ANTF का एक्शन अब सीमा पार, नेपाल में छिपा इनामी तस्कर, ANTF टीम ने रक्सौल बॉर्डर पर दबोचा
Rajasthan ANTF: राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ऑपरेशन 'विषनहस' के तहत छह साल से फरार 75 हजार रुपये के इनामी तस्कर सोहनलाल उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल के काठमांडू में छिपकर राजस्थान में नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था.
Rajasthan Drug Trafficking: राजस्थान में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने छह साल से फरार एक इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी सोहनलाल उर्फ सोनू पर 75 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस के मुताबिक, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल के काठमांडू में छिपकर रह रहा था और वहीं से राजस्थान में नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था. ANTF ने ऑपरेशन 'विषनहस' के तहत उसे बिहार के रक्सौल बॉर्डर पर गिरफ्तार किया.
छह साल से फरार था सोहनलाल
सोहनलाल उर्फ सोनू बालोतरा जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र के भारते की बेरी का निवासी है. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2016 में उसने अवैध शराब की तस्करी से अपराध की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद उसने डोडा चूरा और अफीम की तस्करी शुरू कर दी. धीरे-धीरे उसने अपना नेटवर्क बढ़ाया और दूसरे राज्यों तक मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़ गया वर्ष 2020 में जालोर जिले के चितलवाना थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया. गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कई शहरों में ठिकाने बदले. पुलिस का दावा है कि अक्टूबर 2025 में वह नेपाल चला गया और काठमांडू में रहने लगा.
पंजाब के खरीदार बनकर पहुंची ANTF टीम
ANTF के IG विकास कुमार के अनुसार, आरोपी तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी सीमित रखता था. ऐसे में टीम ने उसके नेटवर्क में सेंध लगाने की रणनीति बनाई. पुलिस के मुताबिक, ANTF के जवानों ने खुद को पंजाब के बड़े मादक पदार्थ खरीदार के रूप में पेश किया. टीम ने भारी मात्रा में माल खरीदने की बात कही. आरोपी के सहयोगियों ने बताया कि बड़ी डील के लिए उनके मुख्य आका से मिलना होगा. इसके बाद टीम को नेपाल में छिपे सोहनलाल तक पहुंचने का रास्ता मिला.
पशुपतिनाथ मंदिर के आसपास रखी निगरानी
पुलिस के अनुसार, आरोपी काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन करने आता था. उसकी पहचान की पुष्टि के लिए टीम ने मंदिर के आसपास निगरानी की. जवानों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग भेष अपनाए. एक जवान माला बेचने वाले और दूसरा तिलक लगाने वाले के रूप में मौजूद रहा. संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित होने के बाद उसे पकड़ने की योजना बनाई गई.
करोड़ों की डील का लालच देकर रक्सौल बुलाया
ANTF टीम ने कथित तौर पर बड़ी डील के बहाने सोहनलाल को भारत-नेपाल सीमा पर बिहार के रक्सौल आने के लिए तैयार किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को एडवांस रकम लेने की उम्मीद थी. जैसे ही वह भारतीय सीमा में पहुंचा, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
भूटान भागने की थी तैयारी
पुलिस का दावा है कि सोहनलाल 10 अक्टूबर 2026 को नेपाल छोड़कर भूटान जाने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया. अब उससे पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क, संपर्कों और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
ANTF के अनुसार, फोर्स अब तक देश-विदेश से 103 फरार इनामी तस्कर अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इस कार्रवाई में शामिल टीमों को मुख्यालय में सम्मानित किए जाने की बात भी कही गई है.