बोतलबंद पानी कितना सुरक्षित: बिसलेरी विवाद के बीच समझिए फैक्ट्री में कैसे होती है सफाई, जांच और पैकिंग; कहां हो सकती है चूक? जो पड़ सकती है भारी
दुनियाभर में हर मिनट पानी की दस लाख से ज्यादा बोतलें बिकती हैं. हर साल अरबों बोतलें बिक जाती हैं. धरती पर सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला बोतलबंद पानी, वेंडिंग मशीन, सुपरमार्केट से लेकर घरों, दफ्तरों और हवाई अड्डों तक हर जगह मौजूद है. इस बीच बड़ा सवाल ये है कि जिस पानी को लोग जिंदगी का हिस्सा बना चुके हैं, वो वाकई क्या इतना सेफ है, जिसका दावा कंपनियां करती हैं.
भारत में बिसलेरी के कुछ सैंपल्स में गड़बड़ी मिलने के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने का ऐलान किया है. इस आदेश के बाद बोतलबंद पानी की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. आप जिस पानी का इस्तेमाल करते हैं, उसे बनाने में क्या-क्या होता है? तो चलिए Zee मीडिया की इस पड़ताल में आपको बताते हैं कि किसी फैक्ट्री में एक लीटर से लेकर 20 लीटर वाले बोतलबंद पानी कैसे बनता है.
हमारी इस पड़ताल में आप जानेंगे कि पानी का सोर्स यानी वो कहां से आता है, कैसे फिल्टर होता है, प्यूरीफिकेशन के आदर्श मानकों से लेकर डिसइन्फेक्शन और पैकेजिंग तक का पूरा प्रॉसेस. क्योंकि इस निर्माण प्रक्रिया के किसी भी मोर्चे पर हुई जांच, सफाई या क्वालिटी कंट्रोल की चूक उपभोक्ताओं की सेहत बिगाड़ सकती है.
सवाल- क्या है बिसलेरी विवाद?
जवाब- खाद्य सुरक्षा नियामक (FSSAI) ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है. उसके सैंपल में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट था. पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) मिलने के चलते भी वो पीने लायक नहीं था. ब्रोमेट सेहत के लिए सही नहीं. कई संस्थाएं ब्रोमेट को संभावित कैंसरकारी जोखिम से जोड़कर देखती हैं. PAHs भी सेहत के लिए सही नहीं. ये दोनों या कोई तीसरी चीज पानी की निर्माण प्रकिया के दौरान कहां पर एंट्री लेकर पानी को प्रदूषित कर सकता हैं, आइए बताते हैं.
सवाल- बोतलंबद पानी का बेसिक आइडिया क्या था?
जवाब- हेल्थ फैक्टर. हैजा और टाइफाइड जैसी बीमारियों से बचाने के लिए बोतलबंद पानी को मुफीद माना गया. 1941 में अमेरिका ने बोतलबंद पानी के लिए आधिकारिक मानक लागू किए, ताकि पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. 1973 में हल्की प्लास्टिक बोतलों के आने से पैकेज्ड वाटर इंडस्ट्री में बहुत बड़ा बदलाव आया. बड़े पैमाने पर पानी को बोतलों में भरना आसान और सस्ता हुआ.
सवाल- पानी साफ करने का पहला फॉर्मुला क्या था?
जवाब- 20वीं सदी की शुरुआत में सार्वजनिक जल आपूर्ति को साफ करने के लिए क्लोरीन का इस्तेमाल शुरू हुआ. इससे हैजा का प्रकोप रोकने में मदद मिली. तेजी से तरक्की करने वाले शहरों में बोतलबंद पानी का चलन तेजी से आगे बढ़ा.
सवाल- बोलतबंद पानी की लोकप्रियता कैसे बढ़ी?
जवाब- 2000 के दशक में कंपनियों के विज्ञापनों ने बोतलबंद पानी को नल के पानी की तुलना में ज्यादा साफ और सुरक्षित बताकर इसकी बिक्री को और बढ़ाया. इसका जबरदस्त असर भारत में भी दिखाई दिया. बिसलेरी ने भारत में 1965 में पानी बेचना शुरू किया था, तब कांच की बोतल में पानी बिकता था. 1969 में पारले समूह ने बिसलेरी को खरीदा और इसे आम लोगों तक पहुंचाया.
सवाल- फैक्ट्री में आखिर इसे तैयार कैसे किया जाता है?
जवाब- आइए अब इसकी पूरी प्रक्रिया समझते हैं.
पहला काम- हर बोतलबंद पानी की कहानी फैक्ट्री की मशीन शुरू होने से काफी पहले शुरू हो जाती है. सबसे पहला काम होता है पानी का सही स्रोत तलाशना. कंपनियां प्राकृतिक झरनों, जमीन के नीचे मौजूद एक्विफर यानी जलभंडार या यहां तक कि नगर निगम की जल आपूर्ति से भी पानी ले सकती हैं.
दूसरा चरण- सोर्स चाहे कोई भी हो, पानी सुरक्षित और टिकाऊ है या नहीं, ये तय करने के लिए सर्वे और जरूरी मंजूरियां ली जाती हैं.
तीसरा चरण- सोर्स तय होने के बाद पानी को सीधे बोतलों में नहीं भरा जाता. सबसे पहले उसकी जांच होती है. इसमें पानी में मौजूद खनिज, रासायनिक संतुलन और किसी भी तरह के हानिकारक सूक्ष्मजीवों की जांच की जाती है. इन जांचों से ये सुनिश्चित किया जाता है कि पानी फैक्ट्री की प्रक्रिया में प्रवेश करने से पहले तय सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है.
चौथा चरण- इसके बाद पानी को अक्सर बड़े स्टोरेज टैंकों में भेजा जाता है. यहां भारी कण नीचे बैठ जाते हैं. यह चरण पानी की लगातार और स्थिर आपूर्ति बनाए रखने में मदद करता है.
पांचवा चरण- फैक्ट्री के अंदर भी स्वच्छता का खास ध्यान रखा जाता है. सैनिटरी पाइप, स्टरलाइज्ड टैंक और ऐसा लेआउट तैयार किया जाता है जिससे किसी भी स्तर पर पानी दूषित न हो.
छठा चरण- प्यूरीफिकेशन शुरू होने से पहले ही पूरी तैयारी बेहद सावधानी से की जाती है. पानी की स्थिति से लेकर मशीनों और उपकरणों की सफाई तक हर चीज की जांच और रिकॉर्डिंग होती है. यही तैयारी आगे उत्पादन लाइन पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पानी पहुंचाने की नींव बनती है.
सातवां चरण- पानी का शुद्धिकरण
- इस चरण में पानी एक खास शुद्धिकरण प्रणाली से गुजरता है. इसका मकसद पानी से वो चीजों हटाना होता है जो उसमें नहीं होनी चाहिए.
- सबसे पहले मैकेनिकल फिल्ट्रेशन होता है. इसमें रेत, गाद और धूल जैसे कणों को हटाया जाता है. इसे पानी की शुरुआती सफाई समझ सकते हैं, जिसमें बड़े और दिखाई देने वाले अशुद्ध कण बाहर निकल जाते हैं.
- इसके बाद एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर का इस्तेमाल किया जाता है. ये फिल्टर क्लोरीन, जैविक पदार्थ और पानी की अवांछित गंध को सोखने में मदद करते हैं.
- इस प्रक्रिया के बाद पानी काफी साफ हो जाता है और उसमें वह ताजगी आती है जिसकी उम्मीद लोग बोतलबंद पानी से करते हैं.
- कई फैक्ट्रियों में इसके बाद रिवर्स ऑस्मोसिस की प्रक्रिया होती है. इसमें पानी को बेहद महीन झिल्लियों से गुजारा जाता है. ये झिल्लियां घुले हुए लवण, बहुत छोटे कण और कुछ सूक्ष्मजीवों को रोकने में मदद करती हैं.
