SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लतीफ भट के एनकाउंटर से क्या घाटी में आतंक हमेशा के लिए खत्म हुआ? जानिए, डिफेंस एक्सपर्ट कर्नल संजीव मलिक ने क्या बताया

जम्मू कश्मीर में आतंकवाद का एक चैप्टर खत्म हो गया है. सुरक्षाबलों की लिस्ट में आखिरी घोषित आतंकी लतीफ भट बुधवार को मारा गया. लेकिन सवाल है कि क्या इससे घाटी में आतंकवाद खत्म हो जाएगा. इस बारे में जी न्यूज ने डिफेंस एक्सपर्ट कर्नल संजीव कुमार मलिक (रिटायर्ड) से बात की.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 18, 2026, 21:21 IST | Updated: Nov 18, 2026, 21:52 IST
Image Credit: आतंकी लतीफ भट के खात्मे पर क्या बोले डिफेंस एक्सपर्ट कर्नल संजीव कुमार मलिक (एआई इमेज)
Join

कश्मीर में बुधवार को कुलगाम हमले के मास्टरमाइंड लतीफ अहमद भट का खात्मा हो गया. वह सुरक्षाबलों की ओर से लिस्टेड घाटी में आखिरी आतंकी था. खबरों में कहा जा रहा है कि लतीफ भट्ट आखिरी स्थानीय आतंकी था, जो घाटी में लगातार टेरर एक्ट में सक्रिय था. हालांकि, सुरक्षाबलों को इस तथ्य पर संदेह है. इसकी वजह ये है कि लतीफ भट्ट का कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं मिला है. माना जा रहा है कि वह पाकिस्तान से आया और लंबे वक्त तक घाटी में स्थानीय लोगों के बीच रहा. जिससे लोगों के उसके स्थानीय होने की गलतफहमी हो गई.

इस एनकाउंटर के बाद सवाल उभर रहा है कि क्या जम्मू कश्मीर में अब आतंकवाद को स्थानीय लोगों का सपोर्ट हमेशा के लिए खत्म हो गया है या फिर इसमें भी कई किंतु-परंतु शामिल हैं. इस बारे में हमने कोर ऑफ इंजीनियर्स के कर्नल संजीव कुमार मलिक, सेना मेडल (रिटायर्ड) से बातचीत की. आइए जानते हैं, उन्होंने इस साहसिक मुठभेड़ और जम्मू कश्मीर में भावी परिदृश्य के बारे में क्या बताया.

सवाल 1.  लतीफ़ भट के मारे जाने के बाद घाटी में क्या वाकई अब कोई भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है या अभी भी कुछ 'हाइब्रिड' या 'अंडरग्राउंड' आतंकी सक्रिय हैं?

जवाब- पिछले कुछ सालों का रिकॉर्ड देखें तो जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में 85 फीसदी की कमी आई है. लेकिन लतीफ भट के मारे जाने से प्रदेश में आतंकवाद खत्म हो जाएगा, यह कहना जल्दबाजी होगी. वहां पर 'हाइब्रिड' या 'अंडरग्राउंड' आतंकी भी सक्रिय हो सकते हैं.

असल में ये दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. इसकी वजह ये है कि वहां के कुछ स्थानीय लोग कब लालच में आकर हाइब्रिड आतंकी बन जाए, कुछ कहा नहीं कहा जा सकता. वहां पर ऐसे आतंकियों के समर्थक भी बड़ी मात्रा में है. ऐसे में इस आतंकवाद से लड़ने के लिए देश को अभी और लंबी लड़ाई लड़नी होगी.

सवाल 2. क्या कश्मीरी युवाओं का आतंकवाद से वाकई मोहभंग हो चुका है? अगर ऐसा है तो क्या इसे युवाओं की सोच में आया स्थायी बदलाव माना जाए या फिर यह सुरक्षाबलों के कड़े दबाव का अस्थायी नतीजा है?

जवाब- यह कहना बिल्कुल गलत होगा कि कश्मीरी युवाओं का आतंकवाद से पूरी तरह मोहभंग हो चुका है. असल में हमने आतंकियों की फंडिंग और हथियारों की सप्लाई रोक दी.  पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में आतंक फैलाने के लिए पूरी एक सप्लाई चेन बना रखी थी, जिसे हमने काफी हद तक ब्रेक कर दिया है. वर्ष 2016 में हुई नोटबंदी से कश्मीर में आतंकवाद को काफी झटका लगा, जिससे वह उबर नहीं पाया. इसके अलावा, एफएटीएफ में पाकिस्तान के खिलाफ सख्ती की. इससे उसके लिए कश्मीर में आतंकवाद के लिए खुलेआम पैसे देना काफी मुश्किल हो गया है.

दूसरी वजह, कश्मीर में आतंकवाद की वजह से वहां के कई परिवार भी तबाह हुए. इससे वहां के लोगों को काफी हद तक यह अहसास होने लगा है कि हिंसा के इस रास्ते पर चलने से सिवाय बर्बादी के कुछ नहीं मिलने वाला. इस सोच ने भी लोगों को आतंकवाद से मुंह मोड़ने में मदद की है.

यही नहीं, सरकार ने भी अपनी ओर से आतंकवाद के खिलाफ कई कठोर कदम उठाए. उसने आतंक परस्त लोगों की सरकारी नौकरियां खत्म की. उनकी संपत्तियां जब्त की गई. आतंकियों को जेल में ठूंसा गया और उनके घरों पर बुल्डोजर चलाया गया. इससे आतंकियों और उनके परिवारों को गहरा झटका लगा. उन्होंने ऐसी कार्रवाई अब तक होते हुए नहीं देखी थी.

