SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

इंजेक्शन लगाने के 1 घंटे बाद मरीज की मौत: बहन बोली- भाई बच जाता पर डॉक्टर के कानों में थे ईयरबड्स

Alwar News: अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में मरीज निर्मल की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया. बहन कंचन ने ड्यूटी डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए. प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा ने जांच कराने की बात कही.

Written By Sandhya Yadav
Published: Sep 25, 2026, 12:21 PM IST | Updated: Sep 25, 2026, 12:24 PM IST
Image Credit: अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में दीवान जी का बाग निवासी निर्मल की अस्पताल में मौत.
Join

Alwar News: अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया. परिजनों ने ड्यूटी डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का कहना है कि मरीज की समय पर निगरानी और उचित उपचार होता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी. वहीं अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है.

तीन दिन से बुखार से पीड़ित था निर्मल
जानकारी के अनुसार दीवान जी का बाग निवासी निर्मल पिछले करीब तीन दिनों से बुखार से पीड़ित था. गुरुवार रात करीब 9 बजे अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे. अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया. परिजनों के मुताबिक अस्पताल में भर्ती होने के बाद निर्मल का उपचार शुरू किया गया. इसके बाद कुछ देर में उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई.

ड्यूटी डॉक्टर पर गंभीर आरोप
मृतक की बहन कंचन ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि जब डॉक्टर मरीज को देखने पहुंचे तो उनके कानों में ईयरबड्स लगे हुए थे. परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज की स्थिति को गंभीरता से नहीं देखा और इंजेक्शन लगाने के बाद वहां से चले गए.

कंचन के मुताबिक डॉक्टर के वहां से जाने के करीब एक घंटे बाद निर्मल की मौत हो गई. इसके बाद परिवार के लोगों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए.

पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं होने का आरोप
मरीज की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्मल की हालत बिगड़ने के दौरान मौके पर पर्याप्त अस्पताल स्टाफ मौजूद नहीं था. परिजनों का यह भी कहना है कि जिस समय मरीज की मौत हुई, उस दौरान भी मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पतालकर्मी अपनी सीट छोड़कर चले गए थे. इसी को लेकर उन्होंने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था और मरीजों की निगरानी को लेकर जवाब मांगा.

जांच और कार्रवाई की मांग
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि मरीज की लगातार निगरानी की जाती और उसकी बिगड़ती हालत को गंभीरता से लेते हुए समय पर उपचार किया जाता तो संभवत: उसकी स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती. परिजनों ने उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए.

अस्पताल प्रशासन ने कही जांच की बात
वहीं, राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा ने कहा कि ड्यूटी डॉक्टर अस्पताल में मौजूद रहता है. उन्होंने कहा कि यदि उपचार में लापरवाही से संबंधित शिकायत सामने आई है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी.

डॉ. शर्मा के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उपचार के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी या नहीं. अस्पताल प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES