SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कालबेलिया डांस, तीरंदाजी और चिलचिलाती धूप… जयपुर में आयुष्मान-सारा का दिखा देसी अंदाज

Rajasthan News: जयपुर की चोखी ढाणी में फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे आयुष्मान खुराना और सारा अली खान ने कालबेलिया पर डांस किया. दोनों ने कठपुतली शो, तीरंदाजी और बैलून शूटिंग का मजा लिया. गर्मी पर आयुष्मान के मजाकिया अंदाज ने सबका ध्यान खींचा.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 13, 2026, 08:24 PM IST | Updated: Oct 13, 2026, 08:29 PM IST
Image Credit: Udta Teer Promotion (Social Media)
Join

Ayushmann Khurrana And Sara Ali Khan: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री सारा अली खान मंगलवार को अपनी आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के लिए जयपुर की चोखी ढाणी पहुंचे. यहां दोनों कलाकार राजस्थानी लोक संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए. उन्होंने कालबेलिया नृत्य पर डांस किया, कठपुतली शो देखा और पारंपरिक खेलों में भी हाथ आजमाया. इस दौरान तेज धूप ने दोनों को काफी परेशान किया. फोटो और वीडियो शूट के बीच बार-बार मेकअप ठीक करवाना पड़ा. गर्मी से परेशान आयुष्मान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कहीं इस गर्मी में उन्होंने ‘उड़ता तीर’ तो नहीं ले लिया.

गर्मी से परेशान आयुष्मान ने किया मजेदार कमेंट
चोखी ढाणी में फोटोशूट और वीडियो बनाने के दौरान तेज धूप के कारण कलाकारों को कई बार रुकना पड़ा. आयुष्मान और सारा को अपना मेकअप ठीक करवाने के लिए बार-बार टचअप लेना पड़ा. इस बीच आयुष्मान ने हंसते हुए कहा, 'इस गर्मी में कहीं उड़ता तीर तो हमने नहीं ले लिया.' उन्होंने मीडिया से यह भी पूछा कि अक्टूबर आते-आते तो मौसम सुहाना हो जाता है, लेकिन इस बार गर्मी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है. उनके इस मजाकिया अंदाज से वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई.

कालबेलिया पर थिरके, कठपुतली शो का भी लिया मजा
चोखी ढाणी में दोनों कलाकारों के स्वागत के लिए राजस्थानी लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम रखे गए थे. कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति के दौरान आयुष्मान और सारा भी कलाकारों के साथ डांस करते नजर आए. कठपुतली शो में फिल्म की कहानी से जुड़ी याददाश्त खोने वाले पाकिस्तानी एजेंट की उलझन को दिलचस्प अंदाज में दिखाया गया. इस दौरान कठपुतली कलाकार ने फिल्म का टाइटल सॉन्ग भी सुनाया. गाने पर आयुष्मान, सारा के साथ नाचते दिखाई दिए.

दोनों ने चोखी ढाणी में मौजूद पारंपरिक खेलों में भी हिस्सा लिया. सारा अली खान ने तीरंदाजी में निशाना साधा, जबकि आयुष्मान के तीर कई बार लक्ष्य से चूक गए. इसके बाद दोनों ने बंदूक से निशाना लगाकर गुब्बारे फोड़ने का खेल भी खेला.

सारा को पसंद दाल-बाटी-चूरमा, आयुष्मान को जयपुर की हर चीज प्यारी
मीडिया से बातचीत में सारा अली खान ने बताया कि उन्हें जयपुर की दाल-बाटी और चूरमा बेहद पसंद है. वहीं आयुष्मान ने शहर से जुड़ी बचपन की यादें साझा कीं. उन्होंने बताया कि वह बचपन में अपने परिवार के साथ चोखी ढाणी आए थे और अब एक बार फिर यहां आने का मौका मिला है. आयुष्मान ने कहा कि जयपुर की हर चीज उन्हें प्यारी लगती है और यहां आना हमेशा खास होता है. फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक अलग तरह की फिल्म है, जिसमें दर्शकों को कॉमेडी, जासूसी और पहचान से जुड़ी उलझनों का मेल देखने को मिलेगा.

याददाश्त खो देता है पाकिस्तानी एजेंट
आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी ‘उड़ता तीर’ एक स्पाई-कॉमेडी फिल्म है. इसमें आयुष्मान खुराना बिलाल नाम के पाकिस्तानी खुफिया एजेंट का किरदार निभा रहे हैं. एक मिशन के दौरान विस्फोट होने के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है. इसके बाद वह खुद को भारत की आतंकवाद निरोधक टीम का अधिकारी समझने लगता है. इसी गलत पहचान से कहानी में कई मजेदार और अप्रत्याशित मोड़ आते हैं. फिल्म में सारा अली खान भी अहम भूमिका में हैं. इसकी कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी आकाश ए. कौशिक ने संभाली है. फिल्म का निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट ने किया है.

दो बार बदली रिलीज डेट, अब 23 अक्टूबर को आएगी फिल्म
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट में दो बार बदलाव किया गया है. फिल्म को पहले 11 सितंबर को रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में तारीख बदलकर 9 अक्टूबर कर दी गई. इसके बाद मेकर्स ने रिलीज को फिर आगे बढ़ाते हुए 23 अक्टूबर की तारीख तय की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES