दो भाइयों की सड़क हादसे में मौत.
Join

धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में कैंथरी बॉर्डर के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों युवक उत्तर प्रदेश से धौलपुर के मनियां क्षेत्र में अपनी चचेरी बहन के टीका लग्न कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे. इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.

टीका लग्न कार्यक्रम में जा रहे थे युवक
सहायक उप निरीक्षक वीरभान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के कराही का नगला निवासी जितेंद्र (30) पुत्र भूप सिंह, बबलू (35) पुत्र महेंद्र सिंह और राजू (32) पुत्र गोपाल बाइक से मनियां क्षेत्र के बगचौली गांव जा रहे थे. तीनों चचेरी बहन के टीका लग्न कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे. कैंथरी बॉर्डर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

यह भी पढे़ं- जिस दुकान पर कभी करता था काम, वहीं बरसाईं गोलियां! जयपुर फायरिंग केस में बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड समेत 3 अरेस्ट

टक्कर से तीनों युवक घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए. सूचना पर सैंपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल में दो युवकों की मौत
चिकित्सकों ने बबलू और जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल राजू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं. हादसे की सूचना पर मृतकों के परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे. मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

जितेंद्र की एक इकलौती बेटी
बताया गया है कि जितेंद्र शादीशुदा था और उसके परिवार में एक इकलौती बेटी है. पिता की असमय मौत से बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया. जिस घर में चचेरी बहन के टीका लग्न कार्यक्रम की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां दो युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही उत्सव मातम में बदल गया.

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश में लगी है. हादसे में दो युवकों की मौत और एक साथी के गंभीर रूप से घायल होने से परिवारों में शोक है. पुलिस जांच के जरिए दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाएगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

भानु प्रताप शर्मा, धौलपुर (राजस्थान) निवासी पत्रकार हैं, जो पिछले कई वर्षों से प्रिंट व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में कार्यरत हैं, जहाँ वे पिछले लगभग 10 वर्षों से बेहतर रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं. पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि शहीद परिवार, राजनीति, स्वास्थ्य-चिकित्सा, सामाजिक सरोकार और समाज की सकारात्मक कहानियों को कवर करने में है। इसके अलावा क्राइम, ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, प्रशासन और आमजन के बीच की कड़ी बनना और सच को बिना डर के सामने लाना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान है। उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त की है और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ की गई उनकी रिपोर्टिंग ने उन्हें धौलपुर सहित पूरे राजस्थान में एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES