)
Bikaner News: राजस्थान के बीकानेर नगर निगम में आज मंगलवार दोपहर सफाई व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा हुआ. वार्ड नंबर 37 से BJP पार्षद श्याम सिंह हाडला ने अपने क्षेत्र में करीब एक महीने से सफाई व्यवस्था बिगड़ी होने और कचरा संग्रहण वाहन नहीं आने का आरोप लगाया. आरोप लगाते हुए पार्षद ने निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी के सामने विरोध जताया. मामला इतना बढ़ गया कि पार्षद ने जमीन पर बैठकर अपना सिर जमीन पर मारने लगे और इसके बाद अपनी शर्ट भी फाड़ ली.
कचरा गाड़ी नहीं आने से नाराज पार्षद
पार्षद श्याम सिंह हाडला का आरोप है कि उनके वार्ड में पिछले करीब एक महीने से घर-घर कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियां नहीं आ रही हैं. इससे लोगों के घरों में कचरा जमा हो रहा है और स्थानीय लोगों की नाराजगी पार्षद को झेलनी पड़ रही है. पार्षद हाडला का कहना है कि कचरा संग्रहण वाहन के ड्राइवरों को फोन करने के बाद भी सही जवाब नहीं मिलता है. इसी समस्या को लेकर वह आज दोपहर करीब 1 बजे नगर निगम पहुंचे और कमिश्नर से मुलाकात किए.
कमिश्नर के सामने BJP पार्षद ने फाड़ी शर्ट
नगर निगम कार्यालय में पार्षद श्याम सिंह हाडला और कमिश्नर के बीच सफाई व्यवस्था को लेकर बातचीत हुई. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्षद श्याम सिंह हाडला नाराज हो गए और अधिकारियों पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. नगर निगम के हॉल में कमिश्नर और पार्षद आमने-सामने हो गए. सफाई व्यवस्था को लेकर नाराज श्याम सिंह हाडला ने विरोध जताते हुए अपनी शर्ट फाड़ ली.
पार्षद का कहना है कि दीपावली नजदीक है और लोग घरों की सफाई कर कचरा बाहर रखना चाहते हैं, लेकिन कचरा उठाने वाली गाड़ियां नहीं आने से उनकी परेशानी बढ़ रही है. हंगामे के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी रविंद्र सिंह धनकड़ और सभी पार्षद भी निगम हॉल में मौजूद थे. अचानक पार्षद जमीन पर बैठ गए और अपना सिर जमीन पर मारने लगे. मौके पर मौजूद लोग उन्हें उठाकर कमरे से बाहर ले गए.
पुराने टेंडर को लेकर भी पार्षद ने उठाए सवाल
पार्षद श्याम सिंह हाडला ने आरोप लगाया कि पुराने टेंडर को खत्म कर दिया गया, लेकिन उसके जगह नया टेंडर भी सही तरीके से नहीं किया गया. अधिकारियों की लापरवाही के कारण वार्ड में कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित हुई है. पार्षद श्याम सिंह हाडला ने कुछ अधिकारियों पर टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने का आरोप भी लगाया. हालांकि इन आरोपों की कोई पुष्टि नहीं हुई है.