SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खून से लथपथ थी एयर होस्टेस, पर आरोपी को खरोंच तक नहीं! फिर कैसे हुआ वर्षा का मर्डर, परिवार ने किए चौंकाने वाले खुलासे

एयर लाइंस कंपनी कर्मचारी वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में परिजन पुलिस जांच से खुश नहीं हैं. उनका आरोप है कि नितेश अग्रवाल ने ही पैसो के लिए उसकी हत्या की. जी न्यूज की पड़ताल में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 16, 2026, 22:55 IST | Updated: Nov 16, 2026, 23:07 IST
Image Credit: वर्षा तुरकर की हत्या आखिर किसने की (एआई इमेज)
Join

दिवाली की छुट्टियां मनाने के लिए अपने मायके आई पुणे की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की शनिवार को बर्बर तरीके से हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड के बाद से मध्य प्रदेश में बालाघाट जिले के किन्ही गांव में मातम पसरा हुआ है. परिवार समेत किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि उनकी लाडली बेटी वर्षा अब लौटकर कभी भी घर नहीं आएगी. जी न्यूज के रिपोर्टर प्रमोद शर्मा हत्याकांड की पड़ताल के लिए सोमवार को किन्ही गांव पहुंचे तो उन्हें कई चौंकाने वाली जानकारियां मिलीं.

वारदात के बाद मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस, दोनों मिलकर घटना की जांच कर रही हैं. लेकिन परिवार वाले इस जांच से परिवार वाले खुश नहीं हैं. उन्होंने वर्षा के साथ घूमने गए नितेश अग्रवाल पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पैसों के लिए नितेश ने ही उनकी बेटी को बेरहमी से मारा.

'झूठ बोल रहा है नितेश अग्रवाल, उसी ने की हत्या'

परिवार का कहना है कि नितेश झूठ बोल रहा है. वारदात के बाद जब वर्षा के जीजा उसे घायल अवस्था में अस्पताल लेकर गए तो नितेश ने वहां बताया कि एक्सिडेंट में वह बुरी तरह घायल हो गई. बाद में उसने नई कहानी गढ़ी और दावा किया कि नकाबपोश लुटेरों ने उन पर अटैक किया और पैसों के लिए वर्षा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी.

फैमिली के इन आरोपों को मध्य प्रदेश पुलिस की अभी तक की जांच भी सपोर्ट करती हुई दिख रही है. पुलिस का कहना है कि वर्षा के शरीर पर लगे घाव साफ इशारा कर रहे हैं कि मर्डर करने वाला हत्यारा एक ही व्यक्ति था.

वर्षा तुरकर के साथ क्या हुआ था 14 नवंबर को?

परिजनों का कहना है कि दिवाली की छुट्टियां मनाने मायके आई वर्षा तुरकर 14 नवंबर को गोंदिया के रहने वाले अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ कार से महाराष्ट्र के जंगल बोन्द्ररानी घूमने गई थी. वहीं पर उस पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई. नितेश का कहना है कि नकाबपोश लुटेरों ने लूट के लिए उन पर हमला किया, लेकिन हैरत की बात है कि इस वारदात में नितेश को एक भी चोट नहीं आई.

जी न्यूज के रिपोर्टर प्रमोद शर्मा मामले की पड़ताल करते हुए सोमवार को किन्ही गांव में पहुंचे. वहां पर मृतक वर्षा की छोटी बहिन के पति डॉक्टर अश्विनी पटले ने जो खुलासे किए, वे वो चौकाने वाले थे. अश्विनी ने बताया, '14 नवंबर को शाम 5.33 बजे मेरे पास नितेश का फोन आया कि उसके और वर्षा के ऊपर नकाबपोश हमलावरों ने अटैक किया है. जल्दी आ जाओ.'

'जब मैं साथियों के साथ गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा तो वर्षा खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि नितेश के शरीर पर एक भी घाव या चोट नहीं थी. वर्षा को हम तुरंत खैरलांची अस्पताल लेकर भागे. अस्पताल नजदीक आते ही नितेश ने मुझसे कहा कि अस्पताल में बताना कि वर्षा का एक्सीडेंट हुआ है वरना वे इलाज नहीं करेंगे. मैंने  अस्पताल वालो को यह सच्चाई बताई.'

