SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सड़क हादसे ने उजाड़ दी दुनिया: बुआ के घर जा रहे इकलौते बेटे की स्कॉर्पियो की टक्कर से दर्दनाक मौत

धौलपुर-बाड़ी हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से 29 वर्षीय दीपक शर्मा की मौत हो गई. आगरा रेफर किए जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया. दीपक अपने पीछे पत्नी और एक साल की बेटी छोड़ गए.

Written By Bhanu Pratap Sharma
Published: Nov 10, 2026, 08:17 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 08:32 PM IST
Image Credit: धौलपुर-बाड़ी हाईवे पर स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दीपक शर्मा घायल हुए.
Join

धौलपुर-बाड़ी नेशनल हाईवे पर खानपुर गुर्जर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल धौलपुर से आगरा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. मृतक अपने पिता का इकलौता बेटा था और अपने पीछे पत्नी तथा एक साल की मासूम बेटी छोड़ गया है.

बुआ के घर जाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हनुमानपुरा निवासी दीपक शर्मा पुत्र ऋषि शर्मा अपनी बाइक से बाड़ी स्थित अपनी बुआ के घर जा रहे थे. इसी दौरान खानपुर गुर्जर गांव के पास तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक की बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद एक गाय से जा टकराई. इस हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए.

यह भी पढ़ें- झालावाड़ में दर्दनाक हादसा: चाची के सामने ही भतीजे को बाइक से घसीटकर मार डाला, चीख उठे परिजन

आगरा रेफर करने से पहले बिगड़ी हालत

हादसे के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायल दीपक को जिला अस्पताल धौलपुर पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया. हालांकि, परिवार के लोग उन्हें बचाने की उम्मीद लेकर आगरा जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दीपक ने दम तोड़ दिया.

इसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

तीन साल पहले हुई थी शादी, एक साल की बेटी को छोड़ गए पीछे

दीपक शर्मा की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी. उनकी एक साल की मासूम बेटी है. जानकारी के मुताबिक, दीपक दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे. उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

दीपक अपने पिता के इकलौते बेटे थे. ऐसे में बेटे को खोने का गम परिवार के लिए बेहद असहनीय है. वहीं, महज एक साल की बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है. जिस परिवार में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

भानु प्रताप शर्मा, धौलपुर (राजस्थान) निवासी पत्रकार हैं, जो पिछले कई वर्षों से प्रिंट व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में कार्यरत हैं, जहाँ वे पिछले लगभग 10 वर्षों से बेहतर रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं. पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि शहीद परिवार, राजनीति, स्वास्थ्य-चिकित्सा, सामाजिक सरोकार और समाज की सकारात्मक कहानियों को कवर करने में है। इसके अलावा क्राइम, ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना, प्रशासन और आमजन के बीच की कड़ी बनना और सच को बिना डर के सामने लाना उनकी पत्रकारिता की खास पहचान है। उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त की है और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ की गई उनकी रिपोर्टिंग ने उन्हें धौलपुर सहित पूरे राजस्थान में एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES