जींस-टीशर्ट पहनकर देखा जच रहा हूं कि नहीं? फिटिंग परफेक्ट आने पर लेकर रफूचक्कर हुए शातिर
Alwar Crime: अलवर के जेल सर्किल स्थित क्रॉस प्वाइंट मॉल की एक कपड़े की दुकान में चोरों ने करीब 25 से 30 हजार रुपए के ब्रांडेड जींस-टीशर्ट चोरी कर लिए. खास बात यह रही कि चोरों ने सामान उठाने से पहले दुकान में कपड़े पहनकर उनकी फिटिंग तक देखी और पसंद आए कपड़े लेकर फरार हो गए. दुकानदार ने शिवाजी पार्क थाना पुलिस को सूचना दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है.
Rajasthan Crime News: अलवर शहर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने व्यापारियों को हैरान कर दिया. जेल सर्किल स्थित क्रॉस प्वाइंट मॉल की ए-12 नंबर कपड़ों की दुकान में घुसे चोरों ने करीब 25 से 30 हजार रुपए के ब्रांडेड जींस और टी-शर्ट चोरी कर लिए. चोरी की सबसे खास बात यह रही कि चोरों ने जल्दबाजी में कपड़े उठाने के बजाय दुकान के अंदर आराम से जींस और टी-शर्ट पहनकर उनकी फिटिंग तक चेक की. इसके बाद जो कपड़े उन्हें पसंद आए, उन्हें लेकर फरार हो गए.
दुकान बंद कर घर गए थे संचालक
दुकान मालिक नितिन अरोड़ा के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे. शनिवार सुबह पड़ोस के दुकानदार ने फोन कर दुकान का ताला टूटे होने की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद नितिन अरोड़ा तुरंत दुकान पहुंचे.
एल्यूमिनियम गेट की कुंडी तोड़कर घुसे
दुकान पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि चोर मुख्य शटर के बाद दूसरी तरफ लगे एल्यूमिनियम गेट की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे. दुकान के अंदर कपड़े और अन्य सामान बिखरा हुआ था. जांच करने पर करीब 25 से 30 हजार रुपए कीमत के ब्रांडेड जींस और टी-शर्ट गायब मिले.
चोरी से पहले कपड़ों की फिटिंग चेक की
इस वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात चोरों का तरीका रहा. दुकानदार के अनुसार, चोरों ने दुकान के अंदर ही कई कपड़े पहनकर देखे. उन्होंने जींस और टी-शर्ट की फिटिंग चेक की और अपनी पसंद के कपड़े अलग किए. इसके बाद इन कपड़ों को लेकर दुकान से फरार हो गए. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने दुकान के अंदर काफी समय बिताया.
पुलिस को दी सूचना, व्यापारियों में नाराजगी
घटना के बाद दुकानदार ने शिवाजी पार्क थाना पुलिस को सूचना दी. दुकानदार और आसपास के व्यापारियों का आरोप है कि सूचना देने के काफी समय बाद तक पुलिस मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंची. इसे लेकर मॉल के व्यापारियों में नाराजगी है. व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है.
CCTV फुटेज से पहचान की कोशिश
फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही जा रही है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी किए गए कपड़ों को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं. वारदात के बाद मॉल के व्यापारियों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.