अलवर कॉलेज में NSUI का हंगामा! गेट बंद कर की नारेबाजी, पुलिस ने छात्रों को पकड़ा
अलवर के राज ऋषि महाविद्यालय में छात्रहित की मांगों को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने छात्र नेता अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया. छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. छात्रों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद लाइब्रेरी में इंटरनेट, जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण, गर्ल्स वॉशरूम और कॉलेज में पुलिस चौकी जैसी मांगें पूरी नहीं हुई.
राजस्थान के अलवर राज ऋषि महाविद्यालय में छात्रहित से जुड़ी मांगों को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. छात्र नेता अभिषेक जायसवाल के नेतृत्व में छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर जोरदार नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ छात्रों को पकड़कर पुलिस की बोलेरो गाड़ी में बैठाया. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बावजूद छात्रों का विरोध जारी रहा. हिरासत में लिए जाने के दौरान भी छात्र अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कहते नजर आए.
छात्र नेता अभिषेक जायसवाल ने आरोप लगाया कि पूर्व में उनके अनशन के दौरान कॉलेज प्रशासन ने सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद अनशन समाप्त करवाया गया. लेकिन डेढ़ से दो महीने बीत जाने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
लाइब्रेरी में इंटरनेट बंद, जर्जर भवन और गर्ल्स वॉशरूम की समस्या से परेशान छात्र
छात्रों का कहना है कि कॉलेज की लाइब्रेरी में पिछले डेढ़ से दो महीने से इंटरनेट सेवा बंद है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई और ऑनलाइन कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा महाविद्यालय के जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण, छात्रों और स्टाफ के बीच चार विद्यार्थियों की मौजूदगी में बैठक कराने के फैसले और गर्ल्स वॉशरूम की उचित व्यवस्था जैसी मांगें भी अब तक पूरी नहीं हुई हैं.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में JDA का 'ऑपरेशन 100 फीट' शुरू: न्यू सांगानेर रोड पर गरज रहा बुलडोजर, 4 टीमें कर रहीं सीधा एक्शन
कॉलेज प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
अभिषेक जायसवाल ने कॉलेज प्रशासन पर विद्यार्थियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रिंसिपल कार्यालय की सफाई पर तो प्राथमिकता दी जाती है, लेकिन विद्यार्थियों के कक्षों और बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा. उन्होंने बताया कि साल 2022 से महाविद्यालय परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की जा रही है, ताकि बाहरी असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकें.
प्रिंसिपल की छुट्टी पर भड़के छात्र नेता
प्रदर्शन के दौरान प्रिंसिपल के अवकाश पर होने की जानकारी मिलने पर भी छात्र नेता ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि प्रिंसिपल के छुट्टी पर होने की बात कहकर छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. अभिषेक जायसवाल ने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर सुनवाई नहीं होगी, कॉलेज का मुख्य गेट बंद रहेगा. साथ ही, जल्द समाधान नहीं होने पर अगली बार प्रिंसिपल के आवास के बाहर धरना देने की चेतावनी भी दी.
Report- Jugal Gandhi