बाड़मेर में दर्दनाक हादसा: जानवरों को बचाने गए पति-पत्नी की हुई मौत, गांव में मचा हड़कंप
बाड़मेर के खीपसर गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर मवेशियों के बाड़े पर गिर गया. करंट से 15 भेड़-बकरियों की मौत हो गई. उन्हें बचाने पहुंचे पति-पत्नी भी मौके पर जान चली गई.
राजस्थान के बाड़मेर जिले में गुरुवार यानी 22 अक्टूबर की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई. खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर भेड़-बकरियों के बाड़े पर गिर पड़ा, जिससे पूरे बाड़े में करंट फैल गया और 15 मवेशियों की मौत हो गई.
इसी दौरान मवेशियों को बचाने पहुंचे पति-पत्नी भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद गांव के लोगों और परिजनों में आक्रोश है और वे सुबह 11 बजे से धरने पर बैठे हैं. यह पूरी घटना बाड़मेर के नागाणा थाना इलाके के खीपसर गांव की है. मृतकों की पहचान रावताराम (45) और उनकी पत्नी वीरों देवी (41) के रूप में हुई है. दंपती के तीन बच्चे हैं, जिसमें दो बेटे हरजीराम (22) और विष्णा राम (20), जबकि एक बेटी साजियों (18) है.
यह भी पढ़ेंः करौली में जरख का खौफ: दराती से भिड़ गया पति, फिर भी 3 ग्रामीण गंभीर घायल, इलाके में दहशत
मवेशियों को बचाने पहुंचे पति-पत्नी
मिली जानकारी के मुताबिक, रावताराम और वीरों देवी सुबह खेत में काम कर रहे थे और पास में बने बाड़े में उनकी 15 भेड़-बकरियां बंधी हुई थीं. इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बाड़े में गिर गया, जिससे वहां करंट फैल गया और मवेशी तड़पने लगे.
मवेशियों को करंट की चपेट में आया देखकर रावताराम उन्हें बचाने के लिए बाड़े की ओर दौड़े. जैसे ही उन्होंने वहां लगे लोहे के जाल को छुआ, वे करंट की चपेट में आ गए. पति को बचाने के लिए पत्नी वीरों देवी भी वहां पहुंचीं, लेकिन वह भी करंट से झुलस गईं. इस दौरान दोनों की मौत हो गई.
ग्रामीणों ने लगाए देरी के आरोप
इस हादसे के बाद आसपास के लोगों ने बिजली आपूर्ति बंद करवाने के लिए फोन करने की कोशिश की. ग्रामीणों का आरोप लगाते हपए कहा कि तार टूटने की सूचना देने के लिए खीपसर जीएसएस पर फोन किया गया, लेकिन वहां बिजली बंद करने के लिए कोई कर्मचारी नहीं था. इसके बाद आसपास के लोगों ने डिस्कॉम कर्मचारियों से संपर्क किया और बिजली आपूर्ति बंद करवाई. हालांकि, तब तक पति-पत्नी और 15 मवेशियों की मौत हो चुकी थी.
मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरना
इस घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. वे सुबह करीब 11 बजे से धरने पर बैठे हैं. इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत शुरू की. पुलिस का कहना है कि परिजनों और ग्रामीणों से सहमति के लिए बातचीत की जा रही है.
Report-Durag singh Rajpurohit