SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अमेरिकी रिपोर्ट में चीन-PAK गठजोड़ पर चिंता, ब्रिगेडियर हेमंत महाजन बोले- 'मदद की, लेकिन पाकिस्तान को बचा नहीं पाया चीन'

अमेरिकी रिपोर्ट में पाकिस्तान को दिए गए चीन के विस्तृत सैन्य सहयोग का जिक्र होने के बाद ब्रिगेडियर हेमंत महाजन (रिटायर्ड) ने चीन की तकनीक, हथियारों की ताकत और PAK में उसके निवेश का विश्लेषण करते हुए विस्तार से बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने कैसे चीन-पाकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी के दौरान सामने आई कमजोरियों और नाकामियों की पोल खोल दी.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 22, 2026, 11:25 IST | Updated: Nov 22, 2026, 13:57 IST
Image Credit: (AI)
Join

अमेरिकी कांग्रेस में रखी गई U.S.-China Economic AND Security Review Commission की रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन से मिली सैन्य मदद का जिक्र हुआ है. इस रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर शुरु होने की भूमिका बनने से लेकर सीजफायर तक की चर्चा हुई है. इसमें भारत की सुरक्षा और सैन्य रणनीति के नजरिए से भी सवाल उठाए गए हैं. चीन ने पाकिस्तान को किस तरह की तकनीकी और सैन्य सहायता दी? भारत से सैन्य संघर्ष के दौरान चीनी हथियारों और सैन्य प्रणालियों का प्रदर्शन कैसा रहा और सबसे बड़ा सवाल- क्या अमेरिका, चीन की ऐसी गतिविधियों को भविष्य में रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगा? ऐसे ज्वलंत सवालों के जवाब डिफेंस एक्सपर्ट ब्रिगेडियर हेमंत महाजन (रिटायर्ड) ने एक इंटरव्यू में दिए है.

सवाल- USCC की रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की, इसे किस नजरिए से देखते हैं?

जवाब:  देखिए यह कोई बहुत बड़ा खुलासा नहीं है, लेकिन इसके कुछ पहलुओं को ध्यान से देखने की जरूरत है. पहला- अमेरिका ने इस विषय पर ध्यान देना शुरू कर दिया है. दूसरा, अमेरिका ऐसे संभावित खतरों को रोकने के लिए क्या कर रहा है और तीसरा, असल सच्चाई ये कहती है कि पहलगाम हमले को अंजाम देने के लिए जो आतंकवादी बायसरन घाटी आए थे, उनके पास चीनी GPS था.

सवाल- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन से किस तरह की सैन्य और तकनीकी मदद मिली?

जवाब- चीन ने पाकिस्तान को करीब 20 अरब डॉलर के सैन्य उपकरण भी मुहैया कराए हैं. ऑपरेशन सिंदूर' से पहले पाकिस्तान के जो विमान, जहाज और हथियार बेकार हो चुके थे, उन्हें ठीक करने में चीन ने मदद की और अत्याधुनिक तकनीक भी मुहैया कराई. संक्षेप में कहें तो, चीन ने खुफिया जानकारी, निगरानी, ​​टोह लेने में मदद, मरम्मत, मैकेनिकल सपोर्ट और अन्य भौतिक सहायता दी. यानी युद्ध में सीधे तौर पर शामिल होने के अलावा, चीन ने पाकिस्तान को हर तरह का सैन्य समर्थन दिया. 

सवाल- पहलगाम हमले के आतंकियों के पास चीनी GPS, सैटेलाइट और एन्क्रिप्शन तकनीक होने की बात कही गई है. क्या कहेंगे?

जवाब- चीन की मदद की बात करें तो सबसे पहले आतंकियों को चीनी तकनीक और उपकरणों का इस्तेमाल करते देखा गया. जो आतंकी भारत में घुसे थे, उनके पास चीनी GPS था. वे चीनी सैटेलाइट का इस्तेमाल कर रहे थे और भारतीय सुरक्षा बलों से बचने के लिए चीन की अलग-अलग एन्क्रिप्शन तकनीकों का भी इस्तेमाल कर रहे थे.

राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने कहा था कि पहलगाम में आए आतंकियों को चीन की तरफ से मिली मदद से जुड़ी जानकारी भारत ने चीन से मांगी थी, लेकिन अब तक चीन ने उसका जवाब नहीं दिया है.

दूसरी बात यह है कि ऑपरेशन सिंदूर से पहले चीन ने पांच सैटेलाइट लॉन्च किए थे. इनसे भारतीय सैन्य ठिकानों, हथियार प्रणालियों और दूसरी सैन्य तैयारियों से जुड़ी जानकारी हासिल की गई. इस मुद्दे पर कोई संदेह नहीं है कि चीन ने पाकिस्तान की मदद करने में पूरी जान लगा दी. लेकिन सबसे महत्वपूर्ण सवाल ये है कि क्या इस मदद से पाकिस्तान को वास्तव में कोई बड़ा फायदा हुआ?