इससे बेहद शुद्ध पानी मिलता है.
यहां हो सकता है खतरा
- आखिरी चरण में पानी को कीटाणुरहित करने के लिए अल्ट्रावायलेट लाइट या ओजोन का इस्तेमाल किया जाता है. इससे बैक्टीरिया और वायरस को निष्क्रिय किया जाता है.
- कुछ प्लांट बाद में पानी में थोड़ी मात्रा में खनिज भी मिलाते हैं, ताकि उसका स्वाद संतुलित और प्राकृतिक बना रहे.
- शुद्धिकरण की इस लंबी प्रक्रिया का मकसद ये है कि बोतल में भरने तक पानी सुरक्षित, एक समान गुणवत्ता वाला हो.
सवाल- बोतल कैसे तैयार होती है?
जवाब- इसका प्रॉसेस भी लंबा है.
- पानी की एक बूंद भी बोतल में भरने से पहले फैक्ट्री को उन कंटेनरों को तैयार करना पड़ता है जिनमें पानी भरा जाएगा.
- ज्यादातर कंपनियां PET प्लास्टिक का इस्तेमाल करती हैं. इसकी शुरुआत छोटे ठोस प्रीफॉर्म से होती है. ये छोटे टेस्ट ट्यूब जैसे दिखते हैं.
- गर्मी और दबाव की मदद से इन्हें खींचकर फुलाया जाता है और कुछ ही समय में ये पूरी आकार की बोतल में बदल जाते हैं. इस प्रक्रिया को ब्लो मोल्डिंग कहा जाता है.
- इसी तरह प्लास्टिक से बोतल के ढक्कन भी तैयार किए जाते हैं, ताकि वे हर बोतल को मजबूती से बंद कर सकें.
- बोतल और ढक्कन बनने के बाद उन्हें सीधे इस्तेमाल नहीं किया जाता. हर कंटेनर और ढक्कन को साफ और स्टरलाइज किया जाता है, ताकि धूल, गंदगी या किसी तरह के अवशेष न रह जाएं.
- इसके लिए फैक्ट्रियां हाई-प्रेशर एयर, शुद्ध पानी से रिंसिंग और कई जगहों पर UV ट्रीटमेंट जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करती हैं.
- पूरी व्यवस्था इस तरह बनाई जाती है कि वातावरण साफ और नियंत्रित रहे, क्योंकि इस चरण में हुआ कोई भी प्रदूषण तैयार उत्पाद की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है.
- बोतल और ढक्कन इस तैयारी लाइन से निकलने तक पानी भरने के लिए तैयार हो चुके होते हैं.
सवाल- पानी बोतल में कैसे भरता है?
जवाब- आधुनिक फैक्ट्रियों में ऑटोमेटेड उत्पादन लाइनें लगी होती हैं, जो हर घंटे हजारों बोतलों को संभाल सकती हैं.
बोतलें कन्वेयर बेल्ट पर आगे बढ़ती हैं और फिलिंग स्टेशन तक पहुंचती हैं. यहां नियंत्रित परिस्थितियों में शुद्ध पानी बोतलों में भरा जाता है.
मशीनों के आसपास का वातावरण भी नियंत्रित और स्वच्छ रखा जाता है, ताकि बाहर से किसी तरह का संक्रमण पानी तक न पहुंचे.
पानी भरते ही बोतलें सीधे कैपिंग स्टेशन पर पहुंचती हैं. पहले से सैनिटाइज किए गए ढक्कन मशीनों की मदद से तुरंत बोतल पर लगा दिए जाते हैं.
यह चरण बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि बोतल को एयरटाइट तरीके से सील करना जरूरी है. सील में कोई खामी होने पर पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.
इसीलिए फैक्ट्रियां सेंसर और लीकेज डिटेक्शन सिस्टम की मदद से हर बोतल की जांच करती हैं.
मशीनों की पूरी लाइन बेहद तेजी से काम करती है. बोतलें एक तय लय में आगे बढ़ती हैं, उनमें सही मात्रा में पानी भरता है और कुछ ही सेकंड में वे सील हो जाती हैं.
