SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कोटा- झालावाड़ -अजमेर के दौरे पर सीएम भजनलाल शर्मा, बीजेपी की पंचायत चुनाव की तैयारी

CM Bhajanlal Sharma: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को कोटा, झालावाड़ और अजमेर के दौरे पर रहेंगे. कोटा में वे निर्माणाधीन भाजपा शहर जिला कार्यालय का जायजा लेने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. इसके बाद कोरल पार्क में कोटा देहात और बूंदी जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे. कोटा नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री का यह दौरा पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है.

Written By Ansh Raj
Published: Sep 29, 2026, 10:49 AM IST | Updated: Sep 29, 2026, 12:29 PM IST
Image Credit: Bhajanlal Sharma
Join

Kota BJP: कोटा नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को कोटा दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं. इस दौरान उनका फोकस पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद और आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों पर रहेगा. मुख्यमंत्री कोटा के बाद झालावाड़ और अजमेर भी जाएंगे.


निर्माणाधीन भाजपा कार्यालय का करेंगे निरीक्षण
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे कोटा एयरपोर्ट पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से वे सीधे 80 फीट रोड स्थित निर्माणाधीन भाजपा शहर जिला कार्यालय पहुंचेंगे. यहां मुख्यमंत्री निर्माणाधीन कार्यालय के कार्यों का जायजा लेंगे. इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत और आभार कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा. कोटा नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री का यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कार्यालय में मुख्यमंत्री पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद भी करेंगे.


पंचायत चुनाव की तैयारियों पर होगी चर्चा
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन के मुताबिक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर करीब 12 बजे कोरल पार्क पहुंचेंगे. यहां कोटा देहात और बूंदी जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है. इस बैठक में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर चर्चा होगी. कार्यकर्ताओं से क्षेत्रवार संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी तैयारियों और पार्टी की रणनीति से जुड़े विषयों पर फीडबैक लिया जाएगा. पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा संगठन ने जमीनी स्तर पर गतिविधियां तेज कर दी हैं और इसी क्रम में मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं से संवाद महत्वपूर्ण रहेगा.


कोटा के बाद झालावाड़ और अजमेर का दौरा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे में कोटा के अलावा झालावाड़ और अजमेर भी शामिल हैं. कोटा में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद मुख्यमंत्री अन्य कार्यक्रमों के लिए रवाना होंगे. पंचायत चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ताओं और संगठन से संवाद करने का यह दौरा भाजपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम है. कोटा नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है. अब संगठन का फोकस आगामी पंचायत चुनावों पर है. ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय संगठन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी स्तर पर किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है.

सीएम की झालावाड़ विजिट, डीएम और एसपी ने अंतिम तैयारी का लिया जायजा
झालावाड़: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को झालावाड़ दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ और पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने कोलाना एयरपोर्ट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर संगठनात्मक बैठक, कार्यकर्ता संवाद और वापसी तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर करीब 2:35 बजे हेलीकॉप्टर से कोलाना एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 2:45 बजे से शाम 4:45 बजे तक एयरपोर्ट परिसर में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे. बैठक में विकास कार्यों का फीडबैक लेने के साथ ही आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी.

मुख्यमंत्री के कार्यकर्ता संवाद और संगठनात्मक बैठक के लिए एयरपोर्ट परिसर में ही विशाल शामियाना तैयार किया गया है. यहां भाजपा के जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से संवाद करेंगे और संगठन से जुड़े विषयों पर दिशा-निर्देश प्राप्त करेंगे.

कार्यकर्ता संवाद के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शाम 5 बजे विशेष विमान से अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के तहत केवल अधिकृत और चुनिंदा लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES