SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Bundi News: बूंदी में बंद कमरे में मिले पति-पत्नी के शव, पास मिली 9 माह की मासूम

बूंदी के ब्रह्मपुरी इलाके में बंद कमरे से पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई. कमरे में उनकी 9 माह की बच्ची भी मिली, जिसे परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस को मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं पर जांच जारी है.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Sep 13, 2026, 02:16 PM IST | Updated: Sep 13, 2026, 02:21 PM IST
Image Credit: बंद कमरे से मिले पति-पत्नी के शव
Join

Bundi News: राजस्थान के बूंदी शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में रविवार सुबह सनसनी फैल गई, एक बंद कमरे में पति-पत्नी के शव मिले. इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. इसी कमरे से दंपति की 9 माह की मासूम बच्ची भी मिली, जिसे बाद में परिजनों को सौंप दिया गया.

पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. मौके पर पहुंची एमओबी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला पारिवारिक विवाद और गृह क्लेश से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी.

कमरे में मिले हनीफ और रोशन के शव
पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस टीम ब्रह्मपुरी मकान में पहुंची, जहां लगभग 40 वर्षीय हनीफ और उसकी पत्नी रोशन के शव मिले. जांच में घटनास्थल की परिस्थितियां आत्महत्या की ओर इशारा कर रही हैं. हालांकि, मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं. ऐसे में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, जिस मकान में दंपति के शव मिले, उसके निचले हिस्से में हनीफ की मां रहती हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले घर में क्या परिस्थितियां थीं और क्या पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद हुआ था?

दंपती के बीच विवाद की बात आई सामने
रिश्ते में भतीजे अकील अंसारी के अनुसार, रोशन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा है. इस घटना से एक दिन पहले ही उसे अस्पताल में दिखाकर लाया गया था. परिजनों का कहना है कि दंपती के बीच पहले भी कई बार विवाद होने की बात सामने आई थी.

जानकारी के अनुसार, हनीफ ने लगभग दो साल पहले कैथून निवासी रोशन से नाता प्रथा के तहत विवाह किया था. दोनों की 9 माह की बेटी है. दंपति के एक साथ मौत से उनका मासूम बच्चा अनाथ हो गया. हनीफ चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था और सिलाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था.

हमले की आशंका को लेकर भी जांच
घटना के बाद पड़ोसियों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर दंपति के बीच अक्सर होने वाले विवाद की बात सामने आई है. परिवार की ओर से महिला द्वारा पति पर हमला किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का. पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी और थाना अधिकारी रमेश आर्य भी मौके पर मौजूद रहे. जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES