'बाड़ाबंदी कोई अपराध नहीं...' पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर के बयान ने गरमाया भीलवाड़ा का सियासी पारा
भीलवाड़ा में 20 नवंबर को पंचायत चुनाव की मतगणना होगी. इससे पहले भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की फिर बाड़ाबंदी की गई है. पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर ने पत्नी सरोज देवी को जिला प्रमुख बनाने के लिए प्रयास करने की बात कही है.
भीलवाड़ा जिले में पंचायतीराज चुनाव संपन्न हो चुके हैं. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद है. अब 20 नवंबर को मतगणना होगी. इस बीच भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी का दौर जारी है.
पिछले एक महीने से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को अलग-अलग जगहों पर ले जाकर रखा जा रहा था. बीती शाम सभी प्रत्याशी भीलवाड़ा स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे थे. इसके बाद उन्हें एक बार फिर अलग-अलग क्षेत्रों में बाड़ाबंदी के लिए ले जाया गया.
बाड़ाबंदी को गैरकानूनी नहीं मानते पूर्व मंत्री
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व पंचायतीराज मंत्री कालूलाल गुर्जर ने बाड़ाबंदी को गैरकानूनी मानने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों को एक जगह इकट्ठा करना कानूनन कोई अपराध नहीं है. हालांकि, किसी को जबरदस्ती या अपहरण करके ले जाना गैरकानूनी है. गुर्जर ने कहा कि पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को एक साथ रखने का उद्देश्य उन्हें आगे की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना है. उन्हें बताया जाता है कि अध्यक्ष या चेयरपर्सन के चुनाव में किस तरह भाग लेना है और मतदान कैसे करना है. उन्होंने कहा कि पार्टी जिस प्रत्याशी को प्रधान या जिला प्रमुख के पद के लिए तय करेगी, उसे वोट देने की प्रक्रिया भी समझाई जाती है. इसलिए प्रत्याशियों को एक साथ रखना कोई गलत बात नहीं है. हालांकि, किसी को जबरदस्ती ले जाना अपराध है और ऐसा नहीं होना चाहिए.
यह भी पढ़ें- सरपंच चुनाव में हार के बाद महेश बाजिया का भव्य सम्मान, 11.81 लाख और स्कॉर्पियो भेंट की
सरोज देवी को जिला प्रमुख बनाने के लिए करेंगे प्रयास
पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर ने अपनी पत्नी सरोज देवी गुर्जर को जिला प्रमुख बनाए जाने की संभावना पर भी बात रखी. उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने जिला परिषद का चुनाव लड़ा है. यदि वह जीतती हैं तो सामान्य सीट होने के कारण जिला प्रमुख पद के लिए भी प्रयास किया जाएगा. गुर्जर ने कहा कि भाजपा में मंत्री रहने का मतलब यह नहीं है कि वह अपनी पत्नी के लिए प्रयास नहीं करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह खुद भी इसके लिए प्रयास करेंगे.
दो बार प्रधान रहने का अनुभव
कालूलाल गुर्जर ने अपनी पत्नी सरोज देवी गुर्जर के राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वह दो बार प्रधान रह चुकी हैं और दोनों कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरे किए हैं. इसके अलावा वह जिला परिषद की सदस्य के रूप में चौथी बार चुने जाने के लिए चुनाव मैदान में हैं.
उन्होंने कहा कि उनके अनुसार भीलवाड़ा जिले में शायद ही कोई अन्य व्यक्ति चौथी बार जिला परिषद सदस्य बनेगा. सरोज देवी कृषि उपज मंडी की डायरेक्टर भी रह चुकी हैं. उन्होंने अलग-अलग पदों पर काम किया है और उन्हें प्रशासनिक अनुभव भी है.
गुर्जर ने कहा कि यदि पार्टी सरोज देवी को जिला प्रमुख पद का मौका देती है तो वे पार्टी का एहसान मानेंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि मौका मिलने पर जिला प्रशासन को अच्छे तरीके से चलाने का प्रयास किया जाएगा.