सवाल 3. अगर स्थानीय लोग अब बंदूकों से दूर हो रहे हैं, तो इसकी बड़ी वजहें क्या हैं? क्या अनुच्छेद 370 के हटने के बाद बदले माहौल, मुख्यधारा के अवसर या आतंक के रास्ते का कड़वा सच देखकर युवाओं ने यह राह छोड़ी है?

जवाब- यही बात पूरी तरह सही है कि अनुच्छेद 370 के हटने के बाद बदले माहौल ने लोगों की सोच पर गहरा असर डाला. उनके अंदर पहले जो अलगाव का भाव था, वो अब काफी हद तक दूर हो रहा है. इसके साथ ही उन्हें यह भी स्पष्ट हो गया है कि बंदूक के जोर पर या किसी अन्य छल-कपट से जम्मू-कश्मीर को अलग नहीं किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें- 'सरेंडर करोगे, तो बच जाओगे', जवानों ने दिया था अल्टीमेटम; आतंकी लतीफ भट का जवाब- अल्लाह के सिवा कोई नहीं मेरा

भारत ने कुछ महीने पहले जम्मू कश्मीर में जो निष्पक्ष चुनाव करवाए, उसने भी लोगों में भारत और भारतीय लोकतंत्र के प्रति भरोसे का भाव पैदा किया. वहां के स्थानीय लोगों ने आतंक के रास्ते पर गए लोगों और उनके परिवारों की दुर्दशा भी देखी, जिससे भी उनका मन बदला.

सरकार ने प्रदेश के आर्थिक विकास के लिए खुले दिल से अपनी तिजौरी खोल दी. उसने जम्मू कश्मीर में एम्स, आईआईटी जैसे संस्थान खोले. वंदे भारत जैसे ट्रेनें चलाई और नए नेशनल हाईवेज व सुरंगों का जाल फैलाया. लोगों को साफ तौर पर महसूस हुआ कि उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होता और देश के अन्य लोगों की तरह सरकार उनके कल्याण के लिए भी खूब काम कर रही है. उनमें यह अहसास भी गहरा हो रहा है कि अगर उन्होंने अब भी मेनस्ट्रीम में जुड़ने में देर की तो वे तरक्की की राह में काफी पिछड़ जाएंगे.

सवाल 4. सुरक्षाबलों और केंद्र सरकार की कौन-सी रणनीतियां इस बदलाव में गेम-चेंजर साबित हुईं? 'ऑपरेशन ऑल आउट', इंटेलिजेंस नेटवर्क को मजबूत करने, आतंकियों के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने और त्वरित एनकाउंटर नीति का कितना असर रहा?

जवाब- सुरक्षाबलों और केंद्र सरकार की कई ऐसी रणनीतियां रहीं, जिसने धीरे-धीरे पूरा सीन चेंज कर दिया. हमने पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन महादेव चलाकर जंगलों में छिपे आतंकियों का सफाया कर दिया. सुरक्षाबलों के 'ऑपरेशन ऑल आउट' ने घाटी में सक्रिय आतंकियों में दहशत पैदा कर दी. अधिकतर मार दिए या वे पाकिस्तान भाग गए.

ये भी पढ़ें- लश्कर कमांडर लतीफ भट एनकाउंटर में ढेर, कुलगाम में CRPF टीम पर हमले का था मास्टरमाइंड; सरेंडर करने का मिला था मौका

ईडी और एनआईए की कार्रवाई ने भी आतंकी नेटवर्क को घुटने पर लाने में बड़ी मदद की. दोनों एजेंसियों ने आतंकियों के वित्तीय नेटवर्क को काफी हद तक ध्वस्त कर दिया. इससे आतंकवाद में लगे दूसरे लोगों में भी दहशत फैली, जिससे वे इससे दूरी बनाने लगे. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लोकल इंटेलिजेंस, मल्टी-एजेंसी को-ऑर्डिनेशन ने पाकिस्तान परस्त आतंकवाद को काफी हद तक घुटनों पर ला दिया.

सवाल 5. स्थानीय कैडर खत्म होने के बाद क्या पाकिस्तान अब विदेशी आतंकियों की घुसपैठ और बढ़ाएगा? अगर स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक सपोर्ट मिलना बंद हुआ तो सीमा पार बैठे आका अपनी रणनीति में क्या बदलाव करेंगे?

जवाब - हमें इस सवाल को दूसरे तरीके से समझना होगा. जम्मू कश्मीर में आतंकवाद का स्थानीय कैडर खत्म नहीं हुआ है. असल में लिस्टेड आतंकियों की सूची में शामिल सभी आतंकी खत्म हो गए हैं. सरहद पर सख्ती की वजह से अब पाकिस्तान डोडा, किश्तवाड़, राजौरी, पुंछ के ऊंची पहाड़ी इलाकों में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश कर रहा है. इसकी वजह ये है कि ये घने जंगल वाले इलाके हैं और वहां से भारतीय सीमा में घुसना कुछ आसान है.

यही नहीं, पाकिस्तान नए पैंतरे आजमाते हुए अब ड्रोन के जरिए ड्रग्स और हथियारों को भारत के सुनसान इलाकों में ड्रॉप करवा रहा है. जिसे बाद में उसके स्लीपर सेल इकट्ठा कर लेते हैं. वह अब बड़े दस्तों के बजाय छोटे आतंकी समूहों से हमले करवा रहा है. लेकिन भारतीय सुरक्षाबल भी पूरी तरह चौकस हैं और उन्हें हर जगह ढूंढकर चूहे की तरह मार रहे हैं. किसी आतंकी ने अब अगर हमला किया तो वह 2-3 हफ्ते से ज्यादा जिंदा नहीं रह सकता. इस बात को पाकिस्तान और वे आतंकी भी बखूबी जानते हैं. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES