SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कोटा से आई बिहार के भाईयों की सक्सेस स्टोरी, सोनू-मोनू बदलेंगे परिवार की तकदीर

कोटा में बिहार के गयाजी जिले के दो सगे भाइयों ने कोटा में रहकर पढ़ाई की और अपनी मेहनत से सफलता की नई कहानी लिखी है. पिता मनोज कुमार ने परिवार का गुजारा चलाने के लिए मनरेगा में मजदूरी की और अनाज मंडी में पल्लेदारी की. आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने बेटों के सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. यहां तक कि एक बेटे की कोटा में पढ़ाई के लिए अपनी दो जमीनों में से एक बेच दी. अब पिता के इसी त्याग का परिणाम है कि बड़ा बेटा सोनू राज डॉक्टर बनेगा, जबकि छोटा बेटा मोनू राज इंजीनियरिंग की पढ़ाई करेगा.

Reported By Chetan Gurjar
Published: Nov 14, 2026, 14:17 IST | Updated: Nov 14, 2026, 14:28 IST
Image Credit: bihar brothers sonu monu crack neet jee
Join

सोनू राज ने नीट-2026 में 636 अंक हासिल कर एम्स सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, दिल्ली में एंट्री हासिल की, वहीं मोनू राज ने जेईई-मेन में 93 पर्सेंटाइल हासिल कर बीआईटी मेसरा में केमिकल इंजीनियरिंग ब्रांच में एडमिशन लिया है. दोनों भाइयों ने कोटा में दो साल साथ रहकर एलन से कोचिंग की और अलग-अलग क्षेत्रों में सफलता हासिल की.

एक जमीन बेचकर बेटे को भेजा कोटा
मोनू ने बताया कि उनके पिता मनोज कुमार गयाजी की धान मंडी में पल्लेदारी करने के साथ किसानों की फसल बिकवाने का काम कमीशन पर करते हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी. घर चलाने के लिए पिता ने मनरेगा में भी मजदूरी की. मां रेशमी देवी गृहिणी हैं. परिवार के पास दो जमीनें थीं, जिनसे खाने लायक अनाज पैदा होता था और कुछ फसल बेचकर घर का खर्च चलता था. जब मोनू ने कोटा जाकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई तो फीस और रहने के खर्च की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती थी. बेटे का सपना पूरा करने के लिए पिता ने अपनी एक जमीन बेच दी.

दूसरे विद्यार्थियों को देखकर जगा डॉक्टर-इंजीनियर बनने का सपना
मोनू ने बताया कि उसने 10वीं में 96 प्रतिशत और 12वीं में 84.5 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. गयाजी के कई विद्यार्थियों को कोटा जाकर नीट और जेईई की तैयारी करते हुए डॉक्टर और इंजीनियर बनते देखा तो उसके मन में भी बड़े सपने जागे. उन्हीं विद्यार्थियों से कोटा और कोचिंग के बारे में जानकारी ली और एलन में एडमिशन लिया.

बीमारी भी नहीं रोक पाई मोनू की राह
कोटा में पढ़ाई के दौरान मोनू को कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा. नए वातावरण और मौसम के कारण पहले टायफाइड हुआ, इसके बाद पीलिया ने भी घेर लिया। कई बार हार्ट बीट असामान्य रूप से तेज हो जाती थी. करीब तीन महीने तक लगातार बुखार की समस्या रही. इसके बावजूद उसने पढ़ाई नहीं छोड़ी और नियमित रूप से क्लास अटेंड करते हुए अपनी तैयारी जारी रखी.

बेटों की सफलता से परिवार में खुशी
पिता मनोज कुमार का कहना है कि बच्चों की सफलता ने उनकी मेहनत और त्याग को सार्थक कर दिया. कोटा में पढ़ाई करके बच्चों के सपने पूरे हो सकते हैं, यह एक बार फिर साबित हुआ है. उन्होंने शिक्षकों और कोटा शहर के प्रति आभार जताया. सोनू राज ने कहा कि दोनों भाइयों की सफलता से पूरा परिवार खुश है. माता-पिता ने हमारे लिए बहुत कुछ किया है. अब हमारी बारी है कि हम परिवार और समाज के लिए कुछ करें। कोटा के पढ़ाई के माहौल ने सफलता हासिल करने में बड़ी भूमिका निभाई.

वहीं एलन के फाउंडर डॉ. नवीन माहेश्वरी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य प्रतिभाओं को उनका मुकाम हासिल करवाना है. इसके लिए हरसंभव मदद की जाती है. जब विद्यार्थी कोटा आकर अपने लक्ष्य हासिल करते हैं तो यह सामाजिक बदलाव का उदाहरण बनता है और दूसरे विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.

ये भी पढ़ें : जयपुर के नाहरगढ़ में अब सचिन-धोनी के साथ नजर आएंगी हरमनप्रीत कौर, सामने आई वैक्स स्टेच्यू की पहली झलक

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

चेतन गुर्जर , राजस्थान के टोंक जिले के गांव थड़ी से आते हैं. उन्होंने साल 2019 में जयपुर से पत्रकारिता की शुरुआत की और आज तक (Aaj Tak) के साथ अपनी सेवाएं दीं. फिर साल 2023 में उन्होंने कोटा में रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी संभाली. वे कोटा जिले की प्रमुख खबरों, अपराध, राजनीति, शिक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते रहे हैं. अक्टूबर 2026 से उन्होंने जी मीडिया (Zee Media) के साथ नई शुरुआत की है और अब कोटा में जी मीडिया के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES