)
चुनाव चिन्ह का बनवाया चांदी का प्रतिरूप
राजस्थान पंचायत चुनाव में रतनी देवी को चुनाव आयोग की तरफ से चुनाव चिन्ह के रूप में 'कटहल' आवंटित हुआ था. चुनाव मैदान में उतरने से पहले, उनके परिवार ने अपने आराध्य देव श्री सांवलिया सेठ के दरबार में अरदास लगाई थी. परिवार ने प्रण लिया था कि अगर रतनी देवी चुनाव जीतती हैं, तो जिस चुनाव चिन्ह से उन्हें विजय मिलेगी, उसी का चांदी का प्रतिरूप बनाकर भगवान के श्रीचरणों में अर्पित किया जा.गा। 5 नवंबर को हुए चुनाव में रतनी देवी ने 1265 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की.
पदयात्रा कर पहुंचा परिवार, कटहल का वजन नहीं पता
जीत का संकल्प पूरा होने पर परिवार ने चांदी का एक खूबसूरत कटहल तैयार करवाया. मंगलवार शाम को रतनी देवी अपने पूरे परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ पदयात्रा (पैदल यात्रा) करते हुए श्री सांवलिया जी मंदिर पहुंचीं. भगवान के जयकारों के साथ मंदिर पहुंचकर उन्होंने ये चांदी का कटहल सांवरा सेठ को भेंट किया. हालांकि, इस कटहल का वजन कितना है, इसे परिवार ने पूरी तरह से गुप्त रखा है. इस दौरान ग्रामीणों ने भगवान के दर्शन कर गांव की खुशहाली की कामना की.

सांवलिया सेठ के दरबार में आते हैं ऐसे अनूठे चढ़ावे
मेवाड़ के कृष्ण धाम श्री सांवलिया सेठ को भक्त अपना 'बिजनेस पार्टनर' मानते हैं और मन्नत पूरी होने पर यहां दिल खोलकर चढ़ावा आता है. दानपात्र से हर महीने करोड़ों रुपये कैश और भारी मात्रा में सोना-चांदी निकलता है. इससे पहले भी कई भक्त भगवान को अनोखी चीजें भेंट कर चुके हैं. हाल ही में किसी भक्त ने भगवान को 'चांदी का ट्रैक्टर' चढ़ाया था, तो किसी ने 'चांदी की जेसीबी' और 'सोने-चांदी का तराजू' भेंट किया था. कई कारोबारी अपनी कमाई का हिस्सा, अफीम की फसल और सोने के बिस्कुट भी अर्पित कर चुके हैं. अब सरपंच द्वारा चढ़ाया गया ये 'चांदी का कटहल' भी इसी अटूट आस्था की कड़ी का नया हिस्सा बन गया है. कुछ दिन पहले ही हार्ट की बाईपास सर्जरी सफल होने के बाद एक श्रद्धालु ने सांवलिया सेठ को चांदी का हार्ट अर्पित किया था. श्रद्धालु का कहना था कि भगवान की कृपा से ही उनकी सफल सर्जरी हुई है.