इसके बाद पानी बोतल के अंदर सुरक्षित हो जाता है और वह लेबलिंग व पैकेजिंग के अगले चरण में पहुंचता है.
सवाल- लेबलिंग और पैकेजिंग क्यों होती है?
जवाब- हर बोतल पर ऐसा लेबल लगाया जाता है जिससे ग्राहक को पता चल सके कि वह क्या खरीद रहा है.
लेबल पर ब्रांड का नाम, पानी का सोर्स, पोषण संबंधी जानकारी और डेट ऑफ एक्सपायरी यानी बेस्ट बिफोर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाती हैं.
लेबल केवल जानकारी देने के लिए नहीं होता, बल्कि यह मार्केटिंग का भी अहम हिस्सा है. इसका मकसद स्टोर की भीड़भाड़ वाली शेल्फ पर बोतल को अलग पहचान देना भी होता है.
लेबल लगाने के बाद हर बोतल पर उत्पादन की तारीख, एक्सपायरी डेट और बैच कोड डाला जाता है.
यह कोड बहुत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि इससे कंपनी यह पता लगा सकती है कि पानी कब और कहां तैयार किया गया था.
अगर कभी किसी बैच में कोई समस्या सामने आती है, तो इसी जानकारी के जरिए संबंधित उत्पाद को ट्रैक करके जरूरी कार्रवाई की जा सकती है.
इसके बाद बोतलों को श्रिंक रैप या कार्टन की मदद से समूह में पैक किया जाता है. बाजार की जरूरत के हिसाब से छह, 12 या इससे ज्यादा बोतलों के पैक तैयार किए जाते हैं.
इन पैक्स को पैलेट पर रखा जाता है और परिवहन के दौरान सुरक्षित रखने के लिए अच्छी तरह लपेटा जाता है.
पैकेजिंग का उद्देश्य केवल सामान को आसानी से भेजना नहीं होता, बल्कि स्टोरेज और ट्रांसपोर्ट के दौरान बोतलों को सुरक्षित रखना भी होता है.
इतने लंबे चरण से गुजरने के बाद बोतलबंद पानी की बोतलें चाहे वो 500 ML की हों या 1 लीटर की या फिर 20 लीटर वाले कंटेनर सभी गोदामों, सुपरमार्केट और दुनियाभर की दुकानों तक भेजे जाने के लिए तैयार हो जाती हैं.
ZEE जानकारी
सवाल- बोतलबंद पानी का इतिहास क्या है?
जवाब- बोतलबंद पानी की कहानी सैकड़ों साल पुरानी है.
17वीं सदी में भी लोग प्राकृतिक झरनों से पानी इकट्ठा करके उसे मिट्टी के बर्तनों जैसे साधारण कंटेनरों में भरकर रखते थे. 18वीं सदी तक ब्रिटेन में इंग्लैंड में प्राकृतिक खनिजयुक्त झरनों के पानी को कांच की बोतलों में भरकर बेचा जाने लगा था. 1780 के दशक में स्विट्जरलैंड के जोहान याकोब श्वेपे ने पानी में कार्बन डाइऑक्साइड मिलाने की प्रक्रिया विकसित की.
इससे बोतल में बिकने वाला शुरुआती स्पार्कलिंग वाटर तैयार हुआ.
प्लास्टिक का निर्माण हुआ तो ये पानी प्लास्टिक की बोतलों में बिकने लगा.
प्लास्टिक का अविष्कार होने के बाद इस इंडस्ट्री ने दुनियाभर में अपनी पॉपुलैरिटी की जो रफ्तार पकड़ी, उसे कोई रोक नहीं पाया.
सवाल- क्या आपकी बोतल का पानी चाहे वो किसी भी कंपनी का क्यों न हो, सेफ है?
जवाब- अगर पानी निर्धारित मानकों के तहत बना है तो बिना झिझक आप उसे पी सकते हैं.