SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बारां में चंबल नहर में गिरी तेज रफ्तार कार, 7 घंटे रेस्क्यू के बाद निकला BJP कार्यकर्ता का शव

बारां के अंता में दिवाली पर जहां सब लोग अपने परिवार के साथ खुशियां मना रहे थे, वहीं एक परिवार अपने बेटे को ढूंढ रहा था. जो बहुत देर से घर वापस नहीं आया था. काफी देर इंतजार के बाद परिवार को इस दर्दनाक हादसे की खबर लगी.

Reported By Ram Mehta
Published: Nov 09, 2026, 09:15 AM IST | Updated: Nov 09, 2026, 09:44 AM IST
Image Credit: बारां में चंबल की दांयी मुख्य नहर में कार, एसडीआरएफ ने 7 घंटे बाद निकाला शव
Join

बारां के अंता कस्बे के पास मोलकी रोड पर देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. अनियंत्रित होकर एक कार चंबल की दांयी मुख्य नहर में जा कूदी. हादसे के समय नहर में पूरी क्षमता से पानी बह रहा था, जिसके चलते कार पलभर में पानी में डूब गई और नजर आना बंद हो गई. तेज बहाव के कारण कार काफी दूर तक बहती चली गई, जिससे रेस्क्यू में भी भारी परेशानी आई.

बताया जा रहा है कि कार तेज गति में थी और अचानक नियंत्रण बिगड़ने से नहर में गिर गई. कार में अंता के लिसाड़ी गांव निवासी आशीष मीणा सवार था. वो गांव में दीपावली की पूजा कर अपने दोस्तों से मिलने अंता आ रहा था, इसी दौरान ये हादसा हो गया. आशीष के अचानक लापता होने और कार के नहर में गिरने की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और नहर के किनारे जमा हो गए.

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया. तेज बहाव और अंधेरे के बीच रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आईं. एसडीआरएफ के जवानों ने टॉर्च और रस्सियों की मदद से नहर में कार की तलाश शुरू की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कार का पता नहीं चल पा रहा था। करीब सात घंटे तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार सुबह हाइड्रोलिक मशीन की मदद से नहर से कार को बाहर निकाला गया.

कार के अंदर से आशीष मीणा का शव बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि कार में ही उसकी मौत हो गई. कार के शीशे बंद होने और पानी भर जाने से वह बाहर नहीं निकल पाया. शव को बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज गति और नियंत्रण बिगड़ना ही हादसे का कारण माना जा रहा है.

मृतक आशीष मीणा भाजपा कार्यकर्ता था. उसकी एक साल पहले ही शादी हुई थी. वह मिलनसार स्वभाव का था और गांव में सभी से अच्छे संबंध रखता था. दीपावली जैसे त्योहार पर इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. जिस घर में कुछ घंटे पहले तक दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. परिजनों रो-रोकर बुरा हाल है.

हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.ग्रामीणों ने बताया कि आशीष दीपावली मनाकर दोस्तों से मिलने के लिए अंता जा रहा था.उसे क्या पता था कि यह सफर उसका आखिरी सफर साबित होगा.घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे.लोगों ने प्रशासन से नहर के किनारे सुरक्षा दीवार और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ढाई दशकों से अधिक के अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार राम मेहता जमीनी और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. वर्ष 2000 में राजस्थान पत्रिका से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद उन्होंने जन टीवी, समाचार प्लस, आजतक, इंडिया टीवी, एबीपी न्यूज़ सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्तमान में वर्ष 2014 से ज़ी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड के ज़ी राजस्थान न्यूज़ में बारां जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. राजनीति, शासन-प्रशासन और आदिवासी समाज के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. जमीनी पत्रकारिता, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहरी समझ उनकी पेशेवर पहचान का प्रमुख आधार है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES