अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड: आरोपी मुकेश फौजी के घर पर चलेगा बुलडोजर, 5 गिरफ्तार, जानें अब तक का अपडेट
Bharatpur News: भरतपुर में पूर्व विधायक अतरसिंह भड़ाना हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है. हत्याकांड में गिरफ्तार 5 आरोपियों भागमल, सोनी, शेरसिंह, बलदेव और कुंवरसिंह को न्यायालय में पेश किया. न्यायालय ने पांचों आरोपियों को 2 दिन के पुलिस पीसी रिमांड पर भेजा गया. इस दौरान आरोपियों से हत्याकांड को लेकर पूछताछ होगी.
Bharatpur News: भरतपुर के वैर में पूर्व विधायक अतरसिंह भड़ाना हत्याकांड में गिरफ्तार पांच आरोपियों भागमल, सोनी, शेरसिंह, बलदेव और कुंवरसिंह को न्यायालय में पेश किया गया. सुनवाई के बाद न्यायालय ने पांचों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से हत्याकांड को लेकर पूछताछ करेगी.
इधर, पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड के आरोपी मुकेश फौजी के घर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. नगर पालिका वैर की ओर से इस संबंध में नोटिस चस्पा किया गया है. यह नोटिस मुकेश फौजी की माता अतरी देवी पत्नी हरज्ञान गुर्जर के नाम पर नगर पालिका वैर क्षेत्र में स्थित मकान पर चस्पा किया गया है.
भरतपुर जिले के भौंडा गांव में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या के मामले में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बैठक के बाद वैर थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया गया, वहीं, एएसपी प्रेरणा शेखावत और भुसावर सीओ नीरज भारद्वाज को एपीओ कर दिया गया है. पुलिस अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में तनाव बना हुआ है.
5 आरोपी गिरफ्तार, जयपुर से पकड़ा गया बलदेव
पुलिस के अनुसार, पूर्व विधायक की हत्या के मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें भागमल गुर्जर, सोनी गुर्जर, बलदेव गुर्जर, शेर सिंह गुर्जर और नावर गांव निवासी कुमर सिंह गुर्जर शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों में चार भौंडा गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने बलदेव गुर्जर को जयपुर के महेश नगर इलाके से गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है. वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
यह भी पढ़ें- Atar Singh Bhadana Death: पूर्व विधायक की हत्या में पत्नी कमलेश ने खोला राज YouTuber समेत 64 पर FIR
गांव में भारी पुलिस बल तैनात, कई घर सूने
घटना की गंभीरता को देखते हुए वैर, भुसावर, हलैना, खेड़ली मोड़, बयाना और नदबई थानों के करीब 100 पुलिसकर्मियों को गांव में तैनात किया गया है. हत्या के बाद भौंडा और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव छोड़कर चले गए. गांव में कुछ महिलाएं और बच्चे ही रह गए हैं, जबकि कई घर सूने पड़े हैं. पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
क्रेशर प्लांट के ऑफिस पर किया गया था हमला
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की रविवार शाम उनके क्रेशर प्लांट पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. जानकारी के मुताबिक, करीब 90 लोगों ने क्रेशर प्लांट स्थित उनके ऑफिस पर हमला कर दिया था. घटना के समय वहां 20 से 25 कर्मचारी भी मौजूद थे. पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने बताया कि वारदात के समय क्रेशर प्लांट पर कर्मचारी मौजूद थे. घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी.
खनन लीज के रास्ते को लेकर चल रहा था विवाद
भौंडा गांव के पास अतर सिंह भड़ाना की पत्नी के नाम पर खनन लीज आवंटित थी. यह लीज कई वर्षों से चल रही थी. हालांकि, करीब दो साल पहले ग्रामीणों ने खनन स्थल तक जाने वाला रास्ता बंद कर दिया था. ग्रामीणों का आरोप था कि खनन के लिए इस्तेमाल होने वाला रास्ता गांव की चरागाह भूमि से होकर गुजरता है. इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो समय के साथ बढ़ता गया.
यह भी पढे़ं- एक बंद कमरा, खामोश चीखें और फोन की वो रिकॉर्डिंग...भड़ाना मर्डर मामले में पत्नी का दावा
भड़ाना खनन का काम दोबारा शुरू कराना चाहते थे, जबकि ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे. जानकारी के अनुसार, हाई कोर्ट के आदेश और प्रशासन के सहयोग से खनन कार्य दोबारा शुरू कराने की कोशिश की जा रही थी. रास्ते और खनन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद आखिरकार हिंसक घटना में बदल गया.
भाजपा नेताओं की बैठक में कहासुनी की भी चर्चा
इस मामले से जुड़ा एक अन्य घटनाक्रम 27 सितंबर को सामने आया था. मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर बयाना में भाजपा नेताओं की बैठक हुई थी. इस बैठक में अतर सिंह भड़ाना और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई थी. इसके अलावा, भड़ाना की खदान से कुछ दिन पहले चोरी होने और इसकी शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी भी सामने आई थी. इन घटनाक्रमों और हत्या के बीच किसी संबंध की पुष्टि जांच के आधार पर ही हो सकेगी.
2003 से 2008 तक रहे थे बयाना के विधायक
अतर सिंह भड़ाना मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे. वह 2003 से 2008 तक भाजपा के टिकट पर बयाना विधानसभा सीट से विधायक रहे थे. उनकी हत्या के बाद खनन लीज और रास्ते को लेकर पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने पर पुलिस जुटी हुई है.
बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी शुरू
आरोपी मुकेश फौजी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. नगर पालिका वैर की ओर से मुकेश फौजी की माता अतरी देवी पत्नी हरज्ञान गुर्जर के नाम पर वैर नगरपालिका क्षेत्र में स्थित मकान पर नोटिस चस्पा किया गया है.
उपखंड अधिकारी वैर ऋतुराज शर्मा ने बताया कि भोंडा गांव में आज भी कुछ अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए हैं. इसके अलावा छह मकानों की दीवारों को चिह्नित किया गया है. संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं. जल्द ही अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू की जाएगी.