App

दीपों की रात, बुझा घर का चिराग; पटाखे से दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, सदमे से बाप बेहोश

दिल्ली के नरेला में एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां एक 10 साल का बच्चा हाथ में अनार लेकर जला रहा था. तभी वह फट गया और कोई चीज उसकी छाती में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई. परिवार ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और पुलिस पर सहयोग ना करने के आरोप लगाए हैं.

दीपों की रात, बुझा घर का चिराग; पटाखे से दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, सदमे से बाप बेहोश
Image Credit: बच्चे की मौत की खबर से पिता बेहोश हो गए.

दिल्ली के नरेला में एक परिवार के लिए दिवाली का जश्न तब मातम में बदल गया, जब रविवार रात घर के बाहर पटाखे जलाते समय एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, बम फटने के बाद बच्चा घायल हो गया और उसकी अस्पताल में मौत हो गई. इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है. बच्चे के परिवार ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. साथ ही, उन्होंने  आरोप लगाया है कि घटना के बाद पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की.

पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 नवंबर को रात करीब 9:45 बजे हुई. बच्चा हाथ में पकड़कर जलाए जाने वाला एक पटाखा जला रहा था, तभी वह अचानक फट गया, जिससे उसकी छाती पर गंभीर चोटें आईं. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 10:50 बजे डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' (लाया हुआ मृत) घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मामले की आगे की जांच चल रही है.

अपने बेटे की मौत के बाद उसकी मां अंजलि बेसुध हो गई हैं. उन्होंने कहा,'मेरा बेटा पटाखे जला रहा था; बाकी सब भी ऐसा ही कर रहे थे. जब वह 'अनार' और 'स्काई शॉट्स' जला रहा था, तो पीछे से आकर एक चीज सीधे उसके सीने में लग गई. इससे उसकी धमनियां कट गईं; वह तब भी सांस ले रहा था, इसलिए हम उसे तुरंत अस्पताल ले गए. वहां उसका ठीक से इलाज नहीं किया गया; बल्कि, उन्होंने हमें डराने-धमकाने की कोशिश की. मुझे न्याय चाहिए.'

परिवार का आरोप- अस्पताल की लापरवाही और पुलिस की बेरुखी

बच्चे के बड़े भाई ने आरोप लगाया है कि अस्पताल ने सही तरीके से जांच नहीं की. उनका कहना है कि अगर समय रहते सही इलाज मिल जाता, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी. परिवार पर बीते इस दुखद दौर के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, 'मेरे भाई के बारे में सुनकर मेरे पिता बेहोश हो गए. पुलिस और अस्पताल, दोनों ही हमें कोई सहयोग नहीं दे रहे.अस्पताल ने मेरे भाई की ठीक से जांच नहीं की. उसे बचाया जा सकता था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब परिवार बच्चे की मौत के सदमे से जूझ रहा था, तब पुलिस ने कोई मदद नहीं की.

उन्होंने आरोप लगाया, 'पुलिस ने हमारी कोई मदद नहीं की. उन्होंने मुझे अस्पताल से जाने और अपने पिता का ध्यान रखने के लिए कहा, और इसी बीच, वे मेरे भाई का शव ले गए.' स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हॉस्पिटल का नाम 'सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल' है. खबरों में बताया गया कि परिवार ने अस्पताल में दिए गए इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More