App

AICC की नई सूची से दिव्या मदेरणा और संजना जाटव बाहर, राजस्थान कांग्रेस में नए चेहरे

राजस्थान कांग्रेस में राष्ट्रीय संगठन स्तर पर हुए बड़े फेरबदल के बाद प्रदेश की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है. लंबे इंतजार के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की सूची जारी कर दी है. इस फेरबदल में तीन चर्चित चेहरों को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाया गया है. इनमें दिव्या मदेरणा, सांसद संजना जाटव और विजय जांगिड़ शामिल हैं

AICC की नई सूची से दिव्या मदेरणा और संजना जाटव बाहर, राजस्थान कांग्रेस में नए चेहरे
Image Credit: Rajasthan Congress Reshuffle

इस फेरबदल में राजस्थान के तीन पूर्व सह-प्रभारी चिरंजीव राव, ऋतिक मकवाना और पूनम पासवान को हटाया गया है. वहीं, प्रदेश में संगठनात्मक समन्वय और निगरानी के लिए विश्व विजय सिंह, डॉ. पलक वर्मा, मनोज बागड़ी और पोरलक खारते को नए सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. चार नए सह-प्रभारियों की नियुक्ति के साथ राजस्थान कांग्रेस में संगठन संचालन का नया समीकरण तैयार हुआ है.

राजस्थान के लिए चार नए सह-प्रभारी, संगठन पर फोकस
राजस्थान में चार नए सह-प्रभारियों की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब कांग्रेस के सामने प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती, नेताओं के बीच समन्वय और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाने की चुनौती है. विधानसभा चुनाव में अभी करीब दो साल का समय है, लेकिन कांग्रेस की रणनीति को देखते हुए संगठनात्मक तैयारियां अभी से तेज करने के संकेत मिल रहे हैं. नए सह-प्रभारियों के सामने प्रदेश के सभी जिलों में संगठन की स्थिति, नेताओं के बीच तालमेल और जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर काम करने की चुनौती होगी.

राजस्थान से 6 राष्ट्रीय सचिव, चार पुराने चेहरे रिपीट
AICC की नई सूची में राजस्थान से जुड़े छह नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है. इनमें दानिश अबरार को दिल्ली, धीरज गुर्जर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, जगदीश चंद्र जांगिड़ को उत्तर प्रदेश तथा रेहाना रियाज चिश्ती को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं हेम सिंह शेखावत को गुजरात और डूंगर राम गैदर को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है. हेम सिंह शेखावत और डूंगर राम गैदर को पहली बार राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है, जबकि धीरज गुर्जर, दानिश अबरार, जगदीश जांगिड़ और रेहाना रियाज को दोबारा मौका दिया गया है. राजस्थान से नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलना प्रदेश कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है.

aicc reshuffle rajasthan

दिव्या मदेरणा, संजना जाटव और विजय जांगिड़ की छुट्टी
इस फेरबदल में तीन चर्चित चेहरों को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाया गया है. इनमें दिव्या मदेरणा, सांसद संजना जाटव और विजय जांगिड़ शामिल हैं. इन नेताओं को नई सूची में जगह नहीं मिलने के बाद कांग्रेस के राजनीतिक गलियारों में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. खास तौर पर दिव्या मदेरणा और संजना जाटव को हटाए जाने को प्रदेश की राजनीति में संगठनात्मक बदलाव के नजरिए से देखा जा रहा है.

डोटासरा, जूली और गहलोत ने जताया आभार
नए सह-प्रभारियों और राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बधाई दी है. तीनों नेताओं ने पार्टी हाईकमान का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से प्रदेश में कांग्रेस संगठन और मजबूत होगा.

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नए संगठनात्मक चेहरे राजस्थान कांग्रेस में कितना बदलाव ला पाते हैं. नियुक्तियों के बाद प्रदेश कांग्रेस के भीतर समन्वय, गुटबाजी को साधने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार के खिलाफ राजनीतिक अभियान को धार देने की जिम्मेदारी नए सह-प्रभारियों के सामने होगी. आने वाले महीनों में संगठन की गतिविधियां ही बताएंगी कि हाईकमान का यह फेरबदल राजस्थान में कांग्रेस के लिए कितना असरदार साबित होता है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashutosh Sharma

Ashutosh Sharma

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More