)
पानीपत में सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने, विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी समस्याओं को समझने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है. उपायुक्त डॉ. हरीश वशिष्ठ ने जिले के सभी क्लास-1 अधिकारियों, नगर निगम कमिश्नर, अतिरिक्त उपायुक्त सहित एचसीएस अधिकारियों की ड्यूटी अलग-अलग सरकारी स्कूलों में लगाई है. ये अधिकारी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी शैक्षणिक समस्याओं को समझने के साथ सुधार के लिए सुझाव भी देंगे.
इसी पहल के तहत बुधवार को डीसी डॉ. हरीश वशिष्ठ लाल बत्ती स्थित मॉडल संस्कृति सरकारी स्कूल पहुंचे. यहां उन्होंने अलग-अलग कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और बाद में प्रार्थना स्थल पर सभी बच्चों को एकत्रित कर पढ़ाई, अनुशासन, स्वच्छता और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के महत्व के बारे में बताया. डीसी ने विद्यार्थियों को अपने पढ़ाई के अनुभव भी साझा किए. उन्होंने बताया कि वह स्वयं सरकारी स्कूल में पढ़कर आज IAS अधिकारी के पद तक पहुंचे हैं. उन्होंने अपने स्कूल के दिनों का एक किस्सा सुनाते हुए सरकारी शिक्षकों की योग्यता और उनकी मेहनत पर भी भरोसा जताया.
19 का पहाड़ा नहीं आया तो सामने आई बुनियादी पढ़ाई की चुनौती
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान डीसी ने जब कुछ बच्चों से हिंदी वर्णमाला और गणित के पहाड़े सुनाने को कहा तो कई विद्यार्थी बुनियादी सवालों का जवाब नहीं दे पाए. कुछ बच्चे 19 का पहाड़ा तक नहीं सुना सके. इस दौरान यह भी सामने आया कि कई विद्यार्थियों को अपनी कक्षा में आने वाले अधिकारियों की पहचान और उनके पद की जानकारी तक नहीं थी. कुछ बच्चे कैमरे के सामने बोलने से भी बचते नजर आए. इस स्थिति ने स्कूलों में नियमित पढ़ाई के साथ-साथ बुनियादी ज्ञान और रिवीजन की जरूरत को भी उजागर किया.
डीसी ने कहा कि बच्चों को चीजें याद रखने के लिए नियमित रिवीजन करना बेहद जरूरी है. केवल एक बार पढ़ लेने से ज्ञान स्थायी नहीं होता. विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए. उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि बच्चों के भीतर आगे बढ़ने की लगन पैदा करना सबसे महत्वपूर्ण है.
सफाई और सामाजिक जिम्मेदारी का भी पढ़ाया पाठ
डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि विद्यार्थियों को सप्ताह में एक-दो घंटे अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी जानी चाहिए. बच्चे अपने आसपास और स्कूल को स्वच्छ रखने में योगदान दें और मिल-जुलकर काम करने की आदत विकसित करें. उन्होंने स्कूल स्टाफ को सामने आई कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए.
डीसी ने स्कूल के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षक किसी भी निजी स्कूल के शिक्षकों से कम योग्य नहीं हैं. जरूरत केवल बेहतर माहौल और प्रतिबद्धता की है. उन्होंने कहा कि थोड़े से प्रयास और सकारात्मक वातावरण से सरकारी स्कूल और बेहतर परिणाम दे सकते हैं.
बच्चियों ने कहा- अब नियमित करेंगे रिवीजन
डीसी से बातचीत के बाद छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए. छात्रा हिमांशी ने कहा कि उन्हें पढ़ाई के साथ अनुशासन और स्कूल की साफ-सफाई का महत्व समझ आया है. वहीं छात्रा दीक्षिता ने बताया कि उन्हें रिवीजन करने का सही तरीका सीखने को मिला है. अब वह नियमित रूप से पहाड़े याद करेंगी और अगली बार अधिकारियों के सामने सुनाएंगी. छात्राओं ने कहा कि डीसी के सरकारी स्कूल से पढ़कर आईएएस बनने की कहानी से उन्हें भी बड़ा अधिकारी बनने की प्रेरणा मिली है.
जिला प्रशासन की यह पहल सरकारी स्कूलों में शिक्षा की वास्तविक स्थिति जानने और अधिकारियों को सीधे विद्यार्थियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. हालांकि, इस पहल की असली सफलता तभी होगी जब अधिकारियों के दौरे के बाद सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए नियमित निगरानी और ठोस कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी.
(पानीपत से राकेश भयाना की रिपोर्ट)