SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बीजेपी की रैलियों में भीड़ नहीं जुटने के चलते सरकार और पार्टी के नेता बौखलाहट में हैं-अशोक गहलोत

जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से जोधपुर में दिए गए बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जोधपुर में जिस तरह की टिप्पणियां कीं, उससे उनकी पर्सनैलिटी को स्थायी नुकसान पहुंचा है

Reported By Rakesh Bhardwaj
Published: Nov 07, 2026, 01:47 PM IST | Updated: Nov 07, 2026, 02:16 PM IST
Image Credit: ashok gehlot
Join

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत आज जोधपुर पहुंचे. गहलोत ने प्रदेशवासियों और जोधपुरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी परिवारों के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली लेकर आए, यही उनकी कामना है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच सम्मानजनक संबंध बने रहने चाहिए. उन्होंने अपने राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा वरिष्ठ नेताओं से यही सीखा है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत सम्मान बना रहना चाहिए.

गहलोत ने किया पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को याद

गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने भजनलाल शर्मा से मुलाकात की थी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ अपने संबंधों का भी उदाहरण दिया था. उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की आलोचना करना है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर इस तरह के आरोपों की उम्मीद नहीं थी. मुख्यमंत्री के बयान से उन्हें व्यक्तिगत रूप से पीड़ा पहुंची है, क्योंकि उनके मन में मुख्यमंत्री के प्रति लगाव और सम्मान का भाव था. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके पुराने राजनीतिक जीवन और खाद-बीज की दुकान से जुड़े मामलों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पांच वर्ष की उम्र में खाद की दुकान खोली थी, तब मुख्यमंत्री को कैसे पता चला कि वहां नकली खाद-बीज बिकते थे या कोई गलत काम हुआ था ? गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस तरह के आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी दोहराई.

 भाजपा की रैलियों में भीड़ नहीं आती- गहलोत

गहलोत ने भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ और अराजकता मिटाओ जैसे मुद्दों पर निकाली जा रही रैलियों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पिछले 80 वर्षों में ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि विपक्ष लोकतंत्र को बचाने के लिए रैली कर रहा है और सत्ता पक्ष उसके जवाब में काउंटर रैली निकाल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की रैलियों में भीड़ नहीं जुटने के कारण सरकार और पार्टी के नेता बौखलाहट में हैं. उन्होंने कहा कि रैलियों के दौरान वीआईपी रूट, ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाओं से आम जनता और व्यापारियों को परेशानी होती है. उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की रैली को लेकर व्यापारियों की परेशानी का हवाला दिया जा रहा था, तब राहुल गांधी ने जवाब दिया था, लेकिन अब भाजपा खुद प्रदेशभर में रैलियां कर रही है.

 

गहलोत ने अपने लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 1980-81 के दौरान भी उनके खिलाफ कई तरह के आरोप लगाए गए थे. उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में आरोप लगते रहे हैं और वे इन परिस्थितियों के आदी हैं. इसके बावजूद वे तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री और तीन बार केंद्रीय मंत्री बने. उन्होंने इसके लिए प्रदेश की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया. गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान से उन्हें राजनीतिक रूप से कोई धक्का नहीं लगा, बल्कि व्यक्तिगत संबंधों के कारण पीड़ा हुई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और राज्यपाल जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों का सम्मान सभी प्रदेशवासियों को करना चाहिए, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

राकेश कुमार भारद्वाज पाली (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 20 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में जोधपुर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।इतिहास में एमए, विधि (LL.B.)में अध्यनरत, पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त भारद्वाज जी ने अपने करियर की शुरुआत पाली में लॉकल न्यूज चैनल से की इसके बाद उन्होंने दैनिक नवज्योति ,ईटीवी राजस्थान ,जी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं। पाली व जोधपुर में लम्बे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेषकर स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के साथ राजस्थान हाईकोर्ट मुख्यपीठ में पत्रकारिता के लिए जाना जाता है।
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES