धौलपुर में पुलिस टीम पर भारी पड़ा पोटाश का धमाका, अवैध पटाखों के खिलाफ छापेमारी में भयंकर ब्लास्ट, CO सिटी और SHO घायल
धौलपुर के पुरानी छावनी इलाके में अवैध पटाखों और पोटाश की तलाशी के दौरान विस्फोट हो गया. हादसे में सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और सदर थाना प्रभारी अमित सिंह घायल हुए. दोनों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है. मकान मालिक की तलाश जारी है.पुलिस ने सामग्री भी जब्त की.
धौलपुर के पुरानी छावनी इलाके में अवैध पटाखों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ बड़ा हादसा हो गया. सदर थाना क्षेत्र में एक मकान की तलाशी के दौरान पोटाश में अचानक चिंगारी उठी और जोरदार विस्फोट हो गया. इसकी चपेट में आने से सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और सदर थाना प्रभारी अमित सिंह घायल हो गए. दोनों के चेहरे और हाथों पर चोटें आई हैं. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों की हालत खतरे से बाहर है.
मुखबिर की सूचना पर मकान में पहुंची थी पुलिस
दीपावली के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरानी छावनी इलाके के एक मकान में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री पोटाश रखी गई है.
सूचना के आधार पर सीओ सिटी प्रदीप नेहरा के नेतृत्व में सदर थाना प्रभारी अमित सिंह, हेड कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची. तलाशी के दौरान मकान में बोरी में भरा पोटाश और अवैध पटाखे मिले.
पुलिस टीम जब पोटाश को जब्त कर रही थी, तभी घर्षण या किसी धातु से निकली चिंगारी के कारण उसमें स्पार्क हो गया. इसके बाद तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर धुएं का गुबार छा गया.
टीम में सबसे आगे खड़े सीओ सिटी प्रदीप नेहरा और थानाधिकारी अमित सिंह इसकी चपेट में आ गए. दोनों के चेहरे पर जलने जैसी चोटें आईं. साथ मौजूद अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए.
एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायलों को तत्काल निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलने पर एसपी विकास सांगवान भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पहले अस्पताल जाकर घायल अधिकारियों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए. इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया.
मकान मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
एसपी विकास सांगवान के अनुसार, मौके से भारी मात्रा में पोटाश और अवैध पटाखे बरामद किए गए हैं. मकान मालिक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. एसपी ने कहा कि अवैध विस्फोटक सामग्री का भंडारण बेहद खतरनाक है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.