App

एक बंद कमरा, खामोश चीखें और फोन की वो रिकॉर्डिंग...भड़ाना मर्डर मामले में पत्नी का दावा

Atar Singh Bhadana Murder: राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत के मामले में उनकी पत्नी की FIR में हमले को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायत के मुताबिक, 11 अक्टूबर को भौंड़ा गांव स्थित खनन लीज पर 70-80 लोग पहुंचे और लाठी, फरसा, कुल्हाड़ी, डंडे तथा लोहे की सरिया जैसे हथियारों से हमला किया.

एक बंद कमरा, खामोश चीखें और फोन की वो रिकॉर्डिंग...भड़ाना मर्डर मामले में पत्नी का दावा
Image Credit: Atar Singh Bhadana Murder

Bharatpur Crime News: राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व विधायक और भाजपा नेता अतर सिंह भड़ाना की मौत के मामले में उनकी पत्नी की ओर से दर्ज कराई गई FIR में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं. शिकायत के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 की शाम भौंड़ा गांव स्थित खनन लीज पर 70 से 80 लोग पहुंचे थे. 

भड़ाना मर्डर केस में उनकी पत्नी ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस की जानकारी के मुताबिक, वारदात के दौरान वो घर की पहली मंजिल के कमरे में थी और भड़ाना नीचे थे, जिसके बाद करीब 80 से 90 लोगों ने अतर सिंह पर हमला कर दिया. यह पूरी वारदात घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. CCTV की DVR को भड़ाना की पत्नी साथ ले गईं. 

आरोप है कि इन लोगों ने लाठी, फरसा, कुल्हाड़ी, डंडे, लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से हमला किया. शिकायत में कर्मचारियों और श्रमिकों को जिंदा जलाने के इरादे से आवास में आग लगाने तथा क्रशर की मशीनों को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है. मामले में अतर सिंह भड़ाना की पत्नी ने 64 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

FIR में क्या कहा गया? हथियार लेकर लीज पर पहुंचने का आरोप
FIR की उपलब्ध तस्वीर के मुताबिक, शिकायत में कहा गया है कि 11 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6 से 7 बजे प्रार्थिया अपने पति अतर सिंह भड़ाना के साथ खान क्षेत्र में बने आवास पर पूरन सिंह, गगन, प्रदीप और अन्य लोगों के साथ बैठी थीं. इसी दौरान भौंड़ा गांव निवासी कुछ लोग कथित तौर पर 70-80 अन्य लोगों के साथ अनधिकृत रूप से खान क्षेत्र में दाखिल हुए. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों के हाथों में लाठी, फरसा, कुल्हाड़ी, डंडे, लोहे की सरिया और धारदार हथियार थे. आरोप है कि आवास पर पहुंचते ही उन्होंने अतर सिंह भड़ाना को पकड़कर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया. शिकायत के अनुसार, उनके सिर, हाथ, पैरों, पीठ, पसलियों और सीने पर गंभीर चोटें आईं.

कर्मचारियों को जिंदा जलाने और मशीनें तोड़ने का आरोप
अतर सिंह भड़ाना की पत्नी की FIR की जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने कर्मचारियों और श्रमिकों को जिंदा जलाने के लिए आवास में आग लगा दी. इसके अलावा FIR में क्रशर की मशीनों को तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाने की बात भी लिखी है. ये सभी आरोप अतर सिंह भड़ाना की पत्नी की ओर से लगाए गए हैं.

25 सितंबर की घटना का भी FIR में जिक्र
शिकायत में 25 सितंबर 2026 को हुई एक पिछली घटना का भी उल्लेख है. FIR के अनुसार, उस दिन भी कुछ लोग कथित तौर पर हथियारों से लैस होकर खान क्षेत्र में दाखिल हुए थे. आरोप है कि उन्होंने खनन स्थल पर मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वहां लगी मशीनों को उठाकर ले गए. शिकायत में कहा गया है कि इस घटना के संबंध में वैर थाने में 27 सितंबर 2026 को रिपोर्ट संख्या 257/2026 दर्ज कराई गई थी. आरोप है कि उस समय भी अतर सिंह भड़ाना को धमकियां दी गई थीं और खान तक जाने का रास्ता जबरन बंद किया गया था. शिकायतकर्ता के अनुसार, इस संबंध में पुलिस और प्रशासन को बार-बार सूचित किया गया था. पिछली शिकायत और मौजूदा घटना के बीच संबंध की जांच करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण होगा. यह भी जांच का विषय है कि पहले दर्ज शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई थी और दोनों घटनाओं में नामजद लोगों की क्या भूमिका रही.

गगन शर्मा ने बताया- पहले बिजली कनेक्शन काटा गया
घटना में घायल हुए गगन शर्मा ने बताया कि वह खनन लीज पर सिक्योरिटी का काम करते हैं और मेस की देखरेख भी करते हैं. उनके अनुसार, घटना के समय वह मेस में खाना बना रहे थे. तभी लीज की बिजली का कनेक्शन काट दिया गया और इसके बाद अचानक हमला हुआ. गगन शर्मा ने बताया कि हमले के दौरान वह बेहोश हो गए और उसके बाद उन्हें घटनाक्रम की जानकारी नहीं रही. घायल गगन शर्मा को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है. दूसरी ओर, बताया जा रहा है कि हमले के समय अतर सिंह भड़ाना की पत्नी ऊपर बने कमरे में थीं. दावा है कि उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया था और हमलावरों ने खिड़कियों पर पत्थर फेंके तथा गेट तोड़ने की कोशिश की. पत्नी के मोबाइल में घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा भी किया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है.

64 लोगों के खिलाफ नामजद FIR, पुलिस जांच जारी
मामले में 64 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब आरोपों की जांच, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और नामजद लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है. पूर्व विधायक की मौत के मामले में अब तक पांच लोगों को डिटेन किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. एसपी राजेश मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैर थाना प्रभारी से घटनाक्रम की जानकारी ली. डीजीपी राजीव शर्मा ने भरतपुर रेंज आईजी प्रीति चंद्रा से फैक्टुअल रिपोर्ट मांगी है. पुलिस जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमले की शुरुआत कैसे हुई, पहले से चल रहे खनन विवाद की इसमें क्या भूमिका थी और घटना में कौन-कौन शामिल था. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More