)
Pratapgarh Panchayat Chunav: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में छोटीसादड़ी में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से भंवर माता रोड स्थित हरीश आंजना महाविद्यालय परिसर में कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई.
पूर्व प्रधान ने की बैठक की अध्यक्षता
बैठक में पूर्व सहकारिता मंत्री एवं कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना ने कार्यकर्ताओं से गांव-ढाणी और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया. बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना ने की.
पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि पंचायती राज चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों की सरकार चुनने का महत्वपूर्ण माध्यम है और कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने तथा हर गांव, ढाणी और बूथ तक पहुंचकर आमजन से संवाद करने की अपील की.
कांग्रेस की सरकार बनने पर की जाएगी कार्रवाई
पूर्व मंत्री आंजना ने आरोप लगाया कि प्रशासन के कुछ लोग भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं. यह स्थिति ज्यादा दिन नहीं चलेगी और कांग्रेस की सरकार दोबारा बनने पर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई.
पंचायती राज चुनाव में नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प
इस दौरान भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का उदयलाल आंजना ने उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया. कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी पंचायती राज चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने और संगठन की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
पढ़ें एक और बड़ी खबर
टोंक में अलीगढ़-उनियारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई. बैठक को टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीश मीणा ने संबोधित किया. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पंचायती राज चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया. सांसद हरीश मीणा ने कहा कि पंचायतराज चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दम पर मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और पार्टी संगठन को मजबूत करने का मंत्र दिया.
बैठक में उनियारा नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस की जीत का भी उल्लेख किया गया. नेताओं ने कहा कि नगरपालिका चुनाव के परिणाम से कार्यकर्ताओं में उत्साह है और इसी उत्साह के साथ आगामी पंचायतराज चुनाव की तैयारियां की जाएंगी. बैठक को उनियारा नगरपालिका अध्यक्ष नरेश गुर्जर, विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी केसी मीणा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश धाकड़ ने भी संबोधित किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.