गांव की लाइब्रेरी बनी RAS की पाठशाला! सरपंच ने CM को बताया कैसे बदली आवां की तस्वीर
Rajasthan News: टोंक की आवां पंचायत के सरपंच दिव्यांश भारद्वाज से CM भजनलाल शर्मा ने गांधी जयंती पर संवाद किया. सरपंच ने पंचायत के विकास कार्य बताए. एसी लाइब्रेरी से 2 छात्र RAS बने हैं. अब स्वच्छता और स्वास्थ्य पर फोकस रहेगा.
Tonk News: राजस्थान के बेस्ट सरपंच अवॉर्ड से मुख्यमंत्री से सम्मानित हो चुके टोंक जिले की आवां पंचायत के सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज से शुक्रवार को टोंक जिला परिषद के सभागार में गांधी जयंती पर आयोजित पंचायती राज जन प्रतिनिधि सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद किया. अजमेर संभाग से एकमात्र विकास के पर्याय बने आवां सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज को आज मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से गांधी जयंती पर संवाद के लिए चयनित किया गया था. सभागार में टोंक कलेक्टर टीना डाबी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ADM विनोद कुमार मीना, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा समेत अन्य सरपंचो की मौजूदगी में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आवां सरपंच दिव्यांश एम. भारद्वाज से पूछा कि आपकी पंचायत में आपके द्वारा जनहित में कौन कौन से काम किए है. इस पर सरपंच भारद्वाज ने कहा कि उनकी पंचायत क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए हैं.
गर्ल्स और बॉयज के लिए वातानुकूलित लाइब्रेरी जैसे विकास कार्य हो रहे कारगर साबित
विकास कार्यों में सबसे ज्यादा कारगर साबित हो रही गर्ल्स और बॉयज के लिए वातानुकूलित लाइब्रेरी , जिसमें पढ़कर दो छात्र-छात्राएं तो RAS बन गए है. यह हमारे लिए बहुत ही गौरव की बात है. अभी भी गांव की छात्र छात्राएं दोनों लाइब्रेरी में निशुल्क अध्ययन कर रहे है. इसमें अलावा भी कई समुदायिक भवन समेत कई महत्वपूर्ण कार्य करवाए है. इन सामुदायिक भवनों में लोग पर्व पर एकत्रित होकर त्यौहार मनाते है. इससे भाईचार बना रहता है. प्रगति की उड़ान योजना में टॉपर बच्चो को निशुल्क हवाई यात्रा करवाई जाती है. सरपंच भारद्वाज ने कहा कि उनकी पंचायत क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए है, इनके अलावा आवा सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को वन स्टेट वन इलेक्शन करवाने पर बधाई देते हुए कहा कि आपकी इच्छाशक्ति से देश में राजस्थान पहला राज्य बना है.
सरपंच की ओर से पंचायत क्षेत्र में करवाए गए प्रमुख विकास कार्य
1. हेरिटेज पंचायत भवन: यह गाँव की संस्कृति और राजस्थान की विरासत को दर्शाता है.
2. जयपुर शैली के डिवाइडर:मुख्य मार्गों पर सुंदर एवं व्यवस्थित जयपुर शैली के डिवाइडर ग्राम पंचायत की सुंदरता बढ़ा रहे है.
3. राम सागर श्मशान घाट का विकास: आवश्यक सुविधाओं के साथ व्यवस्थित एवं आधुनिक स्वरूप का प्रतीक है.
4. अखनिया तालाब श्मशान घाट का विकास: साफ-सफाई, प्रकाश एवं मूलभूत सुविधाओं का विस्तार.
5. राज कलेश्वर महादेव तीर्थ का विकास: यहां पर गोरा घाट एवं पुरुष घाट सहित तीर्थ क्षेत्र को सुविधायुक्त एवं आकर्षक बनाया गया है.
6. आधुनिक पंचायत भवन एवं लाइब्रेरी: युवाओं और विद्यार्थियों के लिए अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण बना है.
7. भीम उद्यान: बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए हरित एवं मनोरंजन स्थल के रूप में. विकसित हुआ है.
8. श्मशान घाट विस्तार: रामसागर तालाब के पास बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए पर्याप्त स्थान एवं आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया है.
9. मुस्लिम भाइयों के लिए कब्रिस्तान: सम्मानजनक एवं व्यवस्थित कब्रिस्तान की सुविधा विकसित की है.
10. सीसी रोड निर्माण : गाँव की आवश्यक गलियों एवं मार्गों को चरणबद्ध तरीके से सीसी रोड से जोड़ा है.
11. ‘प्रगति की उड़ान’ योजना: हर वर्ष गाँव के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप हवाई यात्रा का अवसर प्रदान करना.
12. ‘एक दिन की सरपंच’ पहल:हर वर्ष बालिका दिवस पर गाँव की एक मेधावी छात्रा को एक दिन के लिए सरपंच की जिम्मेदारी सौंपकर नेतृत्व और आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया जाता है.
स्वच्छता रहेगा फोकस
आवां सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज में मीडिया से कहा कि उनकी पंचायत ने उनके परिवार को खूब स्नेह दिया है. पहले मेरे पापा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के प्रेस एडवाइजर महेंद्र भारद्वाज, फिर मेरी मम्मी शोभा देवी, फिर मुझे सरपंच बनाया, फिर जनरल महिला की सीट आई है. लोगों का आशीर्वाद फिर मिला तो गांव में और ज्यादा विकास करवाया जाएगा.
सबसे ज्यादा स्वच्छता पर रहेगा. नालियों का फिर जीर्णोद्धार करवाया जाएगा, डोर टू डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा. गांव में किसी मरीज को आसानी से जल्दी इलाज मिले, इसकी पुख्ता व्यवस्था करने का प्रयास करेंगे.
उत्साह बढ़ाने वाला और प्रेरणा दायक रहा है संवाद कार्यक्रम
कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि आज मुख्यमंत्री का पंचायत राज जनप्रतिनिधियों से संवाद एवं सम्मेलन कार्यक्रम था. इसमें टोंक जिले के आवां सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज से मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद किया है. मुख्यमंत्री ने उनसे विकास कार्यों की प्रगति जानी है. यह संवाद कार्यक्रम उत्साह बढ़ाने वाला और प्रेरणादायक रहा है.