App

राजस्थान में नशे के खिलाफ दो जिलों में कार्रवाई, सीकर में MDMA तो बारां में स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान के सीकर में पुलिस ने 98.40 ग्राम MDMA के साथ 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया. वहीं, बारां के छबड़ा में ऑपरेशन नशा विनाश के तहत 11.60 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी पकड़ा गया.

राजस्थान में नशे के खिलाफ दो जिलों में कार्रवाई, सीकर में MDMA तो बारां में स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
Image Credit: Rajasthan Police

राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सीकर और बारां जिले में अलग-अलग कार्रवाई की है. सीकर में शहर कोतवाली पुलिस और DST टीम ने 98.40 ग्राम MDMA के साथ एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं, बारां जिले के छबड़ा में पुलिस ने 11.60 ग्राम स्मैक बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा है. दोनों मामलों में पुलिस अब नशे की सप्लाई और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.

 

सीकर में 98.40 ग्राम MDMA के साथ इनामी तस्कर गिरफ्तार
सीकर शहर कोतवाली पुलिस और DST टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 98.40 ग्राम MDMA बरामद की है. पुलिस ने इस मामले में हरीराम को गिरफ्तार किया है. आरोपी फतेहपुर सदर थाना क्षेत्र के बाठोद गांव का रहने वाला है. कोतवाली थाना अधिकारी सुनील जांगिड़ के अनुसार DST टीम को सूचना मिली थी कि सदर थाने के 4 किलो अफीम के पुराने मामले में 2 हजार रुपए का इनामी वांछित आरोपी सीकर में घूम रहा है. इसके बाद टीम ने उसका पीछा शुरू किया. इसी दौरान आरोपी की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. वह अपनी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को टोचन करवाने के लिए मोटरसाइकिल की व्यवस्था कर रहा था. बाद में गाड़ी मौके पर छोड़कर पैदल शहर की तरफ जाने लगा. इसी दौरान DST टीम ने एक्सीलेंस कॉलेज, सालासर रोड के पास उसे पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से 98.40 ग्राम MDMA बरामद हुई. 

 

कमर्शियल कैटेगरी में आती है MDMA की मात्रा
थानाधिकारी सुनील जांगिड़ ने बताया कि बरामद MDMA की मात्रा कमर्शियल कैटेगरी में आती है. मामले का अनुसंधान उद्योग नगर थाना एसएचओ कर रहे हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

 

छबड़ा में 11.60 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई बारां जिले के छबड़ा में हुई. यहां ऑपरेशन नशा विनाश के तहत थाना पुलिस ने 11.60 ग्राम स्मैक के साथ राजेंद्र उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है. आरोपी खेड़ी का रहने वाला है और फिलहाल तुर्कीपाड़ा, छबड़ा में रह रहा था. सीआई राजेश खटाना पुलिस जाप्ते के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान चाचौड़ा तिराहे से चाचौड़ा पुरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहाड़ी के नीचे एक युवक खड़ा दिखाई दिया. पुलिस वाहन को देखकर वह घबराकर भागने लगा. संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली. इस दौरान उसकी पेंट की जेब से 11.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई. 

 

NDPS एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने आरोपी राजेंद्र उर्फ राजू को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया है. अब पुलिस नशे के इस कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश कर रही है. दोनों जिलों में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस की जांच का फोकस नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और उनसे जुड़े नेटवर्क का पता लगाने पर है. सीकर में MDMA और बारां में स्मैक की बरामदगी के बाद आगे की जांच जारी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashok Singh Shekhawat

Ashok Singh Shekhawat

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More