भाई दूज पर बीकानेर में दर्दनाक हादसा: दो सगे भाइयों समेत 4 की मौत
बीकानेर के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में खेत की डिग्गी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई. हादसा ग्राम पंचायत आवा के चक 9AWM में हुआ. एक बच्चे को बचाने के प्रयास में चार लोग डिग्गी में डूब गए. मृतकों में दो सगे भाई, एक बालक और एक बालिका शामिल हैं.
राजस्थान के बीकानेर जिले से बड़ी दुखद खबर सामने आई है. छतरगढ़ थाना क्षेत्र में खेत की डिग्गी में डूबने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा ग्राम पंचायत आवा के चक 9AWM में हुआ. मृतकों में दो सगे भाई, एक अन्य बालक और एक बालिका शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, खेत में बनी डिग्गी में एक बच्चा डूबने लगा था. उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी डिग्गी में उतर गए. इस दौरान एक के बाद एक चार लोग डिग्गी में डूब गए. हादसे में चारों की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे.
यह भी पढ़ेंः डीग में बच्चों का झगड़ा बना खूनी संघर्ष, एक की मौत और 12 लोग घायल, पंचायत चुनाव की रंजिश का आरोप
एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार की मौत
बताया जा रहा है कि हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित पूजा, मुकेश, निर्मल और विनोद की मौत हुई है. दो सगे भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना पर छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत धालीवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
खेतों में बनी खुली डिग्गियां बन रहीं हादसों की वजह
राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में खेतों और पानी की डिग्गियों में डूबने से होने वाले हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं. कृषि और घरेलू जरूरतों के लिए बनाई जाने वाली इन बड़ी डिग्गियों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होना हादसों की बड़ी वजह बन रहा है. जानकारों और प्रशासन का मानना है कि डिग्गियों के चारों ओर मजबूत जालियां या चारदीवारी बनाई जाए और उन्हें ढकने के लिए ढक्कन की व्यवस्था हो, तो इस तरह की कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है.
सुरक्षा इंतजाम और जागरूकता की जरूरत
एक साथ चार लोगों की मौत की इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. ऐसे में प्रशासन और सामाजिक संगठनों के लिए जरूरी हो गया है कि वे मिलकर ग्रामीणों और किसानों को जागरूक करें. खासतौर पर खुले जल स्रोतों और पानी की डिग्गियों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां पलभर में छीन सकती है.