SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चश्मे बेचने की आड़ में करते थे गंदा खेल: बारां में ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ईरानी गैंग

Baran News: बारां में चश्मे-नगीने बेचने की आड़ में रैकी और ध्यान भटकाकर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ईरानी गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. पुलिस ने उनकी पैदल परेड कराकर चोरी की दुकान की तस्दीक कराई.

Written By Sandhya Yadav
Published: Oct 08, 2026, 03:39 PM IST | Updated: Oct 08, 2026, 03:59 PM IST
Image Credit: ईरानी गैंग के इन 4 शातिरों का पर्दाफाश.
Join

Baran News: बारां में चश्मे-नगीने बेचने की आड़ में दुकानों की रेकी करने और फिर ध्यान भटकाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय ईरानी गैंग के चार आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों और गैंग से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.

शहर के बाजारों में आरोपियों की पैदल परेड
गिरफ्तारी के बाद आज कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों की शहर में पैदल परेड कराई. पुलिस आरोपियों को प्रताप चौक से मुख्य बाजार होते हुए सर्राफा बाजार तक लेकर पहुंची. इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से उस दुकान की तस्दीक भी कराई, जहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था.

आरोपियों को चूड़ी बाजार और सर्राफा बाजार से भी निकाला गया. इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे. व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस जिंदाबाद के नारे भी लगाए.

ग्राहक बनकर ज्वैलरी दुकान में पहुंचे थे आरोपी
एसपी अभिषेक अंदाशु ने बताया कि 10 सितंबर को घंटाघर के पीछे शीतला चौक स्थित जय भवानी ज्वैलर्स पर दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे थे. दोनों ने दुकानदार से टॉप्स और बालियां दिखाने के लिए कहा.

दुकानदार जब उन्हें ज्वैलरी दिखा रहा था, तभी आरोपियों ने ध्यान भटकाने का मौका तलाशा. जैसे ही दुकानदार दूसरा डिब्बा निकालने लगा, आरोपियों ने काउंटर पर रखे सोने के टॉप्स और बालियां चोरी कर लीं. इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए.

84.270 ग्राम सोना लेकर हुए थे फरार
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जय भवानी ज्वैलर्स से 50.660 ग्राम वजन के सोने के टॉप्स और 33.610 ग्राम वजन की बालियां चोरी की थीं. दोनों की कुल मात्रा 84.270 ग्राम सोना थी.

वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित अलग-अलग स्थानों पर आरोपियों की तलाश की. लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली.

जयपुर के बगरू से चारों आरोपी पकड़े
पुलिस ने जयपुर के बगरू से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. इनमें कोटा निवासी अकबर अली, अनंतपुर निवासी यासर अली, मेहंदी हसन और पुणे निवासी मोहम्मद शामिल हैं.

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ पहले से करीब 30 मामले दर्ज हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी पर 2-2 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था. इससे पुलिस को इनके आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की जानकारी मिली.

निशानदेही पर दो बाइक बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की. उनकी निशानदेही पर अंता से वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद की गई हैं. पुलिस अब इन वाहनों और आरोपियों के जरिए गैंग की अन्य वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

कई इलाकों में वारदात करना कबूला
पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान के अलावा कई अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होना कबूल किया है. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बाड़मेर, भींडर, इकलेरा और खानपुर समेत कई राज्यों में वारदात करने की बात स्वीकार की है.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अभी 2 दिन के रिमांड के दौरान विस्तृत पूछताछ की जाएगी. पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों, चोरी किए गए सामान और दूसरी वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है. पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके द्वारा की गई अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES