डूंगरपुर पर दौरे पर CM भजनलाल शर्मा: अंधेरी माता मंदिर में किए दर्शन, गैरहाजिर प्रत्याशियों पर हुए नाराज
CM भजनलाल शर्मा डूंगरपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निजी सचिव शैलेश शर्मा की माताजी के निधन पर उनके घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की. इसके बाद अंधेरी माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया और भाजपा कार्यकर्ताओं व जिला परिषद प्रत्याशियों के साथ बैठक की.
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा डूंगरपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे. मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर ओबरी तहसील के विराट गांव में अंधेरी माता मंदिर क्षेत्र में बने हेलीपैड पर उतरा, जहां भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया.
विराट पहुंचने पर जिले के प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी, पूर्व मंत्री सुशील कटारा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की अगवानी की और उनका स्वागत किया.
यह भी पढे़ं- दो दिवसीय जैसलमेर दौरे पर पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह: आधुनिक हथियारों और सैन्य तकनीक पर बनेगी रणनीति
केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव की माताजी के निधन पर व्यक्त की संवेदना
हेलीपैड से CM भजनलाल शर्मा सड़क मार्ग द्वारा विराट से बरबोदनिया गांव के लिए रवाना हुए. मुख्यमंत्री केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निजी सचिव शैलेश शर्मा के निवास स्थान पहुंचे. उन्होंने शैलेश शर्मा की माताजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया.
अंधेरी माता मंदिर में दर्शन और भाजपा कार्यकर्ताओं की ली बैठक
शोक संवेदना व्यक्त करने के पश्चात मुख्यमंत्री पुनः विराट स्थित प्रसिद्ध अंधेरी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं व जिला परिषद प्रत्याशियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक ली.
यह भी पढे़ं- दीपावली से पहले खराब हुई बीकानेर की हवा, 235 पहुंचा AQI, प्रदूषण नियंत्रण मंडल अलर्ट
बैठक के दौरान अनुपस्थित रहे प्रत्याशियों पर CM भजनलाल शर्मा ने नाराजगी व्यक्त की. कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए CM भजनलाल ने कहा कि पिछले दो महीनों से चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण कई जरूरी विकास कार्य रुके हुए थे. अब चुनाव जीतने के बाद आपको अपने-अपने क्षेत्रों में कौन-कौनसे विकास कार्य कराने हैं, उनकी प्राथमिकता तय कर अभी से काम में जुट जाएं.
पढ़ें एक और बड़ी खबर
जयपुर में बस्सी और तूंगा में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. भाजपा, कांग्रेस सहित निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने निर्वाचन कार्यालय पहुंचे. प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की भी आवाजाही बनी हुई है. बस्सी पंचायत समिति के 25 वार्डों और तूंगा पंचायत समिति के 15 वार्डों के लिए नामांकन दाखिल किए गए हैं.
बस्सी में उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी दीपक सिंह खटाना नामांकन प्रक्रिया संपन्न करवा रहे हैं, जबकि तूंगा में एसीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी शिप्रा जैन की देखरेख में प्रत्याशियों के नामांकन लिए गए. नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए दोनों स्थानों पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
Report- Akhilesh Sharma