सवाल- ऑपरेशन सिंदूर में चीनी हथियार कितने कारगर रहे?

जवाब: भारत ने ऑपरेशन सिंदूर की दूसरी रात जब पाकिस्तान के एयरफील्ड्स पर हमला किया, तब चीनी हथियारों की क्वालिटी की पोल खुल गई. पाकिस्तान के एयरबेसों पर लगा चीन का एयर डिफेंस सिस्टम भारतीय हमलों को रोक नहीं पाया. खासकर नूर खान एयरबेस पर तो पाकिस्तान को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा. 

यहां यह भी समझना जरूरी है कि आत्मनिर्भर भारत के तहत भारत में बनाए गए हथियारों के मुकाबले चीनी हथियारों का प्रदर्शन काफी खराब रहा.

चीनी हथियारों को लेकर ऐसी नाकामी सिर्फ पाकिस्तान में ही नहीं दिखी. वेनेजुएला में भी चीनी हथियारों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है.

सवाल- CPEC और ग्वादर में चीन का निवेश कितना सफल?

जवाब- पाकिस्तान की आर्थिक मदद करने की बात है, तो हर कोई जानता है कि चीन ने दो तरह से मदद की या तो कर्ज देकर या उसके प्रोजेक्ट्स में पैसा लगाकर. खासकर चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर यानी CPEC में करीब 60 से 70 अरब डॉलर का निवेश किया है. चीन पाकिस्तान की मदद करना चाहता है, लेकिन उसका पूरा निवेश भी उसे अपेक्षित फायदा नहीं दे पाया है.

पाकिस्तान में चीन का काफी निवेश बेकार होता जा रहा है. चीन ने ग्वादर बंदरगाह समेत जिस बड़े आर्थिक गलियारे को तैयार किया था, उसका इस्तेमाल उसकी क्षमता के एक छोटे हिस्से के बराबर भी नहीं हो रहा है.

इस लिहाज से पाकिस्तान में चीन का लगाया पैसा डूबता हुआ नजर आ रहा है. पाकिस्तान के संदर्भ में चीन ने जो इतना बड़ा आर्थिक गलियारा बनाया, वह उसके लिए एक ‘व्हाइट एलिफेंट’ यानी ऐसा भारी-भरकम प्रोजेक्ट बन गया है, जिससे अपेक्षित मुनाफा नहीं मिल पा रहा है.

सवाल- क्या अमेरिकी कांग्रेस की ये रिपोर्ट अमेरिका की चीन नीति पर कोई असर डालेगी और अमेरिका चीन को रोक क्यों नहीं पा रहा?

जवाब- हाल ही में ट्रंप चीन दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने चीन और रूस के नेताओं से मुलाकात की. लेकिन उस मुलाकात से क्या निकला? इस पर मैं कहूंगा कि 'जीरो' यानी कुछ भी नहीं, बिल्कुल कुछ भी नहीं. अमेरिका अच्छी तरह जानता है कि चीन उसकी मदद करने वाला नहीं है. अमेरिका यह भी अच्छी तरह जानता है कि ईरान-अमेरिका युद्ध के दौरान चीन उसी तरह की मदद कर रहा है, जैसी उसने पाकिस्तान को दी थी.

अमेरिका को भी पता है कि चीन ताइवान के लिए लगातार मुश्किलें खड़ी कर रहा है. चीन, बार-बार दुनिया को धमकी देता है कि जो भी देश ताइवान की मदद करेगा, वो चीन के हितों के खिलाफ माना जाएगा. इसके बावजूद अमेरिका चीन को रोक पाने में सक्षम नहीं है. दक्षिण चीन सागर में दक्षिण-पूर्व एशिया के लगभग सभी देश चीन को लेकर चिंतित हैं. लेकिन चीन की सैन्य ताकत और आर्थिक प्रभाव के कारण वे भी उसे नियंत्रित करने की स्थिति में नहीं हैं.

चीन-पाक के गठजोड़ पर लगाम नहीं लगी तो आगे भी भारत के लिए एक साथ दो-दो मोर्चों से निपटने की परिष्थितियां पैदा हो सकती है. बीजिंग ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी समर्थन दिया, जिससे भारत की सुरक्षा चुनौती कई स्तरों पर बढ़ गई थीं. (इनपुट: ANI)

USCC रिपोर्ट को पीडीएफ फॉर्मेट में यहां देखें.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES