Jaipur Crime News: जयपुर में 16 वर्षीय नाबालिग से मारपीट के गंभीर आरोपों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मुहाना थाना पुलिस पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि सोने की तस्करी के मामले में पूछताछ के दौरान नाबालिग के साथ थाने में मारपीट की गई. इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अब वह SMS अस्पताल के ICU में वेंटिलेटर पर भर्ती है. परिवार की ओर से उसकी हालत को बेहद गंभीर बताया जा रहा है.
परिवार का क्या आरोप है?
परिजनों के मुताबिक नाबालिग के पिता दुबई में थे और वहां से लौटने के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई. परिवार का आरोप है कि सोने की तस्करी के नाम पर पिता के साथ मारपीट की गई और उनसे पैसे देने का दबाव बनाया गया. इसके बाद 16 वर्षीय बेटे को मंदसौर से जयपुर बुलाया गया और पूछताछ के नाम पर मुहाना थाने ले जाया गया.
परिवार का दावा है कि थाने में नाबालिग के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई. पहले उसे नारायणा अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर बाद में SMS अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह ICU में वेंटिलेटर पर है. परिजनों ने उसकी स्थिति को कोमा जैसी बताई है.
पुलिस ने आरोपों से किया इनकार
वहीं मुहाना थाना पुलिस ने नाबालिग से थाने में मारपीट के आरोपों से इनकार किया है. थानाधिकारी मुकेश खराड़िया के अनुसार, नाबालिग के साथ थाने में मारपीट नहीं हुई. पुलिस का दावा है कि पिता और बेटे के साथ होटल में अन्य लोगों ने मारपीट की थी. पुलिस के मुताबिक होटल में हुई घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी मौजूद हैं.
पुलिस का यह भी कहना है कि पिता ने भीलवाड़ा निवासी मनोज और एक अन्य व्यक्ति से सस्ता सोना दिलाने के नाम पर 22 लाख रुपए लिए थे. पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को हेमा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी.
अब सबसे बड़ा सवाल
पुलिस और परिवार के बयानों में घटनास्थल और मारपीट को लेकर बड़ा विरोधाभास सामने आया है. परिवार थाने में मारपीट का आरोप लगा रहा है, जबकि पुलिस होटल में मारपीट होने की बात कह रही है. ऐसे में जांच का अहम सवाल यही है कि नाबालिग के साथ मारपीट कहां हुई और किसने की? मामले में CCTV फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई से जुड़े तथ्यों की जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकती है.