चूरू के तारानगर रोड पर खून से सनी सड़क: भीषण टक्कर में 6 की मौत से इलाके में मचा कोहराम
राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर में तारानगर रोड पर ट्रेलर और कार की भीषण भिड़ंत में 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई. उपचार के दौरान एक बच्चे ने भी दम तोड़ दिया. पुलिस ने शवों को राजकीय उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
राजस्थान में ट्रॉला और कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. सोमसीसर गांव निवासी एक ही परिवार के पांच सदस्यों की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. हादसे में तीन पुरुषों, दो महिलाओं और चार माह के मासूम बच्चे की जान चली गई. वहीं, नौ माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कुलदेवी के दर्शन के लिए निकला था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमसीसर गांव निवासी परिवार के सदस्य सुबह अपनी कुलदेवी के दर्शन करने के लिए गुरुग्राम रवाना हुए थे. परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में उनके साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा. यात्रा के दौरान ट्रॉला और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी भीषण थी कि परिवार के कई सदस्यों की जान चली गई.
हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया. एक ही परिवार के सदस्यों की असमय मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं. जिस यात्रा पर परिवार धार्मिक दर्शन के लिए निकला था, वह दर्दनाक हादसे में बदल गई.
मृतकों में महिलाएं और चार माह का मासूम शामिल
हादसे में मृतकों की पहचान सोमसीसर निवासी 60 वर्षीय भंवरलाल, 55 वर्षीय महेंद्र देवी, 28 वर्षीय कविता, 34 वर्षीय यशोधा और चार माह के बच्चे कन्हैया के रूप में हुई है. इसके अलावा कार चालक 31 वर्षीय मांगीलाल नाई की भी मौत हो गई.
यह भी पढ़ें- जयपुर में NH-48 पर आधी रात भीषण हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर ट्रेलर से भिड़ी, 3 की मौत
हादसे में नौ माह की बच्ची दिव्यांशी गंभीर रूप से घायल हुई है. उसे गंभीर हालत में दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया है. घटना में जान गंवाने वाले लोगों के शव फिलहाल राजकीय उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं.
एसपी और भाजपा नेता ने अस्पताल पहुंचकर जताई संवेदना
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक आईपीएस निश्चय प्रसाद एम. और भाजपा नेता पराक्रम राठौड़ राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचे. दोनों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने इस कठिन समय में परिवार को हिम्मत बनाए रखने का भरोसा दिलाया.
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया.
मुख्यमंत्री ने भी जताया शोक
भाजपा नेता पराक्रम राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि परिवार को हरसंभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
इस हादसे ने सोमसीसर सहित आसपास के क्षेत्र को गमगीन कर दिया है. एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है.
Reporter- नवरतन प्रजापत