दिवाली पर अलवर में जमीन के लिए खूनी खेल! घर में घुसकर मां-बेटे पर धारदार हथियारों से हमला
अलवर के रेणी थाना क्षेत्र के परवेनी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि परिवार के कुछ लोगों ने घर में घुसकर मां-बेटे पर धारदार हथियारों से हमला किया. हमले में अनिल मीणा और उनकी मां लीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए.
अलवर रेणी थाना क्षेत्र के परवेनी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक ही परिवार के कुछ लोगों ने घर में घुसकर मां-बेटे के साथ मारपीट की और धारदार हथियारों से हमला कर दिया.
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हमले में मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों के सिर में 10-10 टांके आए हैं. वहीं, परिवार के एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है. घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है.
यह भी पढ़ेंः पहले मारपीट, फिर बोलेरो पिकअप से कुचला! युवक की मौत के बाद दहला बिराई गांव
जमीन पर कब्जे की कोशिश के बाद बढ़ा विवाद
पीड़ित अनिल मीणा पुत्र विश्राम मीणा निवासी परवेनी ने बताया कि उनके परिवार में जमीन के हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. आरोप है कि शुरुआत में उन्हें उनके हिस्से की जमीन देने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन बाद में दूसरे पक्ष के लोगों ने बाहरी व्यक्तियों को बुलाकर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर उनके घर में घुसकर हमला कर दिया.
मां-बेटे के सिर में आए 10-10 टांके
अनिल मीणा के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी मां लीला देवी के सिर पर भी वार किया गया। दोनों को उपचार के दौरान सिर में 10-10 टांके लगाने पड़े. पीड़ित ने अपने छोटे भाई मनीष के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है.
यह भी पढ़ेंः दिवाली पर बुझ गया घर का चिराग! ट्रैक्टर सहित कुएं में गिरा 17 साल का युवक, दर्दनाक मौत
पांच लोगों सहित अन्य पर मारपीट और धमकी देने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने विकास मीणा, सुनील मीणा, ब्रजकिशोर मीणा, विशंभर दयाल मीणा और राजाराम मीणा सहित अन्य लोगों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं. अनिल मीणा का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर भी पहुंची, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं.
गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग उनके घर पर बैठकर उन्हें गांव में नहीं रहने देने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जमीन विवाद का उचित समाधान कराने की मांग की है.
Report- Jugal Gandhi