प्लानिंग के तहत मेरी बहन की हत्या की गई- राजेश तुरकर

वहीं, वर्षा के भाई राजेश तुरकर ने कहा, 'प्लानिंग के तहत मेरी बहन की हत्या की गई है. मेरी बहन को नितेश से पैसे लेने थे. लंबे समय से वो उससे अपने पैसों का तकादा कर रही थी, लेकिन वो पैसे देने से आना-कानी कर रहा था. पैसे डकारने के लिए उसने योजना बनाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया. आज तीन दिन हो गए पुलिस की जांच नहीं दिख रही है. नितेश रसूख वाला है, वो जांच को प्रभावित कर रहा है.'

अपनी लाडली बेटी वर्षा की मौत से टूट चुके उनके पिता घोरन लाल तुरकर भी हताश दिखे. बेटी को याद करके भावुक हो रहे घोरन लाल तुरकर ने कहा कि नितेश बड़ा आदमी है. वो जांच को प्रभावित कर रहा है. मुझे न्याय चाहिए.

घर में वर्षा तुरकर की मां ओर दूसरे परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल है. छोटी बहन, जो मौत वाले दिन वर्षा के साथ दुकान गई थी. उसने भी घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया. उसने बताया, उस दिन नितेश दुकान पर आया और बोला- वर्षा चलो कहीं घूमकर आते है. बाद में उसने जंगल में ले जाकर मेरी बहन की हत्या कर दी. ये लूट का नहीं, हत्या का मामला है. नितेश की नीयत वर्षा को पैसे देने की नहीं थी.

परिवार के लोग चीख-चीखकर मांग रहे न्याय

परिवार के लोग अब चीख-चीखकर न्याय की मांग कर रहे हैं. वहीं, वर्षा की ढाई साल की बेटी अपनी मां की मौत के बाद से गुमसुम है. वर्षा तुरकर ने अंतर-धार्मिक विवाह किया था. उनके पति सफीक सैय्यद ने आरोप लगाया कि नितेश लगातार वर्षा को फोन लगाकर परेशान कर रहा था. वो हमें भी धमकियां दी रहा था.

ये भी पढ़ें- गोवा एयर होस्टेस मर्डर मिस्ट्री: वर्षा तुर्कर हत्याकांड में लूटपाट की कहानी फर्जी! ड्रामा रचने वाला दोस्त अरेस्ट

उन्होंने कहा कि नितेश ने वर्षा से 20 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे वह वापस नहीं लौटाना चाहता था. सफीक ने कहा कि नितेश पैसे वाला आदमी है. वो पैसे के बल पर उन्हें भी फंसा सकता है और राजनीति का इस्तेमाल करके केस को उलझा सकता है.

महाराष्ट्र पुलिस क्यों कर रही मामले की जांच?

फिलहाल, जिस कार में बिठाकर नितेश उस दिन वर्षा को लेकर गया था, वो अब बालाघाट के खैरलांजी थाने में खड़ी है. थाने के जांच अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है. शरीर पर मिली चोटों से साफ है कि हत्यारा एक ही व्यक्ति है. जांच अधिकारी ने यह भी कहा कि नितेश ने यह बात झूठ बोली थी कि उसके साथ लूट हुई, जबकि ऐसा होने का कोई सबूत ही नहीं मिला.

ये भी पढ़ें- पुणे से आई एयर होस्टेस का MP-महाराष्ट्र बॉर्डर पर मर्डर, लूट के लिए नकाबपोशों ने पीठ पर किए 4 वार! दोनों राज्यों में हड़कंप

चूंकि वर्षा तुरकर की हत्या महाराष्ट्र की सीमा में हुई थी, इसलिए कानूनी रूप से मामले की जांच महाराष्ट्र पुलिस कर रही है. महाराष्ट्र के गोंदिया थाना प्रभारी प्रशांत भूते ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच चल रही है. जल्द ही पूरे मामले के ऊपर से पर्दा उठा दिया जाएगा. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES