SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिल्ली से बंगाल तक ठगी का जाल: नकली सोना बेचने वाली गैंग पर दौसा पुलिस ने कसा शिकंजा

Rajasthan News: दौसा की महवा थाना पुलिस ने नकली सोने के आभूषणों को असली बताकर ठगी करने वाली गैंग का खुलासा कर दो महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से 10 लाख रुपए नकद और आभूषण बरामद हुए हैं.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 15, 2026, 07:42 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 07:46 PM IST
Image Credit: Dausa Fake Gold Fraud Gang Busted (Zee Media)
Join

Dausa News: दौसा जिले की महवा थाना पुलिस ने नकली सोने के आभूषणों को असली बताकर लोगों से ठगी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो महिलाओं सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 10 लाख रुपए नकद, 9 चांदी के सिक्के, 9 सोने के मोती और कुछ आर्टिफिशियल आभूषण बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह राजस्थान समेत कई राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है.

पांच लाख रुपए की ठगी के मामले से खुला राज
महवा थाना अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि जुलाई में मानपुर थाने में ठगी का मामला दर्ज हुआ था. पीड़ित ने शिकायत दी थी कि आरोपियों ने नकली सोने की चेन को असली बताकर उससे 5 लाख रुपए ठग लिए. मामले की जांच शुरू हुई तो गिरोह के बारे में जानकारी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से बालाजी मोड़ पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया.

गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश निवासी शंकर राय, अजय राय, मोहनलाल राय, लीला राय और मनी राय के साथ दिल्ली निवासी विनोद सोलंकी शामिल हैं. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि ठगी की दूसरी वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके.

कई राज्यों में ठगी करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य नकली सोने के आभूषणों को असली बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. आरोपी राजस्थान के अलावा दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल सहित दूसरे राज्यों में भी इस तरह की ठगी की वारदात कर चुके हैं. पुलिस बरामद सामान और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

नकली और असली सोने की पहचान कैसे करें?
सोना खरीदते समय केवल उसके रंग या चमक को देखकर असली होने का फैसला नहीं करना चाहिए. भारत में सोने के आभूषण खरीदते समय BIS हॉलमार्क और HUID नंबर की जांच करना जरूरी है. HUID नंबर को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के आधिकारिक ऐप से सत्यापित किया जा सकता है. बिल में सोने की शुद्धता, वजन और कीमत की जानकारी भी जरूर देखें.

आभूषण की जांच के लिए भरोसेमंद ज्वेलर या मान्यता प्राप्त जांच केंद्र की मदद लेना बेहतर है. केवल चुंबक, रंग या पानी में डालकर सोने की शुद्धता का पक्का पता नहीं लगाया जा सकता. नकली सोने के कुछ आभूषण देखने में असली जैसे लग सकते हैं, इसलिए बड़ी रकम देने से पहले उनकी जांच जरूर करवाएं.

अनजान लोगों के झांसे में आने से बचें
अगर कोई व्यक्ति कम कीमत में सोना देने या अचानक मिले सोने के बदले पैसे मांगता है, तो सावधान रहें. आभूषण की जांच किए बिना किसी को रकम न दें. ठगी होने पर तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं. महवा पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

Reporter - Laxmi Sharma

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES